गणपति विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा, 50 लोगों के सामने 2 युवक पानी में बहे

पाली। राजस्थान के पाली में गणपति विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। रिश्ते में दो भाई तालाब में गहरे पानी में चले गए। गणपति…

pali crime | Sach Bedhadak

पाली। राजस्थान के पाली में गणपति विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। रिश्ते में दो भाई तालाब में गहरे पानी में चले गए। गणपति विसर्जन के दौरान परिजनों सहित 40-50 लोगों के सामने दोनों पानी में डूब गए। तैरना नहीं आने के कारण दोनों की डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।

सीओ जैतारण सीमा चौपड़ा ने बताया कि शनिवार को निमाज कस्बे के खेजडिया बेरे पर स्थापित गणेश भगवान की प्रतिमा को विसर्जन के लिए श्रद्धालु गाजे-बाजे के साथ नागा जी की धूनी स्थित तालाब पर ले गए।

विसर्जन के समय 40-50 लोग थे मौजूद

पूजा-अर्चना के बाद तालाब में गणेशजी की प्रतिमा का विसर्जन किया जा रहा था। विसर्जन के समय करीब 40-50 लोग मौके पर मौजूद थे। इस दौरान महेश (26) पुत्र पारसमल माली, सुरेश (23) पुत्र नोरतमल माली, राजू माली, किशोर माली गहरे पानी में जाने पर डूबने लगे। वहां मौजूद लोगों में कुछ लोग रस्से की सहायता से तालाब में उतरे।

लोगों ने राजू माली और किशोर माली को बचा लिया लेकिन, महेश और सुरेश पानी में डूब गए। काफी देर बाद ग्रामीणों ने दोनों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और हॉस्पिटल ले गए। जहां, डॉक्टर ने जांच के बाद महेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं सुरेश की गंभीर हालत को देखते हुए उसे ब्यावर रेफर किया। बाद में उसकी भी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर उपखंड अधिकारी श्याम सुंदर बिश्नोई, सीओ जैतारण सीमा चौपड़ा एवं तहसीलदार शिवजी राम बावरी मौके पर पहुंचे।

पिता के सामने पानी में डूबा बेटा…

घटना के समय सुरेश माली के पिता नौरतमल माली मौके पर ही थे। लेकिन उनकी आंखों के सामने उनके बेटे की डूबने से मौत हो गई। मौके पर मौजूद ज्यादातार ग्रामीणों को तैरना नहीं आता था। सुरेश हलवाई का काम करता था। वही मृतक महेश कारपेंटर का काम करता था। उसके दो बच्चे हैं।