सीकर में हवालात में बंद आरोपी ने सुसाइड का किया प्रयास…खुद के नाखूनों से गले और हाथ पर कट लगाए

सीकर। राजस्थान के सीकर में सेठान पुलिस थाने में हवालात में बंद आरोपी ने सुसाइड करने की कोशिश की। युवक ने अपने हाथ के बढ़े…

New Project 2023 12 27T121455.132 | Sach Bedhadak

सीकर। राजस्थान के सीकर में सेठान पुलिस थाने में हवालात में बंद आरोपी ने सुसाइड करने की कोशिश की। युवक ने अपने हाथ के बढ़े हुए नाखूनों से खुद को मारने का प्रयास किया। उसने अपने हाथों के नाखूनों से गला और हाथों पर कट लगा लिए। गनीमत रही कि ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मी ने उसे ऐसा करते हुए देख लिया। जिसके बाद युवक को बचा लिया। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

रामगढ़ सेठान थाने में तैनात महिला कांस्टेबल अनीता ने आरोपी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज करवाई है। महिला कांस्टेबल अनीता ने शिकायत में बताया कि 26 दिसंबर को उसकी ड्यूटी थाने पर संतरी के रूप में थी। महिला कांस्टेबल के ड्यूटी पर आने के बाद उसने हवालात में बंद आरोपी सैफ मोहम्मद को देखा तो वह पूरी तरह से ठीक था। इसके बाद आरोपी सो गया।

कांस्टेबल अनीता ने उसे चाय पानी के लिए पूछा, लेकिन उसने नींद आने की बात कहकर सो गया। सुबह करीब 9 बजे कांस्टेबल अनीता ने चाय और रूटीन कामों के लिए सैफ को आवाज लगाई। काफी बार आवाज लगाने के बाद भी सैफ कुछ नहीं बोला।

इसके बाद कांस्टेबल अनीता हवालात की तरफ गई। उसने देखा कि आरोपी सैफ के दोनों हाथों पर खून लगा हुआ था। इसके बाद पुलिस टीम ने देखा तो सैफ के दोनों हाथों की कलाई और गले पर चोट के निशान थे।

जब पुलिस ने सैफ से कारण पूछा तो उसने बताया कि वह मरना चाहता है, क्योंकि उसके खिलाफ चोरी के 10 से 15 मामले हो चुके हैं। इसलिए उसने अपने बढ़े हुए नाखून से ही यह कट लगाए हैं। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।