‘उल्टा चोर कोतवाल को डांटे’, गहलोत का पीएम मोदी पर निशाना, कहा- OBC कम्यूनिटी की बेइज्जती तो इन्होंने की

अहमदाबाद। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, गुजरात चुनाव के पर्यवेक्षक औऱ राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आज गुजरात के अहमदाबाद में कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस…

image 2023 03 28T183233.040 scaled | Sach Bedhadak

अहमदाबाद। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, गुजरात चुनाव के पर्यवेक्षक औऱ राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आज गुजरात के अहमदाबाद में कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। यहां उनके साथ राजस्थान प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, पूर्व चुनाव प्रभारी रघु शर्मा भी मौजूद रहे। सीएम अशोक गहलोत ने यहां राहुल गांधी की सदस्यता रद्द वाले मामले को लेकर केंद्र सरकार पर तीखे बोलों से हमला किया। उन्होंने कहा कि इस समय देश का जो माहौल है, देश में लोकतंत्र कहां जा रहा है, कहां जाएगा, इसका किसी को कुछ पता नहीं है।

हमारे आंदोलन से इनका माथा ठनकेगा

गहलोत ने कहा कि केंद्रीय एजेंसियां, ईडी, सीबीआई यहां तक कि पुलिस भी अब इनकी ही हो गई है। इन्होंने पूरे देश में कानून की धज्जियां उड़ा दी हैं। इसलिए अब हम चाहते हैं कि हम केंद्र सरकार के खिलाफ एक जन अभियान चलाएं, लोगों को इनकी कारगुजारियों के बारे में बताएं। हमें जनता का साथ मिलेगा तो हम इसमें भी सफल होंगे। तभी इस सरकार का माथा ठनकेगा क्योंकि सरकार का माथा ठनकना बेहद जरूरी है।

मोदी का मुद्दों से कोई सरोकार ही नहीं

गहलोत ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी ने महंगाई का मुद्दा उठाया था, शांति, सद्भावना का ,अहिंसा का मुद्दा उठाया था। देश में महंगाई से सब दुखी हैं सब परेशान हैं लेकिन इनका किसी भी मुद्दे से सरोकार नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस एक भी मुद्दे के बारे में न चिंता की, ना ही सोचा। अब तो यह माहौल हो गया है कि राहुल गांधी जनहित का कोई मुद्दा उठाएं… प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इससे कोई सरोकार ही नहीं है, वे इस पर ध्यान ही नहीं देते।

ओबीसी का अपमान तो इन्होंने खुद किया है

वे आरोप लगाते हैं कि राहुल गांधी ने ओबीसी कम्युनिटी का अपमान किया है। मैं आपको बता दूं कि अपमान तो इन्होंने खुद ओबीसी कम्युनिटी का किया है। यह ओबीसी समाज का खुद को बताते हैं। ओबीसी कम्यूनिटी ने इन्हें प्रधानमंत्री के रूप में चांस दिया है तो इन्होंने अपनी कमेटी के लिए कुछ नहीं किया और अब कुछ भी करके उनकी ही बेइज्जती करा रहे हैं। यहां ओबीसी समाज का अपमान तो खुद भाजपा ने ही किया है और नरेंद्र मोदी ने किया है। यानी यहां तो यह बात हो गई कि उल्टा चोर कोतवाल को डांटे। ये राहुल गांधी को कह रहे हैं कि उन्होंने ओबीसी की बेइज्जती कर दी।

मैं खुद ओबीसी का आदमी हूं, 3 बार का मुख्यमंत्री हूं

सीएम ने कहा कि कांग्रेस ओबीसी समाज का कितना सम्मान करती है, इसका उदाहरण मैं आपको देता हूं कि मैं खुद ही ओबीसी का आदमी हूं। राजस्थान में मेरे समाज का सिर्फ एक ही विधायक है और वह भी खुद मैं ही हूं और मैं 3 बार राजस्थान का मुख्यमंत्री हूं। इससे बड़ा प्रूफ क्या होगा कि कांग्रेस ओबीसी समाज के इज्जत करती है, उनकी बेज्जती नहीं करती। पूरा देश देख रहा है कि मुझ जैसे व्यक्ति पर कांग्रेस ने कितना भरोसा जताया है।

एक महीने तक चलेगा जय भारत सत्याग्रह

अशोक गहलोत ने कहा कि भाजपा और मोदी सरकार के खिलाफ एक महीने तक जय भारत सत्याग्रह का कार्यक्रम चलेगा। इससे देशवासियों को जागृत किया जाएगा, जैसे एक समय पर प्रधानमंत्री रहे वीपी सिंह ने झूठे आरोप लगाकर हमें बदनाम किया था, हमारे खिलाफ आंदोलन चलाया थ। इनकी तो आदत है झूठ बोलकर कैसे माहौल बनाना है।ये इनकी फितरत में है। मैं इनकी बात बता दूं तो यूपी में 404 सीटों में से एक भी सीट इन्होंने मुस्लिम को नहीं दी। तो क्या आपका कोई सम्मान करेगा।

समूचा विपक्ष इस मुद्दे पर एक है

सीएम ने कहा कि इस देश का साहित्यकार और पत्रकार भी डरा हुआ है लेकिन कुछ लोग हैं जो खुलकर अपनी बात बोल रहे हैं। अभी दिल्ली में 19 विपक्षी दलों की बैठक हुई थी। जिन्होंने एक स्वर में कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ केंद्र ने जो भी एक्शन लिया है,वे सभी इसके खिलाफ हैं। यह लोकतंत्र को कमजोर करने का उदाहरण है। उन्होंने कहा है कि वह इसका एकजुट होकर संघर्ष करेंगे। राहुल गांधी तो वैसे भी कहते हैं कि मैं चिंता नहीं करता। मैं चाहे संसद के अंदर रहूं या बाहर रहूं मैं अपनी आवाज उठाता रहूंगा।

कर्नाटक में कांग्रेस की होगी जीत

शरद पवार की ईवीएम पर सवाल उठाने के मामले में अशोक गहलोत ने कहा कि देश में ईवीएम के प्रति एक धारणा तो बन रही है। इस पर भारत सरकार को सोचना चाहिए लेकिन यह क्या ही करेंगे, क्योंकि यह लोग तो फासिस्ट हैं। लोकतंत्र का मुखौटा पहनकर सरकार में आ गए हैं। दुनिया के दूसरे देशों में देखिए कई ने तो अपने आप से यह मशीन हटा दी है। वहीं कर्नाटक चुनाव की तारीखों के ऐलान पर सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि हमारा हाईकमान तय करेगा कि कर्नाटक में किस तरह की रणनीति होनी है। लेकिन मैं इतना कहूंगा कि कर कि कांग्रेस जी तोड़ मेहनत कर रही है। इस बार जीत कांग्रेस की ही होगी और वहां सरकार बनाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *