भरतपुर में दर्दनाक हादसा, ट्रैक्टर ट्रॉली डिवाइडर को तोड़कर कार से टकराई, 2 लोगों की मौत, 8 घायल

भरतपुर। राजस्थान के भरतपुर में गुरुवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। मजदूरों से भरी एक ट्रैक्टर ट्रॉली जयपुर-आगरा हाईवे पर अनियंत्रित होकर डिवाइडर को…

New Project 2023 06 15T151934.290 | Sach Bedhadak

भरतपुर। राजस्थान के भरतपुर में गुरुवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। मजदूरों से भरी एक ट्रैक्टर ट्रॉली जयपुर-आगरा हाईवे पर अनियंत्रित होकर डिवाइडर को तोड़कर दूसरी तरफ से आ रही कार से जा टकराई। टक्कर के बाद ट्रैक्टर ट्रॉली का पहिया निकल गया और सड़क पर ट्रॉली पलट गई।

ट्रॉली पलटने से एक महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई और 8 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर जाम लग गया और लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से सभी घायलों को आरबीएम अस्पताल में भिजवाया। वहीं मृतकों के शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। यह हादसा भरतपुर के शीशम तिराहे पर गुरुवार सुबह करीब 10 बजे हुआ।

जानकारी के अनुसार, भरतपुर के सेवर के निवासी 8 लोग ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार होकर मजदूरी करने के लिए चिकसाना जा रहे थे। ट्रॉली में 4 महिला और 4 पुरूष मजदूर सवार थे। ट्रॉली बजरी और ईंट से भरी हुई थी। इसी दौरान आगरा-जयपुर हाईवे पर शीशम तिराहे के पास किसी वाहन को बचाने के चक्कर में ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित हो गई।

इसके बाद ट्रैक्टर ट्रॉली डिवाइडर पार कर एक कार से जा टकराई। टक्कर के बाद ट्रॉली का पहिया डिवाइडर से टकराकर निकल गया और फिर ट्रॉली पलट गई। हादसे के बाद मजदूरों की ट्रॉली पलटने से मौके पर चीख पुकार मच गई।

राहगीरों ने हादसे को देखा तो वह रुक गए और ट्रॉली के नीचे से मजदूरों को निकाला। स्थानीय लोगों ने सेवर थाना पुलिस को भी घटना की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने राजकुमार (50) और जानकी (17) को मृत घोषित कर दिया। वहीं कार में बैठे सतेंद्र सोनी और पूजा सोनी को घायल हैं। ट्रॉली में बैठे पूजा, मिनेश, शीतल, शायर, अरवीन और सौरभ घायल हैं। सभी घायलों को आरबीएम अस्पताल में भर्ती किया गया है। पुलिस ने मृतकों का आरबीएम अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिए है।

रोड निर्माण कार्य के लिए जा रहे थे सभी मजदूर…

बताया जा रहा है कि चिकसाना क्षेत्र में सीसी रोड निर्माण के कार्य के लिए ये सभी मजदूर ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार होकर जा रहे थे। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवा कर हाइवे पर यातायात को सुगम करवाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *