पेशी पर आया आरोपी पुलिस को गच्चा देकर भागा, गिरकर हुआ घायल, फर्जी दस्तावेज से जमीन बेचने का है आरोप

अजमेर। राजस्थान के अजमेर के जिला कलक्ट्रेट में उस समय हड़कंप मच गया जब एडीएम सिटी के समक्ष पेश होने के बाद एक आरोपी भाग…

New Project 2023 04 11T195755.519 | Sach Bedhadak

अजमेर। राजस्थान के अजमेर के जिला कलक्ट्रेट में उस समय हड़कंप मच गया जब एडीएम सिटी के समक्ष पेश होने के बाद एक आरोपी भाग छूटा। पुलिसकर्मी भी उसे पकड़ने के लिए पीछे भागने लगे। स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी को पकड़ लिया। लेकिन, आरोपी सड़क पर गिरने से चोटिल हो गया। उसे जेएलएन अस्पताल में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है।

अजमेर के दक्षिण वृताधिकारी सुनिल सिहाग ने बताया कि गंज थाना क्षेत्र में रहने वाले आरोपी अभिनंदन उर्फ राजवीर को शांति भंग के तहत बीती रात गिरफ्तार गया था। उसे एडीएम सिटी के समक्ष पेश किया जा रहा था।

जहां से उसे मुकदमे में गिरफ्तार किया जाना था। इससे पहले ही आरोपी अभिनंदन पुलिस को गच्चा देकर भाग छूटा। कलक्ट्रेट के बाहर ही वह गिर गया। बाद में स्थानीय लोगों की सहायता से उसे पकड़ा गया। आरोपी अभिनंदन के गिरने से चोट भी आई। उसे पुलिसकर्मी लेकर जेएलएन अस्पताल पहुंचे जहां पर उसे उपचार दिया जा रहा है।

डीएसपी सुनिल सिहाग ने कहा कि आरोपी राजवीर को मिर्गी के दौरे भी आते हैं और चिकित्सकों का मानना है कि मिर्गी का दौरा आने से ही उसकी तबीयत बिगड़ी थी। फिलहाल उसका जेएलएन अस्पताल में उपचार चल रहा है। उन्होंने बताया कि आरोपी राजवीर के खिलाफ रामगंज थाने में फर्जी दस्तावेजों से जमीन बेचकर रकम हड़पने का मामला दर्ज है। जिसमें परिवादी चिरंजीलाल है। मामले में की गई जांच में राजवीर के खिलाफ प्रथमदृष्टया आरोप प्रमाणित हो रहे हैं। आरोपी को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

(इनपुट-नवीन वैष्णव)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *