गुजरात सरकार की नौटंकी से नहीं चलेगी राजनीति – सीएम अशोक गहलोत

गुजरात चुनाव को लेकर सीएम अशोक गहलोत इस समय सूरत में हैं। आज वे राहुल गांधी के साथ प्रेस कांफ्रेंस करेंगे। इससे पहले सीएम गहलोत…

गुजरात चुनाव को लेकर सीएम अशोक गहलोत इस समय सूरत में हैं। आज वे राहुल गांधी के साथ प्रेस कांफ्रेंस करेंगे। इससे पहले सीएम गहलोत ने मीडिया से बातचीत की। जिसमें उन्होंने भाजपा और आप पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आप पर भाजपा से सांठगांठ का बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि आप ने गुजरात में भाजपा को जिताने के लिए हजार करोडो़ं का सौदा किया है और गुजरात का चुनावी मैदान छोड़ दिया है।

गहलोत ने कहा कि कोई केजरीवाल से पूछे कि उन्होंने अचानक हिमाचल से प्रचार क्यों वापस ले लिया? उन्होंने वहां सिर्फ उम्मीदवारों का प्रचार किया है। क्या पता वे इसे यहां भी वापस ले लें? क्या वे भाजपा से सांठगांठ कर रहे हैं? उनकी विश्वसनीयता कम हो गई है।

अशोक गहलोत ने कहा कि सूरत में इस बार भाजपा सरकार का जमकर विरोध किया जा रहा है जो पिछली बार नहीं था। अब लोग भड़के हुए हैं। क्योंकि पूरे देश ने कोविड के दौरान गुजरात में कुप्रबंधन देखा। विशेष रूप से उस गुजरात में जो आजादी से पहले भी मजबूत था। अब यहां मोरबी कांड हुआ। इसकी जांच के लिए सरकार ने जो कमेटी बनाई है, कांग्रेस ने उसमें हाईकोर्ट के वर्तमान या सेवानिवृत्त जज को शामिल करने की मांग की थी जिससे निष्पक्ष जांच हो सके। लेकिन सरकार ने उसे अनसुना कर दिया। लेकिन इस मामले का गुजरात हाईकोर्ट ने खुद ही संज्ञान ले लिया है। यहां अवैध शराब से लोगों की मौत हुई है। सरकार की नौटंकी की राजनीति नहीं चलने वाली। इसका नतीजा तो चुनाव में दिखेगा इसमें आपको चौंका देने वाले परिणाम दिखाई देंगे।

बता दें कि आज राहुल गांधी गुजरात में दो रैलियां करेंगे। वे यहां जनता को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद वे राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत के साथ प्रेस कांफ्रेंस भी करेंगे। तो कल 22 नवंबर को भी राजकोट में राहुल गांधी और सीएम अशोक गहलोत साथ में प्रेस कांफ्रेंस करेंगे। इस प्रेंस कांफ्रेंस में वे चुनावों से जुड़ी कई जानकारियां देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *