कांग्रेस सरकार को प्रदेश से उखाड़ फेंकेंगी भाजपा – वासुदेव देवनानी

अजमेर के उत्तर विधायक वासुदेव देवनानी ने कहा कि भाजपा प्रदेश से राज्य़ सरकार को उखाड़ने के लिए कमर कस ली है। आज भाजपा दाहरसेन…

ezgif 4 9c2d0dc373 | Sach Bedhadak

अजमेर के उत्तर विधायक वासुदेव देवनानी ने कहा कि भाजपा प्रदेश से राज्य़ सरकार को उखाड़ने के लिए कमर कस ली है। आज भाजपा दाहरसेन मंडल व दीनदयाल उपाध्याय मंडल की बैठक में वासुदेव देवनानी शामिल हुए थे। वासुदेव देवनानी ने कहा कि प्रदेश में ना तो विधायक न ही मंत्री मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की सुन रहे हैं न ही मान रहे हैं। ना ही अफसर, विधायकों व मंत्रियों की सुन रहे हैं। ऐसे निरीह और असहाय मुख्यमंत्री इससे पहले कभी नहीं देखे गए।

सरकार नाम की कोई चीज नहीं है। इसीलिए अफसरशाही पूरी तरह बेलगाम हो गई है, जिसका खामियाजा आम जनता भुगत रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने ही कर्मों से गर्त में जा रही है, लेकिन उसका पूरी तरह सफाया करने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने कमर कस ली है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सभी विधायक मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की इसी सत्ता की लड़ाई के कारण पूरे प्रदेश में जंगलराज, कुशासन, भ्रष्टाचार और अनाचार बढ़ गया है। कानून-व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो चुकी है।

1 दिसंबर से कांग्रेस सरकार के खिलाफ निकलेगी जन आक्रोश यात्रा

देवनानी ने कहा कि एक दिसंबर से दस दिसंबर तक जन आक्रोश यात्रा निकाली जाएगी। इसका रूट चार्ट जल्द ही तय किया जाएगा। इस यात्रा के दौरान जनसमस्याओं का संकलन किया जाएगा। साथ ही कांग्रेस सरकार की विफलताओं और मोदी सरकार की उपलब्धियों के पत्रक वितरित किए जाएंगे। नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से जनता में कुशासन खत्म करने के लिए अलख जगाई जाएगी। इस यात्रा में कार्यकर्ताओं का समूह साथ चलेगा।

गुजरात चुनाव में करेंगे प्रचार

बता दें कि वासुदेव देवनानी गुजरात में भाजपा का प्रचार करेंगे। वे कल वहां गांधी धाम व कच्छ जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में सघन प्रचार करेंगे। साथ ही राजस्थान के प्रवासियों से मुलाकात कर गुजरात में फिर से भाजपा को प्रचंड बहुमत के साथ जिताने का आह्वान करेंगे। उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों गुजरात में गहलोत ने यह वादा किया था कि यदि गुजरात में कांग्रेस की सरकार बनती है, तो पांच साल में दस लाख युवाओं को रोजगार मुहैया कराया जाएगा।

देवनानी ने कहा कि कांग्रेस को पहले अपने गिरेबां में झांक लेना चाहिए, क्योंकि वे अब तक मात्र एक लाख 20 हजार युवाओं को ही रोजगार उपलब्ध करा सके हैं। देवनानी ने बताया, वे गुजरात के लोगों को यह बताएंगे कि कांग्रेस और उसके नेता सरासर झूठ बोलते हैं और वादाखिलाफी करते हैं। इसलिए कांग्रेस के किसी भी बहकावे में नहीं आकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनाएं, ताकि गुजरात विकास की राह पर आगे बढ़ता रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *