दौसा में जहां ठहरे थे भारत यात्री…वहां चुनावी हुंकार भरेंगी प्रियंका गांधी, जानिए- क्या है सियासी मायने?

राजस्थान में 25 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी-कांग्रेस सहित कई राजनीतिक दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है।

Priyanka Gandhi

Priyanka Gandhi : जयपुर। राजस्थान में 25 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी-कांग्रेस सहित कई राजनीतिक दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है। जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव की तारीख नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे बीजेपी और कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने राजस्थान में नजरें गढा दी है। इसी कड़ी में अब कांग्रेस की स्टार प्रचारक और महासचिव प्रियंका गांधी राजस्थान दौरे पर आ रही है।

प्रियंका गांधी शुक्रवार को दौसा जिले के सिकराय क्षेत्र में बड़ी जनसभा को संबोधित कर बड़ा सियासी संदेश देगी। साथ ही पूर्वी राजस्थान की सियासत के पावर केंद्र दौसा जिले में चुनावी हुंकार भरेगी। दौसा में सुबह 11 से 3 बजे तक प्रियंका की जनसभा चलेगी। ऐसे में उनके दौरे को लेकर अलग-अलग मायने निकाले जा रहे है।

दौसा जिले में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा काफी हद तक सफल रही थी। सिकराय के कांदोली में राहुल गांधी ने सभा की थी और इसी जगह यात्रा का ठहराव था। ऐसे में एक बार फिर कांग्रेस ने उसी जगह को चुना है। अब इसी जगह पर प्रियंका गांधी की शुक्रवार को जनसभा होने वाली है।

प्रियंका गांधी ईआरसीपी को लेकर निकल जा रही बीजेपी की वादा खिलाफी यात्रा के तहत रैली को संबोधित करेंगी और यात्रा का समापन करेगी। बता दें कि ईआरसीपी को लेकर निकाली गई यात्राओं का शुभारंभ 16 अक्टूबर को बारां में मल्लिकार्जुन खड़गे ने किया था।

प्रियंका की रैली में आएंगे एक लाख से ज्यादा लोग

प्रियंका गांधी की रैली को देखते हुए प्रदेश कांग्रेस तैयारियों में जुटी हुई है। पानी की आस ईआरसीपी को लेकर रैली स्थल तैयार किया जा रहा है। सिकराय के कांदोली में करीब 20 बीघा में डोम और टेंट लगाया गया है। इसके अलावा 50 हजार कुर्सियों की व्यवस्था भी की गई है। कांग्रेस का दावा है कि इस रैली में एक लाख से ज्यादा लोग पहुंचेंगे। इसके लिए आसपास के जिलों में भी जनसंपर्क किया जा रहा है।

ईआरसीपी के मुद्दे को भुनाने की जुटी कांग्रेस

ईआरसीपी पूर्वी राजस्थान के 13 जिलों के लिए जीवनदायिनी योजना है। इससे लाखों किसानों के खेतों को पानी और लाखों लोगों के लिए पीने का पानी मिलने वाला है। लेकिन, यह योजना पूरी नहीं होने से 13 जिलों के लोग अभी भी प्यासे है। ऐसे में कांग्रेस ने ईआरसीपी को चुनावी मुद्दा बनाया है। ईआरसीपी को लेकर निकाली जा रही यात्राओं को समापन भी उस जिले से हो रहा है, जिसे पूर्वी राजस्थान की सियासत का गढ़ माना जाता है। ऐसे में कांग्रेस चाहती है कि वोटबैंक मजबूत हो और ज्यादा से ज्यादा लोगों को बीजेपी की कमियों में बारे में पता चले सके।

टोंक के साथ ही दौसा अब चुनावी आगाज

बता दें कि पिछले दिनों प्रियंका गांधी ने टोंक में एक बड़ी जनसभा की थी और अब प्रियंका दौसा में चुनावी आगाज करने जा रही है। क्योंकि पूर्वी राजस्थान में पूर्व डिप्टी सीएम और टोंक विधायक सचिन पायलट की पकड़ मजबूत है। ऐसे में प्रिंयका ने टोंक के बाद इस क्षेत्र को चुना है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में अजमेर और भीलवाड़ा में प्रियंका गांधी की सभाएं हो सकती है।

नहीं कर सकते व्यक्तिगत नारेबाजी

खास बात ये है कि प्रियंका की चुनावी रैली के दौरान व्यक्तिगत नारेबाजी करने वालों पर नजर रखी जाएगी। सूत्रों की मानें तो आलाकमान पहले ही साफ कर चुका है कि कोई भी समर्थक किसी दावेदार के पक्ष या विपक्ष में व्यक्तिगत नारेबाजी ना करें। सिर्फ सोनिया गांधी और कांग्रेस पार्टी के नाम से ही नारेबाजी कर सकते है। नियमों की अवहेलना करने वालों पर पार्टी की नजर होगी।

ये खबर भी पढ़ें:-अब माउंट आबू के इस गांव में राजस्थान का सबसे ऊंचा पोलिंग बूथ, पहली बार 117 वोटर्स डालेंगे वोट