राजस्थान में फिर बदला मौसम का मिजाज… जयपुर-जोधपुर में हुई बारिश, बादल छाने से उछला पारा

प्रदेश में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहे हैं। मौसम विभाग की माने तो प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर शुरू हो गया है।

rain | Sach Bedhadak

Rajasthan Weather Update : जयपुर। प्रदेश में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहे हैं। मौसम विभाग की माने तो प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर शुरू हो गया है। शनिवार सुबह जयपुर व जोधपुर के कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। बादल छाए रहने से न्यूनतम तापमान में 8 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी देखी गई। राजधानी जयपुर में शनिवार को पारे में बढ़ोतरी देखी गई। यहां न्यूनतम पारा 13.7 रहा, जो शुक्रवार के मुकाबले 4 डिग्री ज्यादा रहा।

राजधानी जयपुर के सांगानेर, वाटिका, शिवदासपुरा, चंदलाई, अजमेर रोड के एरिया पर सुबह बादल छाने के साथ हल्की बारिश हुई। सुबह सूरज चढ़ने के बाद मौसम साफ हुआ। 9 बजे बाद कुछ एरिया में हल्की गुनगुनी धूप निकली। उधर, शनिवार को उत्तरी राजस्थान के कई शहर घने कोहरे की चपेट में रहे।

गंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर, जोधपुर के एरिया में कोहरा छाने से यहां विजिबिलिटी भी 200 से 300 मीटर के बीच रह गई। इससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ। बादल छाने के बाद सर्दी से सबसे ज्यादा राहत शेखावाटी के लोगों को मिली। यहां शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस था, जो शनिवार को 8 डिग्री सेल्सियस तक बढ़कर 11 पर पहुंच गया।

तापमान के इस बदलाव से यहां के लोगों को गलन और ठिठुरा देने वाली सर्दी से काफी राहत मिली। इसी प्रकार चूरू में न्यूनतम तापमान 8.4 पर रिकॉर्ड हुआ, जो शुक्रवार को 4.2 डिग्री सेल्सियस पर था। पिलानी में भी न्यूनतम तापमान शुक्रवार के मुकाबले चार डिग्री सेल्सियस बढ़कर 8.5 पर पहुंच गया।

हिमाचल के कई इलाकों में ताजा बर्फबारी

इधर, हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में शनिवार को बर्फबारी हुई। मौसम विभाग ने आज से राज्य में मौसम के शुष्क रहने का पूर्वानुमान जताया है। रोहतांग में अटल सुरंग के पास, इसके आसपास के इलाकों और लाहौल-स्पीति के केलांग में भी बर्फबारी हुई। लाहौल-स्पीति का समदो राज्य में सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 0.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहा और सिरमौर का धौलाकुआं 23.1 डिग्री सेल्सियस के साथ दिन के दौरान सबसे गर्म रहा।

प्रदेश के प्रमुख शहरों का तापमान

शहर अधिकतम न्यूनतम
अजमेर 26.8 12.8
अलवर 23.5 9.1
बाड़मेर 29.5 11
भीलवाड़ा 27 9.8
बीकानेर 28.6 13.5
चित्तौड़गढ़ 23.8 9.8
चूरू 26.8 8.4
जयपुर 25.6 13.7
जैसलमेर 29.5 10
जोधपुर 30 13.9
कोटा 24.1 12.1
पिलानी 25.4 8.5

ये खबर भी पढ़ें:-सचिन पायलट छत्तीसगढ़ प्रभारी, कांग्रेस संगठन में फेरबदल, राजस्थान में ही रहेंगे रंधावा