कोटा में दम घुटने से पति-पत्नी की मौत…रात को सिगड़ी पर नॉनवेज चढ़ाकर सो गए दोनों

कोटा। राजस्थान के कोटा में एक पति पत्नी की संदिग्ध मौत हो गई। दोनों पति-पत्नी रात में कमरे में सिगड़ी पर नॉनवेज चढ़ाकर सो गए।…

New Project 2024 01 04T155306.385 | Sach Bedhadak

कोटा। राजस्थान के कोटा में एक पति पत्नी की संदिग्ध मौत हो गई। दोनों पति-पत्नी रात में कमरे में सिगड़ी पर नॉनवेज चढ़ाकर सो गए। रात में दम घुटने से दोनों की मौत हो गई। सुबह बेटा जगाने पहुंचा तो कमरे का गेट बंद मिला। बेटे ने आवाज लगाई तो दोनों ने गेट नहीं खोला।

बेटे ने आसपास के लोगों को बुलाया और खिड़की तोड़कर अंदर देखा तो दोनों मृत हालात में पड़े थे। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों का एमबीएस हॉस्पिटल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों का सौंप दिया है। यह घटना कोटा शहर के किशोरपुरा थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार, मृतक लक्ष्मण (45) मूलरूप से बारां जिले के पलायता का निवासी था। करीब 20 साल से वह कोटा में साजिदेहड़ा इलाके में किराए से रह रहा था। लक्ष्मण वर्तमान में बंजारा कॉलोनी स्थित मैरिज गार्डन में चौकीदारी का काम करता था। उसकी पत्नी चंदा (40) कबाड़ी के गोदाम पर मजदूरी करती थी।

दोनों के दो बेटे व एक बेटी है। लक्ष्मण की रात में ड्यूटी होने के कारण वह मैरिज गार्डन के कमरे में सोने चला गया। पीछे से उसकी पत्नी चंदा भी वहां आ गई। दोनों ने सर्दी से बचाव के लिए कमरे में सिगड़ी जला रखी थी। सिगड़ी पर नॉनवेज भी चढ़ाकर दोनों पति पत्नी सो गए। कमरे में वेंटिलेशन नहीं होने के कारण दम घुटने से दोनों की मौत हो गई। सुबह दोनों मृत हालात में मिले।

मृतक के बेटे राकेश ने बताया कि वो मैरिज गार्डन के पास ही किराए से रहते है। कभी-कभी उसकी मां रात में मैरिज गार्डन में पापा के पास रुक जाती थी। रात को भी उसकी मां पापा को खाना देने गई थी। देर होने के कारण वह वहीं पर जाकर सो गई। सुबह 7 बजे में राकेश वहां गया तो कमरे का गेट बंद मिला। कई बार आवाज देने पर भी दरवाजा नहीं खोला। आसपास के लोगों ने मदद की खिड़की तोड़नी पड़ी। अंदर जाकर देखा तो दोनों मृत मिले।

किशोरपुरा थाने के ASI हरिसिंह ने बताया सुबह करीब 9 बजे सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां मौजूद लोगों ने कमरे के गेट तोड़ रखे थे। पति पत्नी अचेत हालात में मिले। दोनों को हॉस्पिटल लाए, ड्यूटी डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित किया। बेटे ने बताया कि दोनों रात को सिगड़ी जलाकर सोए थे। कमरे में वेंटिलेशन की जगह नहीं थी। डॉक्टर व परिजनों ने सिगड़ी के धुएं से दम घुटने से मौत होना बताया है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के असली कारण सामने आएंगे।