सांसदों की बाइक रैली में दिखा देशभक्ति का जज्बा, राज्यवर्धन बोले-दुनिया में दिख रही ‘तिरंगे’ की ताकत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत राजधानी जयपुर में रविवार को बीजेपी सांसदों की बाइक रैली निकाली गई।

Rajyavardhan Rathore

Har Ghar Tiranga Abhiyan : जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत राजधानी जयपुर में रविवार को बीजेपी सांसदों की बाइक रैली निकाली गई। रैली सुबह 6.30 बजे वैशाली नगर नगर स्थित विजय द्वार से शुरू अमर जवान ज्योति पहुंची। ये तिरंगा रैली सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के नेतृत्व में निकाली गई। इस मौके पर सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि आज दुनिया में तिरंगे की ताकत दिख रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि जब भारत एक विकसित राष्ट्र होगा तो विकास का लाभ प्रत्येक नागरिक तक पहुंचेगा और इस संकल्प के लिए प्रत्येक नागरिक को प्रयास करना है।

सांसद राठौड़ ने कहा कि पीएम मोदी का यही विजन है कि अगले 25 साल का भारत जो हम बनाए, वो हमारे देश के युवाओं पर निर्भर करता है। आज देश में एक जुनून है। खुद को और देश को मजबूत बनाना है। आज तिरंगे की ताकत दुनियाभर में दिखाई दे रही है। चाहे वो यूक्रेन का युद्ध हो या फिर संकट की घड़ी में किसी भी देश से हमारे नागरिकों को बाहर निकालना। हम आज किसी भी देश की मदद करने के लिए सक्षम है।

उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया के अंदर हमारे किसानों की ताकत बढ़ रही है। हमारे देश के डॉक्टर्स दुनियाभर में जाकर लोगों का इलाज कर रहे है। हमारे युवाओं को भारत के अंदर स्वर्णिम भविष्य मिल रहा है। क्योंकि आज दुनिया भारत के अंदर पूंजी निवेश कर रही है। आज जो जुनून सड़कों पर दिखाई दे रहा है, ये हर घर के अंदर लोगों के दिलों में भी है। साथ ही उन्होंने देशवासियों से आह्वान किया कि हम सभी को ऐसा संकल्प लेना चाहिए कि एक दिन नहीं, बल्कि हर रोज हमारे दिल में भारत होना चाहिए।

तिरंगा रैली में बाइक राइडर्स और महिलाओं भी हुई शामिल

सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के नेतृत्व में हर घर तिरंगा अभियान के तहत सुबह तिरंगा रैली निकाली गई। रैली के दौरान लोगों के दिलों में उत्साह देखा गया। बड़ी संख्या में लोग तिरंगा लहराते नजर आए। वहीं, बाइक राइडर्स और महिलाओं ने भी बाइक रैली में भाग लिया। रैली विजय द्वार वैशाली नगर से शुरू होकर अमर जवान ज्योति पहुंची। अमर जवान ज्योति पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और गार्ड ऑफ ऑनर के साथ ही रैली का समापन हुआ। इस दौरान बीएसएफ के लेफ्टिनेंट जनरल अरुण सहित भारतीय सेना, बीएसएफ और सीआरपीएफ अधिकारी व जवान मौजूद रहे।

ये खबर भी पढ़ें:-PM मोदी की रिस्पेक्ट में कमी वाले बयान से भड़की BJP, CM गहलोत पर किया तीखा पलटवार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *