Rajasthan Election 2023: पूरे लवाजमे के साथ तैयार हैं बाराती, लेकिन दूल्हा नदारद

Rajasthan Election 2023: जोधपुर। जोधपुर संभाग में चुनावी माहौल धीरे-धीरे परवान चढ़ रहा है। जिन्हें टिकट मिल चुका है, उन्होंने जनसम्पर्क शुरू कर दिया है, लेकिन जोधपुर शहर सहित जिले में राजनीति का रंग अभी नहीं जमा है।

rajasthan election 2023 2 | Sach Bedhadak

Rajasthan Election 2023: जोधपुर। जोधपुर संभाग में चुनावी माहौल धीरे-धीरे परवान चढ़ रहा है। जिन्हें टिकट मिल चुका है, उन्होंने जनसम्पर्क शुरू कर दिया है, लेकिन जोधपुर शहर सहित जिले में राजनीति का रंग अभी नहीं जमा है। वजह कई सीटों से उम्मीदवारों की घोषणा अटक जाना है। टिकट चाहने वाले दावेदारों के दिल धकधक कर रहे हैं तो कार्यकर्ता बेचैन हैं। जोधपुर और पाली संभाग में कुल 33 विधानसभा सीट हैं।

इनमें से अब तक केवल पांच सीटों पर दोनों पार्टियों के केंडिडेट्स के नाम घोषित हुए हैं। बाकी 28 सीटों में से 9 पर दोनों दलों की तरफ से कोई केंडिडेट अब तक नहीं उतारा गया है। शेष 18 सीटें ऐसी हैं जिनमें से कांग्रेस ने 12 और बीजेपी ने 15 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। इस तरह जहां बाकी 22 सीटों पर कहीं एक तो कहीं दोनों दलों की तरफ से प्रचार के ढोलनगाड़े बज रहे हैं तो 11 सीटों के कार्यकर्ता एक दूसरे का मुंह ताक रहे हैं। माहौल ऐसा है जैसे बाराती तो तैयार हैं पर दूल्हा गायब है।

यह खबर भी पढ़ें:-RLP और आजाद समाज पार्टी का गठबंधन, राजस्थान में 200 सीटों पर हनुमान-रावण मिलकर लड़ेंगे चुनाव

CM के सामने भाजपा प्रत्याशी का इंतजार

जोधपुर शहर की तीन विधानसभा सीटों सहित जिले में और नवसृजित फलोदी जिले की दो सीट मिलाकर कु ल दस सीट हैं। इनमें से कांग्रेस ने चार और बीजेपी ने दो पर उम्मीदवार की घोषणा की है। जोधपुर में आने वाली तीन में से दो सीटों पर कांग्रेस और एक सीट पर बीजेपी ने केंडिडेट का नाम घोषित कर दिया है। सरदारपुरा सीट से सीएम अशोक गहलोत और जोधपुर सीट से मनीषा पंवार कांग्रेस की तरफ से चुनाव मैदान में है। इन दोनों के सामने बीजेपी अभी कोई नाम तय नहीं कर पाई है। कें द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्रसिंह शेखावत इन दोनों में किसी सीट पर चुनाव लड़ेंगे, नहीं लड़ेंगे या जिले की किसी अन्य सीट से उम्मीदवार बनाए जाएं गे जैसे सवाल शहर के राजनीतिक गलियारों में उठ रहे हैं।

बीजेपी ने जोधपुर शहर में आने वाली सूरसागर सीट से वर्तमान विधायक सूर्यकांता व्यास की जगह पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र जोशी को मैदान में उतारा है। लेकिन यहां से कांग्रेस का उम्मीदवार अभी तय नहीं हुआ है। जिले की अन्य सीटों में से कांग्रेस ने लूणी से महेंद्र विश्नोई और ओसियां से दिव्या मदेरणा को फिर से टिकट दिया है। इनके सामने बीजेपी से कौन उम्मीदवार होगा इसे लेकर उत्सुकता बनी हुई है। बिलाड़ा से बीजेपी ने अर्जुन गर्ग को टिकट दिया है। इनके सामने कांग्रेस से कौन मैदान में आएगा यह तय होना है। शेरगढ़, भोपालगढ़ के अलावा नवसृजित फलोदी जिले की फलोदी और लोहावट सीट से भी अभी किसी पार्टी ने उम्मीदवार के नाम की घोषणा नहीं की है।

इन जिलों में कुछ ऐसी है तस्वीर

पाली जिले में छह सीटें हैं। पाली जिले की छह सीटों में से के वल सोजत की तस्वीर साफ हुई है। यहां कांग्रेस ने पूर्व आइएएस निरंजन आर्य को और भाजपा ने वर्तमान विधायक शोभा चौहान को टिकट दिया है। इन के अलावा पाली से ज्ञानचंद पारख, बाली से पुष्पेंद्रसिंह राणावत, सुमेरपुर से जोराराम कु मावत चुनाव लड़ रहे हैं। जबकि कांग्रेस ने आर्य के अलावा मारवाड़ जंक्शन से खुशवीरसिंह को टिकट दिया है। इस जिले में भी पांच विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी माहौल गति नहीं पकड़़ सका है।

जैसलमेर जिले की दो सीटों में से जैसलमेर विधानसभा क्षेत्र से अब तक किसी दल ने उम्मीदवार तय नहीं किया है। पोकरण से भाजपा ने महंत प्रताप पुरी को टिकट दिया है। इनके सामने कौन होगा इसका इंतजार है। बाड़मेर जिले की चार सीटों में शिव और गुड़ा मालानी से दोनों दलों ने उम्मीदवार तय नहीं किए हैं। बाड़मेर से कांग्रेस ने वर्तमान विधायक मेवाराम जैन को ही टिकट दिया है। चोहटन से भाजपा के आदुराम मेघवाल जनसम्पर्क शुरू कर चुके हैं। लेकिन यहां से बीजेपी उम्मीदवार तय नहीं हुआ है।

यह खबर भी पढ़ें:-Rajasthan Election 2023: आम आदमी पार्टी ने राजस्थान में जारी की पहली लिस्ट, 23 प्रत्याशियों की

बालोतरा जिले की तीन सीट में से बायतु सीट पर दोनों मुख्य दलों के उम्मीदवार तय हो चुके हैं। कांग्रेस से हरीश चौधरी के सामने भाजपा के बालाराम मुंढ हैं। पचपदरा से कांग्रेस ने गुरुवार को ही मदन प्रजापत को टिकट दिया है। सिवाना से बीजेपी ने हमीरसिंह भायल को मैदान में उतारा है। यहां कांग्रेस के उम्मीदवार के नाम का इंतजार हो रहा है।

सिरोही जिले की सिरोही सीट से कांग्रेस के संयम लोढ़ा का मुकाबला भाजपा के ओटाराम देवासी से है। भाजपा ने पिंडवाड़ा से समाराम गरासिया और रेवदर से जगसीराम कोली को टिकट दिया है। रेवदर से कांग्रेस ने मोतीराम कोली को उतार दिया है। पिंडवाड़ा से कांग्रेस के उम्मीदवार की घोषणा का इंतजार है। जालोर जिले सांचौर सीट से भाजपा ने पहली लिस्ट में सांसद देवजी पटेल का नाम घोषित कर दिया था। इसके बाद जो हंगामा हुआ उसने पार्टी आलाकमान को सांसत में डाल दिया। पटेल के सामने कांग्रेस ने सुखराम विश्नोई को उम्मीदवार बनाया है जो वर्तमान में मंत्री हैं। इसके अलावा जिले की आहोर, जालोर, भीनमाल और रानीवाड़ा सीट से दोनों दलों ने अब तक उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है।

बढ़ रही बैचेनी

लिस्ट का इंतजार कर रहे टिकट के दावेदारों की हालत तो हर कोई समझ सकता है। अब तक आई दोनों दलों की सूचियों को देखने के बाद पार्टी के अंदरूनी या अन्य एजेंसियों से कराए गए सर्वे से ज्यादा दावेदारों को अब भगवान और अपनी किस्मत पर ही भरोसा रह गया है। दूसरी तरफ कार्यकर्ताओं को ऐसे माहौल में खाली बैठना अखर रहा है।

थर्ड फ्रंट अभी पीछे

थर्ड फ्रंट या अन्य दलों ने भी अभी जोधपुर जिले में किसी सीट से केंडिडेट का नाम तय नहीं किया है। इनमें सबसे प्रमुख राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा) है। पिछले माह रालोपा की ओर से आयोजित सत्ता संकल्प यात्रा को कई इलाकों में व्यापक समर्थन मिला था। फिलहाल रालोपा किसी अन्य दल के साथ गठबंधन की संभावनाएं तलाश रही है।

33 में से 3 पर महिला उम्मीदवार

दोनों संभाग की 33 सीटों में से अब तक घोषित उम्मीदवारों में से के वल तीन महिलाएं हैं। इनमें से कांग्रेस ने दो, जोधपुर से मनीषा पंवार और ओसियां से दिव्या मदेरणा जबकि भाजपा ने पाली जिले की सोजत सीट से शोभा चौहान को उम्मीदवार बनाया है।