20 सेकंड तक कांपा मोरक्को…हर तरफ पसरा तबाही का मंजर, 300 से ज्यादा की मौत, कई इमारतें जमींदोज

अफ्रीकी देश मोरोक्को में शुक्रवार रात भूकंप के तेज झटकों से दहल उठा। इस भूकंप से अब तक 300 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है।

Morocco Earthquake

Morocco Earthquake : रबात। अफ्रीकी देश मोरोक्को में शुक्रवार रात भूकंप के तेज झटकों से दहल उठा। इस भूकंप से अब तक 300 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। वहीं, सैकड़ों लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। ऐसे में माना जा रहा है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। बता दें कि मोरोक्को में 120 साल के इतिहास में पहली बार सबसे ताकतवर भूकंप आया है। भूकंप के बाद कुछ लोग सड़कों के बीच में सो रहे हैं। डर के कारण लोग अपने घरों के अंदर नहीं गए और उन्होंने रात सड़क पर बिताने का फैसला किया।

मोरक्को में शुक्रवार देर रात उस वक्त तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए, जब लोग गहरी नींद में सो रहे थे। तभी अचानक 6.8 तीव्रता वाले भूकंप ने मोरक्को में भारी तबाही मचाई। कई इमारतें जमींदोज हो गई है। भूंकप के कारण अब तक 300 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। भूकंप के झटके 20 सेकंड तक महसूस किए गए। अभी भी सैकड़ों लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। फिलहाल, रेस्क्यू टीम मौके पर है और राहत बचाव अभियान जारी है।

पुर्तगाल और अल्जीरिया तक भूकंप के झटके

भूकंप का केंद्र मोरक्को के मराकेश शहर से 71 किलोमीटर दूर एटलस पर्वत के पास इघिल नाम का गांव बताया जा रहा है। भूकंप की गहराई जमीन से 18.5 किलामीटर नीचे थी। पुर्तगाल और अल्जीरिया तक भूकंप के झटके महसूस किए गए। यूएस जियोलॉजिकल सर्वे के मुताबिक, उत्तरी अफ्रीका में भूकंप काफी दुर्लभ है। इससे पहले 1960 में अगादिर के पास 5.8 तीव्रता का भूकंप आया था। तब हजारों लोगों की मौत हो गई।

भूकंप से जुडे़ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

भूकंप की वजह से कई इमारतें ढह गईं हैं। सोशल मीडिया पर भूकंप से जुड़े कई वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिसमें लोग भागते हुए नजर आ रहे हैं। वायरल वीडियो में माराकेश शहर में इमारत गिरते देखा जा सकता है। भूकंप से इमारतें मलबे और धूल में तब्दील हो गईं। यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थल ऐतिहासिक माराकेच में पर्यटकों का ध्यान खींचने वाली लाल दीवारों के कुछ हिस्से भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *