प्रियंका गांधी 10 सितंबर को आएंगी टोंक, इंदिरा रसोई ग्रामीण करेंगी लॉन्च, निवाई में होगी चुनावी सभा

राजस्थान में इसी साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस सियासी समीकरण साधने की कोशिश में जुटी हुई है।

Priyanka Gandhi

जयपुर। राजस्थान में इसी साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस सियासी समीकरण साधने की कोशिश में जुटी हुई है। इसी कड़ी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के भीलवाड़ा दौरे के चार दिन बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) अब टोंक जिले के दौरे पर आ रही है। कांग्रेस के मिशन रिपीट अभियान के तहत प्रियंका गांधी 10 सितंबर को टोंक के निवाई में जनसभा को संबोधित करेंगी। साथ ही इंदिरा रसोई ग्रामीण की लॉन्चिंग करेंगी। इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्किार्जुन खड़गे ने 6 सितंबर को भीलवाड़ा के गुलाबपुरा में कामधेनु बीमा योजना लॉन्च की थी।

जानकारी के मुताबिक प्रियंका गांधी का स्मार्टफोन योजना के तहत महिलाओं को फोन वितरित करने तथा गांव झिलाय में इंदिरा रसोई का शुभारंभ करेंगी। इसके बाद निवाई में प्रियंका गांधी जनसभा को संबोधित करेंगी। सभा में भीड़ जुटाने के लिए टोंक, जयपुर और दौसा जिले के नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रियंका गांधी की रैली में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व मंत्री मौजूद रहेंगे।

प्रियंका गांधी के दौरे को लेकर तैयारियों में जुटा प्रशासन

प्रियंका गांधी के टोंक दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी है। जिला प्रभारी मंत्री सालेह मोहम्द ने गुरुवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की। प्रियंका की सभा के चयन को लेकर जिला प्रभारी मंत्री ने विधायक, जिला कलेक्टर ने विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक राजर्षि राज, एडीएम सूरजसिंह नेगी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, डीवाईएसपी महावीर सिंह, तहसीलदार अजीत बुदेला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

ये खबर भी पढ़ें:-राजस्थान में 30 सीटों पर चुनाव लड़ेगी JJP, हरियाणा के डिप्टी CM दुष्यंत चौटाला ने किया ऐलान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *