असम की महिला का दिल्ली से किया अपहरण, एक महीने तक बंधक बनाया, फिर झुंझुनूं में 40 हजार में बेचा

असम की महिला का दिल्ली से किया अपहरण, एक महीने तक बंधक बनाया, फिर झुंझुनूं में 40 हजार में बेचा

New Project 2023 09 07T173823.026 | Sach Bedhadak

झुंझुनूं। राजस्थान के झुंझुनूं में एक महिला को बेचने का मामला सामने आया है। असम की रहने वाली महिला (35) को दो व्यक्ति बहला-फुसलाकर सूरजगढ़ ले आए। इसके बाद दो लोगों ने महिला को एक मकान में बंधक बना रखा था। दोनों युवकों ने उसके साथ मारपीट भी की। इसके बाद दोनों युवकों ने महिला को 40 हजार रुपए में बेच दिया। जैसे-तैसे वह वहां से बच-बचाकर भाग निकली। महिला अस्पताल में भर्ती है। फिलहाल, पुलिस ने मामले को लेकर किसी तरह की कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।

दिल्ली में काम करती है महिला…

जानकारी के अनुसार, सूरजगढ़ में एक महिला लावारिस हालत में मिली। महिला ने मीडियाकर्मियों को बताया कि उसे सूरजगढ़ में एक मकान में बंधक बना रखा गया था, जहां से वह अपनी जान बचाकर भाग निकली। महिला ने बताया कि वह असम के होबाईपुर की रहने वाली है और आलोकबाड़ी में एक कंपनी में दवा पैकिंग का काम करती है। पिछले महीने 8 अगस्त को वह रोजाना की तरह ट्रेन में बैठकर आलोकबाड़ी जा रही थी। इसी दौरान ट्रेन में उसे एक व्यक्ति मिला। उसने कहा कि वह उसे छोड़ देगा।

इसके बाद उसे क्या हुआ, पता नहीं, लेकिन जब उसने आंख खोली तो वह दिल्ली में थी। दिल्ली में उसी व्यक्ति के साथ दो और व्यक्ति थे। उन्होंने कुछ दिन दिल्ली में रखने के बाद उसे झुंझुनूं के एक व्यक्ति को 40 हजार रुपए में बेच दिया। दो दिन पहले उसे सूरजगढ़ लाया गया, जहां एक मकान में बंधक बना रखा था। चार दिन पहले महिला से मारपीट की गई।

बंगाली में कर रही है बात…

लोगों ने बताया कि महिला बंगाली भाषा में बोल रही है। किसी के समझ में नहीं आने पर बंगाली जानने वाले युवक तपन सेन को बुलाया गया। उसने महिला की कही गई बात को हिंदी में अनुवाद करके मीडिया को सारी बात बताई।

एएसआई हवासिंह चोपड़ा ने बताया कि महिला को लेकर जानकारी मिली थी। मौके पर जाकर महिला का इलाज करवाया गया। वह यहां की भाषा को नहीं समझती है। उसे बांग्ला के अलावा कुछ नहीं आता। इसलिए दुभाषिया के जरिए उसने कहा है कि वह अपना इलाज कराने के बाद ही रिपोर्ट पेश करेगी। रिपोर्ट मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *