2023 की ये बड़ी घटनाएं…कभी गर्व करने का मौका दिया तो कभी किया शर्मसार, जानें प्रदेश के लिए कैसा ये साल

Year Ender 2023: नया साल ( Happy New Year 2024) के आने में 1 दिन ही बाकी रह गया है। अब आने वाला नया साल…

2023 year news 1 | Sach Bedhadak

Year Ender 2023: नया साल ( Happy New Year 2024) के आने में 1 दिन ही बाकी रह गया है। अब आने वाला नया साल नई उम्मीदें लेकर आएगा। साल 2023 में कुछ घटनाओं ने गर्व करने का मौका दिया है तो कुछ ने शर्मसार भी किया। यहां क्राइम हो या फिर भ्रष्टाचार की इन घटनाओं ने पूरे प्रदेश के साथ सभी को हिलाकर रख दिया। कैलेंडर पर इस साल के कई दिन और तारीख भूले से भी नहीं भुलाए जाएंगे। 2023 कई मायनों में अपनी छाप छोड़कर जा रहा है।

यह वो साल था जब एशियन पैरा गेम्स 2023 में अवनि लेखरा ने राजस्थान का नाम पूरी दुनिया रोशन कर दिया। अवनि लेखरा ने महिलाओं की आर-2 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग एसएच1 श्रेणी में 249.6 अंकों पाकर गोल्ड जीता। बता दें कि अवनि लेखरा ने साल 2015 में निशानेबाजी में अपने करियर की शुरूआत की थी। जिसके बाद अवनि लेखरा ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। अवनि लखेरा ने जब देश के लिए गोडल जीता तो उनकी इस कामयाबी से राजस्थान सहित पूरा देश झूम उठा।

प्रवीना आंजना बनीं ‘मिस इंटरनेशनल इंडिया’

उदयपुर संभाग के प्रतापगढ़ जिले की छोटी सादड़ी तहसील के केसुंदा गांव की रहने वाली प्रवीना आंजना ने ‘मिस इंटरनेशनल इंडिया’ का खिताब जीत कर देश के साथ-साथ प्रदेश का नाम रोशन कर दिया। प्रवीना आंजना गांव की लड़कियों के लिए वह एक मिसाल बनीं। प्रवीना आंजना ने मध्य प्रदेश के नीमच जिले से 12वीं कक्षा की पढ़ाई पूरी की।

वहीं सीकर की रहने वाली प्रियन सेन ने मिस अर्थ इंडिया 2023 का खिताब जीतकर देशभर में राजस्थान का नाम रोशन किया है। प्रियन सेन मिस अर्थ इंडिया 2023 का खिताब जीतने वाली राजस्थान की पहली लड़की है। मिस अर्थ इंडिया 2023 दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में हुआ था। जिसे दीपक अग्रवाल ने ऑर्गनाइज किया था।

घुड़सवार दिव्यकृति सिंह को मिलेगा अर्जुन अवार्ड…

दिव्यकृति सिंह, एक ऐसा नाम जिसने राजस्थान का गौरव बढ़ाया है। दिव्यकृति सिंह (23 वर्ष) ने हांगझाउ एशियन गेम्स 2023 में भारत को गोल्ड मेडल दिलाया। वह भारतीय घुड़सवारी ड्रेसाज टीम की सदस्य रहीं हैं। देश को घुड़सवारी में 41 साल के लंबे अंतराल के बाद यह सम्मान मिला है।

वो घटनाएं जिसने राजस्थान को किया शर्मसार…

जनवरी 2023: साल 2023 की शुरूआत में अजमेर एसीबी ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। अजमेर एसीबी ने 17 जनवरी एक दवा निर्माता से 2 करोड़ रुपए की रिश्वत मांगने के आरोप में एसओजी की एडिश्नल एसपी दिव्या मित्तल को गिरफ्तार किया। मित्तल ने कथित तौर पर दवा जब्ती के एक मामले में निर्माता को झूठा फंसाने और जेल भेजने की धमकी दी थी। प्रकरण की जांच मित्तल के पास ही थी। एसीबी के अनुसंधान में मित्तल की करोड़ों रुपयों की काली कमाई और चल-अचल संपत्ति का खुलासा हुआ।

फरवरी 2023: गाय तस्करी के संदेह में भरतपुर जिले की पहाड़ी थाना क्षेत्र के घाटमीका गांव से दो युवक जुनैद और नासिर का अपहरण किया गया। इसके बाद अगले दिन 16 फरवरी को दोनों के शवों के जले हुए अवशेष हरियाणा के भिवानी में एक एसयूवी से बरामद किए गए। प्रकरण में बजरंग दल के मोनू मानेसर सहित दर्जन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। मोनू मानेसर सहित कई आरोपियों की गिरफ्तार हुई, वहीं अभी भी कई आरोपी पुलिस गिरफ्त से दूर हैं।

अप्रैल 2023: राजस्थान एसओजी ने पेपर लीक प्रकरण में बड़ी कार्रवाई की। 18 अप्रैल को राजस्थान एसओजी ने आरपीएससी सदस्य बाबूलाल कटारा, उनके भतीजे विजय कटारा और ड्राइवर गोपाल सिंह को गिरफ्तार किया। वरिष्ठ शिक्षक भर्ती परीक्षा पेपर लीक करने के आरोप में यह गिरफ्तारी की गई। बाद में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भी मामला दर्ज कर जांच करना शुरू किया।

मई 2023: जयपुर पुलिस ने 19 मई को सचिवालय के योजना भवन में सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के बेसमेंट में एक अलमारी के अंदर एक बैग से 2.31 करोड़ रुपए और 1 किलो सोने की ईंट बरामद की। इस मामले को लेकर तत्कालीन सीएस उषा शर्मा, डीजीपी उमेश मिश्रा, एडीजी क्राइम दिनेश एमएन और जयपुर पुलिस कमिश्नर आनंद श्रीवास्तव को रात को ही प्रेस वार्ता बुलानी पड़ी। इस मामले में सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग (DOIT) के सिस्टम एनालिस्ट जॉइंट डायरेक्टर वेद प्रकाश यादव के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने एफआईआर दर्ज की थी। यादव को विभाग ने सस्पेंड कर दिया था।

मई 2023: पाली जिले के सेंदड़ा इलाके में 26 मई 2023 को दिल दहलाने वाली घटना हुई थी। बुजुर्ग महिला की हत्या कर उसका मांस सिरफिरा युवक खाता रहा। पास से गुजर रहे गांव के चरवाहों ने देखा तो होश उड़ गए। युवक का मुंह खून से सना था। सामने महिला की लाश पड़ी थी। चरवाहों को देख युवक भागने लगा। उसे दौड़ाकर गांव वालों ने पकड़ा और पुलिस के हवाले कर दिया।

जून 2023: बीकानेर में 20 जून को 20 वर्षीय दलित छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म कर हत्या कर दी गई। राजस्थान पुलिस के दो कांस्टेबलों और एक अन्य व्यक्ति पर सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के आरोप लगाए गए। मामले में दोनों कांस्टेबलों को सस्पेंड कर दिया गया।

जुलाई 2023: 12 जुलाई को हथियारों से लैस हमलावरों के एक समूह ने भरतपुर के अमोली टोल प्लाजा पर एक रोडवेज बस पर हमला किया। हमलावरों ने सात पुलिसकर्मियों पर मिर्च पाउडर छिड़का और 28 वर्षीय कुलदीप जघीना की गोली मार कर हत्या कर दी। कुलदीप को जयपुर से पुलिस गार्ड अदालत की सुनवाई के लिए भरतपुर ले जा रहे थे तभी रास्ते में वारदात को अंजाम दिया गया।

अगस्त 2023: 2 अगस्त को राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के कोटरी थाना इलाके में 14 साल की नाबालिग को गैंगरेप के बाद भट्टी में जिंदा जलाने वाला कांड, प्रदेश के सबसे चर्चित भंवरी हत्याकांड जैसा था। उसी केस की तरह नाबालिग बच्ची को गैंगरेप के बाद अचेत हालत में ही भट्‌ठी में झोंक दिया गया था। फिर उसके सबूत मिटाने के लिए अधजले शरीर के टुकड़े कर एक तालाब में फेंक दिए गए थे। इस मामले की तह तक जाने के लिए भीलवाड़ा पुलिस ने भंवरी हत्याकांड की केस की स्टडी की थी।

सितंबर 2023: 2 सितंबर को एक आदिवासी महिला को उसके ससुराल वालों ने नग्न कर प्रतापगढ़ जिले के धरियावद शहर में घुमाया। पीड़ित महिला के साथ मारपीट भी की गई। वहीं वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। जिस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पीड़ित महिला के पति सहित 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

अक्टूबर 2023: जयपुर के परकोटे में 29 सितंबर को गंगापोल में दो बाइक की टक्कर के बाद रोडरेज में लोगों के एक समूह ने जानलेवा हमला कर 18 वर्षीय इकबाल की जान ले ली। जिसके बाद जमकर हंगामा हुआ और गुस्साई भीड़ ने परकोटे का बाजार बंद कर प्रदर्शन किया। पुलिस ने 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया। सरकार द्वारा मुआवजा देने और अन्य मांगे मानने पर मृतक के परिजन राजी हुए।

नवंबर 2023: जयपुर के मालवीय नगर थाना इलाके में दिनदहाड़े 29 नवंबर को एक महिला (23) और उसके पांच व दो साल के दो बेटों की शिव प्रताप तोमर नामक युवक ने गोली मार व गला रेत कर निर्मम हत्या कर दी। पड़ोस में रहने वाले हत्यारे ने छोटी-छोटी बातों पर रोजाना होने वाले झगड़ों से परेशान होकर यह कदम उठाया।
सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद इसका खुलासा हुआ था। वारदात को अंजाम देने से पहले उसने कुछ कपड़े और चाकू खरीदा था। दुकानदार से कहा था- ऐसा चाकू चाहिए, जिससे मांस काटा जा सके।

दिसंबर 2023: जयपुर के श्यामनगर थाना क्षेत्र में 5 दिसंबर को दोपहर करीब 1:12 बजे दो हमलावरों ने श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की घर में घुसकर हत्या कर दी थी। घटना के दौरान गोगामेड़ी के साथ मौजूद गार्ड अजीत सिंह गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस घटना के दौरान हमलावरों ने अपने साथ आए नवीन शेखावत को भी गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। गोगामेड़ी पर गोली चलाने वाले शूटर रोहित सिंह राठौड़ और नितिन फौजी को पुलिस ने चिन्हित किया। वारदात के करीब 4 दिन बाद दिल्ली पुलिस के सहयोग से कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। जिसमें दोनों शूटर्स और उनके सहयोगी शामिल थे।