अलवर में खूंखार तेंदुए ने मचाया आतंक, पंजा मारकर युवक का पेट फाड़ा, बचाने आए युवक का हाथ चबाया

अलवर। राजस्थान के अलवर जिले में एक तेंदुए ने जमकर आतंक मचाया। खूंखार तेंदुए ने दो लोगों पर हमला कर दिया। तेंदुए ने एक व्यक्ति…

New Project 2023 09 15T163957.780 | Sach Bedhadak

अलवर। राजस्थान के अलवर जिले में एक तेंदुए ने जमकर आतंक मचाया। खूंखार तेंदुए ने दो लोगों पर हमला कर दिया। तेंदुए ने एक व्यक्ति पर हमला करते हुए उसका पेट फाड़ दिया, जिससे उसकी आंतें ही बाहर आ गई। वहीं उसको बचाने आए एक युवक पर भी तेंदुए ने हमला कर उसे भी घायल कर दिया। तेंदुए के हमले में घायल एक युवक को जयपुर और दूसरे को कोटपूतली रेफर किया गया है। यह घटना अलवर के बानसूर में रामपुर गांव में शुक्रवार सुबह 10 बजे की है।

वनकर्मी मनोज नागा ने बताया कि अलवर जिले के बानसूर में रामपुर में लेकड़ी की घाटी में भैंरू बाबा मंदिर के पास शुक्रवार सुबह एक तेंदुए ने दो लोगों पर जानलेवा हमला कर दिया। करीब 10 बजे रामपुर निवासी गिरधारी सैनी (50) सुबह भैंरू मंदिर से लौट रहा था। इस दौरान झाड़ियों में छुपे तेंदुए ने उस पर अचानक हमला कर दिया।

गिरधारी की चीख-पुकार सुनकर नजदीक ही खेत में काम कर रहा खोहरी निवासी महेंद्र यादव (40) पुत्र मंगलराम दौड़कर मौके पर पहुंचा। तेंदुए को हमला करते देख महेंद्र के हाथ-पैर फूल गए। वह गिरधारी को बचाने के लिए आगे बढ़ा तो खूंखार तेंदुए ने उस पर भी हमला कर दिया। दोनों युवकों पर हमला करने के बाद तेंदुआ वहां से भाग गया।

तेंदुए के हमले से गिरधारी और महेंद्र बुरी तरह जख्मी हो गए। गिरधारी का पेट फट गया। उसकी आंतें बाहर आ गईं। दोनों लहूलुहान होकर वहीं गिर गए। कुछ देर बाद आस-पास के ग्रामीण वहां पहुंचे तो घायलों को संभाला।

ग्रामीणों ने गिरधारी और महेंद्र को रामपुर सीएचसी ले गए। जहां से डॉक्टर ने उन्हें गंभीर हालत में बानसूर हॉस्पिटल रेफर कर दिया। महेंद्र यादव को बानसूर से कोटपूतली रेफर किया गया और गिरधारी सैनी की हालत गंभीर होने पर उसे जयपुर रेफर कर दिया गया।

वनकर्मी ने बताया कि घटना के बाद वन विभाग की टीम रामपुर गांव में लेकड़ी की घाटी इलाके का जायजा लेने पहुंची। आस-पास के ग्रामीणों से घटना की जानकारी जुटाई गई है। लेपर्ड को रेस्क्यू करने का प्रयास कर रहे हैं।

बता दें कि अलवर का इलाका सरिस्का के जंगल से लगता एरिया है। सरिस्का से सटे रामपुर और थानागाजी इलाकों में तेंदुए का मूवमेंट रहा है। एक महीने पहले भी बानसूर के गांव बहराम का बास में तेंदुआ बैठा दिखा था। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन तेंदुआ खेतों की तरफ निकल गया था।