खड़गे-गहलोत की मौजूदगी में गुजरात के दिग्गज नेता जयनारायण व्यास ने थामा कांग्रेस का हाथ, भाजपा पर साधा निशाना

गुजरात चुनाव : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और गुजरात चुनाव के पर्यवेक्षक और राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत गुजरात दौरे पर हैं। आज अहमदाबाद स्थित…

image 21 3 | Sach Bedhadak

गुजरात चुनाव : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और गुजरात चुनाव के पर्यवेक्षक और राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत गुजरात दौरे पर हैं। आज अहमदाबाद स्थित पीसीसी कार्यालय में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रेस कांफ्रेंस हुई। इस पीसी में ही गुजरात भाजपा के दिग्गज नेता जयनारायण व्यास अपने बेटे समीर व्यास के साथ कांग्रेस में शामिल हुए। उनका मल्लिकार्जुन खड़गे और अशोक गहलोत ने स्वागत किया। इस दौरान गुजरात प्रभारी और राजस्थान के पूर्व चिकित्सा मंत्री रघु शर्मा भी मौजूद रहे।

4 बार के विधायक हैं जयनारायण व्यास

बता दें कि जयनारायण व्यास गुजरात के सिद्धपुर से 4 बार विधायक रह चुके हैं। उन्होंने 4 नवंबर को ही भाजपा से टिकट न मिलने की नाराजगी के चलते भाजपा से इस्तीफा दे दिया था। कांग्रेस में शामिल होने के बाद उन्होंने कहा कि खड़गे और अशोक गहलोत ने मेरा स्वागत कांग्रेस में किया है। गुजरात में आज जितनी योजनाएं चल रही है उन सभी की प्लानिंग 1916 के पहले की है। जिनका आज पूरे गुजरात में ढिंढोरा पीटा जा रहा है। मुझे भाजपा के किसी सदस्य से कोई गिला-शिकवा नहीं है। लेकिन 32 साल आप जिस घर में रहे उसे छोड़ने पर दुख तो होता ही है। लेकिन मैं देख रहा हूं कि वहां पर एक बरगद का पेड़ खड़ा है औऱ बाकी की सारी शाखाएं उससे जाकर चिपक जा रही हैं, उसी के सहारे खड़ी हो रही हैं।

उन्होंने कहा कि इस तरह से अगर गुजरात में राजनीति चल रही है तो इस राज्य का भविष्य खतरे में हैं। मैं यहां से निकलने की सोच ही रहा था कि तभी राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा शुरू हो गई। मैंने देखा कि राहुल गांधी कुछ अलग कर रहे हैं और नया कर रहे हैं, और मैं यह भी कहता हूं कि आज राहुल गांधी देश के एक स्थापित नेता बन चुके हैं। इसलिए मैं कांग्रेस में शामिल हुआ हूं क्योंकि मैं गुजरात को एक अलग नजर से देखना चाहता हूं।

खड़गे ने कहा- हमें किसी से सीखने की जरूरत नहीं

प्रेस कांफ्रेंस में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि गुजरात में इस बार कांग्रेस ही जीतेगी। जीतने पर वो सारे वादे पूरे किए जाएंगे, जो कांग्रेस ने अपने जन घोषणा पत्र में की है। ये जनता की सरकार है यह आपकी सरकार है। अमित शाह के बयानों पर खड़गे ने कहा कि वो लोग सिर्फ ध्रुवीकरण की बात करते हैं। पहले दंगे होते थे अब नहीं हो रहे हैं, तो आप लोग ही देख लीजिए और हमें आप अपराधियों की लिस्ट बनाकर दे दो। हम कार्रवाई कर देंगे। नरेंद्र मोदी के सर्जिकल स्ट्राइक का जिक्र करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह प्रदेश का चुनाव है कोई संसद का चुनाव नहीं है। यहां विदेश नीति की बात नहीं चलने वाली। इसे राज्य का चुनाव ही रहने दीजिए। राज्य की परेशानी यहां की समस्याओं पर वे बात क्यों नहीं करते। मुद्दे से भटकाना तो उनकी आदत में हैं। वोटों के लिए समाज के बंटवारा एक तरह से वो हमें उकसा रहे हैं समाज को भड़का रहे हैं।

फ्री की रेवड़ी हम नहीं भाजपा बांट रही है

खड़गे ने कहा कि आतंक के खिलाफ लड़ने  का काम हमने किया है। देश में शांति के लिए हमने अपने नेताओं की कुर्बानी दी। इंदिरा गांधी, राजीव गांधी ने अपनी जान तक दे दी। भाजपा में कौन सा ऐसे नेता है जिसने देश की आजादी की लड़ाई में भी भाग लिया हो। तो हमें वे देशभक्ति का पाठ न पढ़ाएं। घोषणापत्र में फ्री की योजनाएं के सवाल पर उन्होंने कहा कि ये कोई रेवड़ी कल्चर नहीं है हम नरेगा लेकर आए, हमने 72 हजार करोड़ किसानों का कर्जा माफ किया। ये किसी से सीखकर नहीं किया। ऐसे काम हम करते रहेंगे। तो उनसे कहिए कि सीखने की जरूरत हमें नहीं आपको हैं। फ्री की रेवड़ी बांटना उनका काम है, हमारा नहीं। हम तो जनभावना और जनहित, लोगों की समस्याओं पर अपनी योजनाएं लेकर आते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *