जीजी से सूबे के मुखिया की मुलाकात, सूरसागर सीट पर तेज हुई हलचल! कांग्रेस किसे देगी मौका?

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने देर रात भाजपा विधायक सुर्यकांता व्यास के घर जाकर मुलाकात की। ये मुलाकात जीजी का भाजपा द्वारा सूरसागर से टिकट कटने के बाद हुई।

image 2023 10 25T102331.457 | Sach Bedhadak

Rajasthan Assembly Election 2023: राजस्थान में 25 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी और कांग्रेस में जोड़तोड़ की कोशिश चरम है। टिकट कटने से नाराज कई नेता खुद की पार्टी को छोड़ दूसरी पार्टी थामने की जुगत में है तो कोई निर्दलीय ही चुनाव लड़ने की फिराक में है। इसी बीच मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने देर रात भाजपा विधायक सुर्यकांता व्यास के घर जाकर मुलाकात की। ये मुलाकात जीजी का भाजपा द्वारा सूरसागर से टिकट कटने के बाद हुई। इस अचानक हुई मुलाकात ने कई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।

सीएम अशोक गहलोत अपने जोधपुर दौरे के दूसरे दिन मंगलवार रात करीब एक बजे भारतीय जनता पार्टी की सूरसागर से वरिष्ठ विधायक सूर्यकांता व्यास से मिलने उनके घर पहुंचे। इस दौरान गहलोत ने सुर्यकांता व्यास जीजी‌ से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया। बता दे कि जीजी सूरसागर से भाजपा की विधायक हैं और अशोक गहलोत सरकार के अच्छे कामों की तारीफ के कारण उनका टिकट भाजपा ने काट दिया और नरेंद्र मोदी के खास गजेन्द्र शेखावत ने जीजी के लिए गलत शब्दों का प्रयोग किया।

क्या कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ेगी व्यास?

बीजेपी विधायक सुर्यकांता व्यास से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की मुलाकात के बाद जोधपुर में सियासी पारा चढ़ा हुआ है और चर्चाओं को बाजार गर्म है। कांग्रेस ने अभी तक सूरसागर विधानसभा सीट से प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। ऐसे में माना जा रहा है कि कांग्रेस ने बीजेपी नेता को इसी क्षेत्र से चुनाव लड़ने का ऑफर दिया है.

क्योंकि बीजेपी ने सुर्यकांता व्यास इस सीट से इस बार टिकट काट दिया है। जानकारों की मानें तो कांग्रेस चाहती है कि इस सीट से सुर्यकांता को चुनावी रण में उतारा जाए, शायद यही वजह है कि गहलोत ने देर रात विधायक व्यास के घर पर जाकर मुलाकात की।

व्यास बोलीं-नहीं छोडूंगी बीजेपी

सीएम गहलोत जब उनसे मिलने पहुंचे तो उन्होंने कहा कि मेरी तारीफ करने पर बीजेपी ने सूर्यकांता का टिकट काट दिया। इस मुद्दे पर दोनों के बीच काफी देर तक बातचीत हुई। साथ ही गहलोत ने उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। इधर, सियासी कयास लगाने जाने लगे तो सूर्यकांता व्यास ने मीडिया को कहा कि बीजेपी मेरी मां है और मां को छोड़कर मैं कहीं नहीं जाने वाली हूं ।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत मिलने जरूर आए। लेकिन, इस दौरान किसी प्रकार की राजनीतिक चर्चा नहीं हुई। बता दें कि अशोक गहलोत और विधायक सूर्यकांता व्यास जीजी भाई और बहन का रिश्ता निभाते हैं।

ये खबर भी पढ़ें:-Chittorgarh: विधायक चंद्रभान सिंह आक्या को मिली जान से मारने की धमकी, चुनाव नहीं लड़ने की नसीहत