कांग्रेस के ये 40 नेता देंगे प्रचार अभियान को धार, गहलोत-पायलट सहित प्रदेश के 19 नेता स्टार प्रचारक

जयपुर। देश में लोकसभा चुनावों की तारीख घोषित होने के साथ- ही चुनावी सरगर्मी तेज हो गई हैं। लोकसभा चुनाव के लिए बीजेपी के बाद…

Rajasthan Congress Star Campaigner List 2024 1 | Sach Bedhadak

जयपुर। देश में लोकसभा चुनावों की तारीख घोषित होने के साथ- ही चुनावी सरगर्मी तेज हो गई हैं। लोकसभा चुनाव के लिए बीजेपी के बाद अब कांग्रेस ने स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर दी है। कांग्रेस ने चुनाव प्रचार के लिए 40 नेताओं को स्टार प्रचारक बनाया है। चुनाव आयोग को भेजी गई प्रचारकों की लिस्ट में आधे नेता राजस्थान के हैं, जबकि आधे केंद्रीय स्तर के नेता हैं। स्टार प्रचारकों में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी, कन्हैया कुमार सहित 21 केंद्रीय नेताओं को शामिल किया गया है।

राजस्थान से जिन 19 नेताओं को स्टार प्रचारक बनाया गया है, उनमें प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व सीएम अशोक गहलोत, राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, सीपी जोशी, मोहन प्रकाश, हेमाराम चौधरी, रघु शर्मा, हरीश चौधरी के साथ विधायकों को भी स्टार प्रचारक की जिम्मेदारी दी है। प्रदेश प्रभारी, सह प्रभारी भी स्टार प्रचारकों में हैं।

कांग्रेस ने इन 40 नेताओं को बनाया स्टार प्रचारक

कांग्रेस ने जिन 40 नेताओं को स्टार प्रचारक बनाया है। उनमें कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, सुखजिंदर सिंह रंधावा, गोविंद सिंह डोटासरा, रजनी पाटिल, टीकाराम जुली, अशोक गहलोत, सचिन पायलट, जितेंद्र सिंह, मोहन प्रकाश, डॉ. सीपी जोशी, भूपेंद्र सिंह हुड्डा, मुकुल वासनिक, सुखविंद्र सिंह ​सुक्खू, रणदीप सिंह सुरेजवाला, प्रमोद तिवारी, हरीश चौधरी, चरणजीत सिंह चन्नी, दीपेंद्र सिंह हुड्डा, हेमाराम चौधरी, इमरान प्रतापगढ़ी, कन्हैया कुमार, पवन खेड़ा, वीरेंद्र सिंह राठौड़, अमृता धवन, नीरज डांगी, धीरज गुर्जर, रघु शर्मा, जिग्नेश मेवाणी, आलोक शर्मा, अल्का लांबा, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास, एनएसयूआई प्रभारी वरूण चौधरी, विधायक अशोक चांदना, हाकम अली, डूंगरराम गेदर, शिमला नायक और रामलाल मीणा को स्टार प्रचारक बनाया है।

विधायकों को जगह देकर सियासी संतुलन बनाने का प्रयास

स्टार प्रचारकों में अलग अलग इलाके के विधायकों को भी शामिल किया है। हिंडोली से विधायक अशोक चांदना, सूरतगढ़ विधायक डूंगरराम गेदर और फतेहपुर से विधायक हाकम अली को स्टार प्रचारकों में शामिल किया गया है। इन विधायकों के जरिए जातीय समीकरणों को बैलेंस करने का प्रयास भी किया है। अशोक चांदना की गिनती हाड़ौती के प्रमुख चेहरों में होती है। वहीं डूंगरराम गेदर, कुमावत समाज के प्रमुख चेहरे हैं। इनका नहरी क्षेत्र में काफी प्रभाव है। वहीं हाकम अली शेखावाटी में कांग्रेस के प्रमुख मुस्लिम चेहरों में हैं।

दूसरे फेज की नामांकन सभाओं में जाएंगे स्टार प्रचारक

प्रदेश में अगले सप्ताह से स्टार प्रचारकों की सभाओं की शुरुआत होगी। अब तक की नामांकन सभाओं में स्टार प्रचारकों की लिस्ट में शामिल बड़े नेता गए हैं। गोविंद सिंह डोटासरा, अशोक गहलोत, सचिन पायलट और टीकाराम जूली अब तक पहले फेज की नामांकन सभाओं में गए हैं। अब दूसरे फेज की नामांकन सभाओं में दूसरे स्टार प्रचारक भी जाएंगे।

6 अप्रैल को जयपुर में सभा, घोषणा पत्र लॉन्च करेंगे कांग्रेस नेता

कांग्रेस की 6 अप्रैल को जयपुर में बड़ी चुनावी सभा की तैयारी है। जयपुर की सभा में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और वरिष्ठ नेता रहेंगे। यह पहली बड़ी चुनाव सभा है, इस सभा में कांग्रेस का चुनावी घोषणा पत्र जारी किया जाएगा। इस सभा के जरिए मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी घोषणा पत्र को लॉन्च करेंगे।

राजस्थान के मैदान में उतरेंगी सोनिया गांधी

बता दें कि लोकसभा चुनावों को लेकर अब सोनिया गांधी सक्रिय होने जा रही है जहां इस बार सोनिया गांधी टिकट फाइनल को लेकर सेंट्रल इलेक्शन कमेटी की हर बैठक में भी दिखाई दी थी। वहीं अब सोनिया गांधी लोकसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस के प्रचार अभियान को धार देंगी।

बता दें कि सोनिया गांधी को हाल में राजस्थान से हाल ही में निर्विरोध राज्यसभा सांसद चुना गया। माना जा रहा है कि कांग्रेस सोनिया गांधी की राजस्थान में कई सभाएं करवा सकती है। इसके अलावा कांग्रेस इस बार कुछ बड़े नेताओं की ही चुनिंदा सभाएं करवाएगी और वहीं प्रचार अभियान में स्थानीय चेहरों को ही आगे रखा जाएगा।

वहीं पीसीसी में आज लोकसभा चुनावों को लेकर मंथन करने के बाद राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने मीडिया से कहा कि सोनिया गांधी राजस्थान से राज्यसभा उम्मीदवार हैं और नामांकन के बाद वह पहली बार जयपुर आ रही हैं जहां से वह कांग्रेस का घोषणापत्र लॉन्च करेंगी। अशोक गहलोत ने बताया कि 6 अप्रैल को सुबह 11 बजे का समय पार्टी ने तय किया है।