ट्रिपल मर्डर से दहला नागौर… कुल्हाड़ी से मां-पिता और बहन की हत्या, थाने पहुंच बोला-कत्ल करके आया हूं

नागौर। राजस्थान के नागौर में एक कलयुगी बेटे ने अपने मां-बाप और दिव्यांग बहन की हत्या कर दी। आरोपी बेटे ने सोते हुए परिवार पर…

Nagaur family murder case | Sach Bedhadak

नागौर। राजस्थान के नागौर में एक कलयुगी बेटे ने अपने मां-बाप और दिव्यांग बहन की हत्या कर दी। आरोपी बेटे ने सोते हुए परिवार पर कुल्हाड़ी से वार कर मौत के घाट उतार दिया। एक साथ तीन लोगों की हत्या की खबर सुनकर इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही पादुकलां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए पादुकलां जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

थानाधिकारी मानवेन्द्र सिंह ने बताया कि पादूकलां कस्बे में रहने वाले ज्वेलर्स दिलीप सिंह (42), उसकी पत्नी राजेश कंवर (40) और बेटी प्रियंका (15) पर धारदार (कुल्हाड़ी) हथियार से हमला किया गया। रविवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए पादूकलां मोर्चरी में रखवाए हैं। वहीं, हत्यारे मोहित (20) से पूछताछ की जा रही है।

रातभर घर में ही रहा, सुबह पुलिस स्टेशन पहुंचा

पुलिस ने बताया कि आरोपी बेटा शनिवार रात तीनों की हत्या करने के बाद रातभर शवों के साथ ही रहा। रविवार सुबह जब दूधवाला आया तो आरोपी मोहित ने उससे कहा कि आज दूध नहीं लेना है, क्योंकि घरवाले बाहर गए हुए हैं। इसके बाद मोहित घर से बिस्किट खाते-खाते पादूकलां थाने पर पहुंच गया। वहां जाकर उसने पुलिस के सामने सारी घटना बता दी।

पड़ोसियों ने बताया कि आरोपी मोहित साइको प्रवृत्ति का है। उसके पिता दिलीप सिंह के ज्वेलर्स कि शॉप थी। मोहित भी इसी शॉप पर बैठता था। वो अक्सर मोबाइल में बिजी रहता था। ज्यादा किसी से बात नहीं करता था। पुलिस सूत्रों ने बताया कि ये मामला पारिवारिक विवाद का हो सकता है। पुलिस ने हत्या के लिए काम में ली गई कुल्हाड़ी बरामद कर ली है।

परिवार में बुजुर्ग दादी और एक पोती ही बचे हैं। दादी को सुबह जानकारी मिली तो वह बेसुध हो गई। दादी-पोती का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्हें यकीन ही नहीं हो रहा कि मोहित ने इतनी बड़ी वारदात कर दी। महिलाएं भी घर में जुटीं। यही चर्चा है कि अपाहिज बहन पर तो तरस खाता। फिलहाल, हत्या के कारणों का पता नहीं लग पाया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी है कि आखिर किन कारणों से उसने इस वारदात को अंजाम दिया गया है।