जनआक्रोश महाघेराव: जिला कलक्ट्रेट के बाहर पुलिस और भाजपाइयों में हुई धक्का मुक्की, रोड पर बैठे सीपी जोशी

अजमेर। भारतीय जनता पार्टी की ओर से आज जनआक्रोश महाघेराव का आयोजन किया गया। जिसमें प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी भी शामिल हुए। सूचना केन्द्र के पास…

image 2023 04 25T174727.756 | Sach Bedhadak

अजमेर। भारतीय जनता पार्टी की ओर से आज जनआक्रोश महाघेराव का आयोजन किया गया। जिसमें प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी भी शामिल हुए। सूचना केन्द्र के पास सभा हुई जिसमें प्रदेशाध्यक्ष जोशी सहित सभी भाजपा नेताओं ने जमकर कांग्रेस सरकार को घेरा। इसके बाद सभी नारेबाजी करते हुए रैली निकालकर जिला कलक्ट्रेट पहुंचे जहां पर पुलिस और भाजपाई भिड़ गए। पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करते हुए प्रदेशाध्यक्ष जोशी सहित अन्य नेता व कार्यकर्ता रोड पर बैठ गए। बाद में समझाइश कर उन्हें कलक्ट्रेट में ले जाया गया जहां पर जिला कलक्टर को राज्यपाल के नाम ज्ञापन देकर सरकार को बर्खास्त करने की मांग रखी।

जनआक्रोश महाघेराव

थोथी घोषणाएं ही करती है कांग्रेस

भाजपा के जनआक्रोश के मद्देनजर कार्यकर्ता सूचना केन्द्र स्थित सभा स्थल पहुंचे। जहां भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, सांसदों, विधायकों ने सभा को संबोधित किया और सरकार पर हमला बोला। मीडिया से बातचीत करते हुए सीपी जोशी ने कहा कि इस सरकार की वादाखिलाफी, बेलगाम कानून व्यवस्था, तुष्टीकरण, पेपर लीक सहित अन्य मुद्दों को लेकर जनआक्रोश महाघेराव आयोजित किया गया। यह सभी जिलों में होगा। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी के रूपयों को भी गाइडलाइन के विपरीत लगाकर भ्रष्टाचार किया गया। अब तक जो भी घोषणाएं की गई उनमें से कोई पूरी नहीं हुई है। जोशी ने कहा कि वर्ष 2018 तक की घोषणाएं पेंडिंग चल रही है। इस सरकार की सभी थोथी घोषणाएं है, जो कभी पूरी होनी नहीं है।

जोशी ने कहा कि आए दिन होने वाले पेपर लीक से बेरोजगारों के साथ धोखा हो रहा है। इन सब मुद्दों को लेकर जिला कलक्टर को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा और सरकार को बर्खास्त करने की मांग की।

जनआक्रोश महाघेराव

बेरिकेडिंग कर रोका कलक्ट्रेट का गेट

भाजपा के जनआक्रोश महाघेराव के मद्देनजर पुलिस का भारी जाब्ता तैनात कर बेरिकेडिंग कर कलक्ट्रेट का गेट रोका गया, लेकिन जैसे ही भाजपाई प्रदर्शन करते हुए वहां पहुंचे तो उन्होंने बेरिकेड ही गिरा दिए। जिसके बाद पुलिस अधिकारियों व जवानों में भी खासी नाराजगी देखी गई। प्रदर्शनकारियों ने कलक्ट्रेट के अंदर घुसने का भी प्रयास किया लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान पुलिस व भाजपाईयों में धक्का मुक्की तक हो गई।

जनआक्रोश महाघेराव

सड़क पर बैठकर की रामधुनी

पुलिस से हुई भाजपाईयों की धक्का मुक्की व गेट रोक देने से नाराज होकर प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी कलक्ट्रेट के बाहर रोड पर जाकर बैठ गए। इसके बाद भाजपा नेता व कार्यकर्ता भी बैठ गए और सभी ने रामधुनी गाई साथ ही कांग्रेस के खिलाफ व मोदी के पक्ष में नारे भी लगाए। पुलिस अधिकारियों ने आकर समझाइश की और बेरिकेड हटाए, इसके बाद जोशी ने भाजपाइयों के साथ कलक्ट्रेट में जाकर जिला कलक्टर को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।

कांग्रेस सरकार पर लगाए कई आरोप

ज्ञापन में कहा गया कि लोकसेवा आयोग को भ्रष्टाचार और कांग्रेस नेताओं के रिश्तेदार की भर्ती का केन्द्र बन गया, 51 माह में प्रदेश में 9 लाख से ज्यादा आपराधिक मुकदमें दर्ज, इस दौरान प्रदेश में 51 माह में महिलाओं पर अत्याचार के 1 लाख 80 हजार से ज्यादा मुकदमें दर्ज, 29 हजार से ज्यादा बहन-बेटियों के साथ दुष्कर्म, अलवर के थानागाजी में पति के सामने महिला का गैंगरेप, राजधानी जयपुर में महिला शिक्षक को जिंदा जलाकर मार दिया, दौसा में आदिवासी महिला का अपहरण कर गैंगरेप करके कुएं में फेंक दिया, अभी हाल ही में बालोतरा में दलित महिला के साथ रेप करके उसे एसिड से जला दिया गया. राजधानी जयपुर सहित में कई स्थानों पर बुजुर्ग महिलाओं के पैर काटकर कड़े निकालने की घटनाएं, प्रदेश सांप्रदायिक तनाव की आग में जल रहा है।

जनआक्रोश महाघेराव

सरकार की शह पर एक समुदाय विशेष के अपराधियों ने छबड़ा, भीलवाड़ा, करौली, जोधपुर, चित्तौडगढ़, नोहर, मेवात, मालपुरा और जयपुर में सुनियोजित दंगे कर बहुसंख्यक समाज को प्रताड़ित किया। रामनवमी पर ही मेवाड उदयपुर में राम पताकाएं उतरवाना दुर्भाग्यपुर्ण है। प्रदेश में कई जगह रामनवमी की शोभायात्राओं पर रोक लगा दी, परन्तु कांग्रेस सरकार ने कुख्यात संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया को कोटा में रैली निकालने की इजाजत दी। प्रदेश में अपराधी बेलगाम है राज्यभर में अपराधियों द्वारा गोलियों चलाकर निर्दोष नागरिकों की हत्याओं से दहशत का माहौल है। इस कांग्रेस सरकार ने वोटबैंक और अपनी तुष्टिकरण की नीति के चलते पुलिस बलों को कमजोर व दुर्बल किया है। इन मुद्दों के साथ ही कई अन्य मामलों का भी ज्ञापन में जिक्र किया गया।

( रिपोर्ट- नवीन वैष्णव )

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *