Asian Games 2023: महिला क्रिकेट में Gold जीतकर भारत ने रचा इतिहास…,पदकों की कुल संख्या 11 पहुंची

नई दिल्ली। चीन के हांगझोऊ में हो रहे 19वें एशियन गेम्स के दूसरे दिन भारत ने शानदार प्रदर्शन किया है। एशियन गेम्स-2023 में भारतीय महिला…

Asian Games Medals Tally | Sach Bedhadak

नई दिल्ली। चीन के हांगझोऊ में हो रहे 19वें एशियन गेम्स के दूसरे दिन भारत ने शानदार प्रदर्शन किया है। एशियन गेम्स-2023 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। भारत ने पहली बार गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया है। भारत ने पहला पदक 24 सितंबर को जीता था और उसके बाद से जीत का सिलसिला जारी है। एशियाई खेलों का आगाज होने के बाद पहले दिन भारतीय खिलाड़ियों ने देश को पांच पदक दिलाए। दूसरे दिन शूटिंग टीम ने भारत को पहला और महिला क्रिकेट टीम ने दूसरा स्वर्ण पदक दिलाया। भारत के पदकों की कुल संख्या 11 हो चुकी है।

महिला क्रिकेट टीम ने जीता स्वर्ण…

भारत ने सोमवार को हांग्जो के पिंगफेंग कैम्पस क्रिकेट फील्ड में श्रीलंका को 19 रन से शिकस्त दी। इसी के साथ महिला क्रिकेट में भारतीय टीम ने स्वर्ण पदक जीत लिया है। बता दें कि भारत ने 117 रन का लक्ष्य रखा और जवाब में श्रीलंका ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 97 रन बनाए। श्रीलंका की ओर से सर्वाधिक रन हसिनी परेरा (25) ने बनाए। नीलाक्षी डी सिल्वा ने 23 और ओशादी रणसिंघे ने 19 रन का योगदान दिया।

इन तीनों को छोड़कर अन्य श्रीलंकाई प्लेयर 15 का आंकड़ा भी पार नहीं सकीं। कप्तान चमारी अटापट्टू 12 और अनुष्का संजीवनी 1 रन ही जुटा पाईं। भारत के लिए तितास साधु ने तीन जबकि राजेश्वरी गायकवाड़ ने दो विकेट चटकाए। दीप्ति शर्मा, पूजा वस्त्राकर और देविका वैद्य ने एक-एक शिकार किया।

इससे पहले, भारत ने टॉस जीतने के बाद 7 विकेट गंवाकर 116 रन जुटाए। पहले बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। शेफाली वर्मा 9 के निजी स्कोर पर आउट हुईं। इसके बाद स्मिति मंधाना और जेमिमा रोड्रिग्स ने पारी को संभाला और दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हुई।

मंधाना के रूप में भारत को 89 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा, वह 46 रन पर आउट हुईं। मंधाना के आउट होने के बाद भारतीय टीम बुरी तरह लड़खड़ाई, ऋचा घोष 9, कप्तान हरमनप्रीत कौर 2 और पूजा वस्त्राकर 2 के निजी स्कोर पर आउट हुईं। दूसरे छोर पर बैटिंग कर रही जेमिमा भी अंतिम ओवर में बड़ा शॉट लगाने के प्रयास में 42 के निजी स्कोर पर अपना विकेट गंवाकर पवेलियन लौटीं।

शूटिंग टीम ने तोड़ा विश्व रिकॉर्ड…

इससे पहले एशियाई खेल 2023 में भारतीय शूटिंग टीम ने इतिहास रच दिया है। भारत की 10 मीटर पुरुष राइफल टीम ने 1893.7 अंक हासिल कर विश्व रिकॉर्ड तोड़ा और चीन के 1893.3 अंकों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। चीन ने इसी साल बाकू चैंपियनशिप में यह रिकॉर्ड बनाया था। इसके साथ ही भारतीय टीम ने स्वर्ण पदक भी अपने नाम किया। एशियाई खेल 2023 में यह भारत का पहला स्वर्ण पदक है।

यह खबर भी पढ़ें:- IND vs AUS 2nd ODI : भारत का ऑस्ट्रेलिया को 400 रनों का विशाल लक्ष्य, गिल और अय्यर ने ठोका शतक

भारत के पदकों की कुल संख्या 11 पहुंची…

19वें एशियाई खेलों में भारत के लिए अब तक इन एथलीट्स ने पदक जीते है, आइए इनके बारे में जानते है।

निशानेबाजी, महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम: मेहुली घोष, रमिता और आशी चौकसे की शूटिंग टीम ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में दूसरा स्थान हासिल करने के बाद रजत पदक जीता। उन्होंने 1886 का कुल स्कोर बनाया।

रोइंग मेंस डबल्स स्कल्स: अर्जुन लाल जाट और अरविंद सिंह की जोड़ी ने लाइटवेट पुरुष डबल स्कल्स में 2:6.28 सेकेंड के समय के साथ रजत पदक जीता।

रोइंग, मेंस पेयर: लेख राम और बाबू लाल यादव की जोड़ी ने 6:50.41 के समय के साथ कांस्य पदक जीतकर भारत को तीसरे स्थान पर रहने में मदद की।

रोइंग, मेंस एट: रोइंग में पदक का सिलसिला जारी रखते हुए, भारत ने इस बार पुरुषों की आठ स्पर्धा में एक और रजत पदक जीता।

निशानेबाजी, महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत: महिला टीम स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाली रमिता जिंदल ने 10 मीटर एयर राइफल वर्ग में व्यक्तिगत स्पर्धा में 230.1 के स्कोर के साथ कांस्य पदक जीता।

निशानेबाजी, पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल टीम: दिव्यांश सिंह पंवार, रुद्रांक्ष पाटिल और ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर की तिकड़ी ने 2023 एशियाई खेलों में भारत को अपना पहला स्वर्ण पदक दिलाया। 1893.7 अंकों के स्कोर के साथ, उन्होंने 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में एक टीम के लिए मौजूदा विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया।

यह खबर भी पढ़ें:- Asian Games 2023 : एशियन गेम्स में भारत का शानदार प्रदर्शन, पहले ही दिन जीते पांच पदक

रोइंग, मेंस कॉक्सलेस फोर: जसविंदर सिंह, भीम सिंह, पुनीत और आशीष कुमार की चौकड़ी ने पुरुषों की चार स्पर्धा में छह मिनट 7.6 सेकेंड के समय के साथ तीसरा स्थान हासिल किया और कांस्य जीता।

रोइंग, पुरुष क्वाड्रपल स्कल्स: भारत ने रोइंग में कांस्य पदक जीता। सतनाम, परमिंदर, जाकर और सुखमीत की चौकड़ी फाइनल में 3:6.08 मिनट के समय के साथ तीसरे स्थान पर रही।

पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत: शूटर ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, जिन्होंने दो अन्य लोगों के साथ मिलकर टीम स्पर्धा में भारत को एशियाई खेलों का पहला स्वर्ण पदक दिलाया, उन्होंने पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता।

पुरुषों की 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल टीम: आदर्श सिंह, अनीश भानवाला और विजयवीर सिद्धू की तिकड़ी ने 1718 के कुल स्कोर के साथ भारत को कांस्य पदक दिलाया।

महिला क्रिकेट टीम : भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने फाइनल में श्रीलंका को 19 रन से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। यह पहला मौका था, जब भारतीय टीम ने एशियाई खेलों में भाग लिया। पहले प्रयास में ही टीम इंडिया स्वर्ण पदक जीतने में सफल रही है।