दौसा में भीषण सड़क हादसा, लोक परिवहन बस और टेंपो की टक्कर में 5 लोगों की मौत, 4 गंभीर घायल

दौसा। राजस्थान के दौसा में रविवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे-21 पर लोक परिवहन बस और टेंपो की भिड़ंत हो गई। हादसे…

Public transport bus and tempo collide in Dausa | Sach Bedhadak

दौसा। राजस्थान के दौसा में रविवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे-21 पर लोक परिवहन बस और टेंपो की भिड़ंत हो गई। हादसे में टेंपो में सवार आधा दर्जन यात्री घायल हो गए। वहीं टेंपो को टक्कर मारने के बाद बस अनियंत्रित हो गई और सड़क पर पैदल जा रहे पद यात्रियों को भी रौंद दिया। जिससे चार पदयात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

सभी घायलों को शहर के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां, चिकित्सकों ने उपचार के दौरान 5 लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में एक बच्चा, तीन पुरुष और एक महिला है। वहीं चार लोगों को गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया है। बताया गया कि टेंपो में सवार सभी लोग कैलादेवी दर्शन कर मध्यप्रदेश लौट रहे थे। वहीं पैदल जा रहे पदयात्री भैरूजी के दर्शन कर वापस में महवा लौट रहे थे।

पुलिस के मुताबिक, यह हादसा नेशनल हाईवे 21 पर महवा-हिंडौन मार्ग के पास टिकरी मोड़ के समीप रविवार सुबह करीब 11:15 बजे हुआ।

लोक परिवहन बस तेज रफ्तार से महवा से हिंडौन जा रही थी। वहीं हिंडौन की तरफ से टेंपो आ रहा था। टेंपो में सवार सभी यात्री मध्यप्रदेश से कैलादेवी के दर्शन कर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बस ने महवा-हिंडौन मार्ग के पास टिकरी मोड़ के समीप टेंपो को टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद अनियंत्रित हुई बस ने सड़क पर पैदल जा रहे पद यात्रियों को भी रौंद दिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

लोगों के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग और राहगीर मदद के घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर मौके पर पहुंची महवा थाना पुलिस ने लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए हवा के सरकारी अस्पता में भिजवाया। जहां अस्पताल पहुंचते ही 5 लोगों की मौत हो गई। वहीं डॉक्टरों ने 4 घायलों की गंभीर हालत देखते हुए जयपुर रेफर कर दिया है।

पुलिस ने बताया कि पैदल यात्रियों के बचाने के प्रयास में ये हादसा हुआ है। बस ने टैंपो को टक्कर मारते हुए तीन पैदल यात्रियों को चपेट में ले लिया। हादसे में टैंपो में सवार दो लोगों की मौत हो गई। वहीं तीन पैदल यात्रियों की मौत हो गई।

दामाद, ससुर और दोहिता की मौत…

मृतकों में दामाद, ससुर और दोहिता सहित पांच लोगों की मौत हुई है। मृतकों में एक बच्चा, तीन पुरुष और एक महिला शामिल है। मृतकों में मंगती (36) पुत्र कालूराम निवासी गुर्जर गोहडी, प्रियांशु (2) पुत्र मंगती, देवकीनंदन (60) योगी पुत्र बाबूलाल निवासी महवा, गुलाब देवी (40) पत्नी राजू निवासी तुंगड जिला पन्ना मध्यप्रदेश और आसिफ अली पुत्र कासिम अली निवासी हिंडौन है। पुलिस ने मृतकों का पोस्टमार्टम के लिए शवों को महवा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।

हादसे के बाद विधायक ओमप्रकाश हुड़ला, एसडीएम लाखन सिंह, डीएसपी प्रेम बहादुर निर्भय, पूर्व प्रधान राजेंद्र मीणा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष विजय शंकर बोहरा समेत बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में घायल और उनके परिजनों की भीड़ जमा हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है।

(इनपुट-हरिसिंह नांगलोत)