महिला आरक्षण बिल पर BJP का जश्न…विपक्ष पर PM मोदी का तंज-बिल फाड़ने वालों का भी मिला साथ

27 साल के इंतजार के बाद महिला आरक्षण बिल यानी नारी शक्ति वंदन विधेयक संसद को दोनों सदनों से पास होने पर बीजेपी जश्न मना रही है।

pm modi 4 | Sach Bedhadak

Women Reservation Bill : नई दिल्ली। 27 साल के इंतजार के बाद महिला आरक्षण बिल यानी नारी शक्ति वंदन विधेयक संसद को दोनों सदनों से पास होने पर बीजेपी जश्न मना रही है। पीएम नरेंद्र मोदी का आज बीजेपी मुख्यालय में अभिनंदन किया गया। इस दौरान पीएम मोदी ने महिला कार्यकर्ताओं के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। पार्टी मुख्यालय में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता पीएम मोदी के साथ सेल्फी लेती नजर आई। इस मौके पर पीएम मोदी ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि बिल फाड़ने वाले भी महिला आरक्षण बिल के समर्थन में आए और आज हर नारी का आत्मविश्वास आसमान छू रहा है। पूरे देश की माताएं, बहनें बेटियां खुशी मना रही हैं। हमें आशीर्वाद दे रही हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि हमारी संसद में भी नारी शक्ति का महत्व दिखा है। सभी राजनीतिक दलों को महिला आरक्षण बिल का समर्थन करना पड़ा। विपक्ष पर तंज कसते हुए पीएम मोदी ने कहा कि ये वही लोग हैं जो पहले बिल फाड़ा करते थे, लेकिन, आज उनको इस ऐतिहासिक बिल का समर्थन करना पड़ा। क्योंकि पिछले 10 साल में महिलाएं शक्ति बनकर उभरी हैं।

उन्होंने कहा कि कभी-कभी किसी निर्णय में देश का भाग्य बदलने की क्षमता होती है। जिस बात का देश को पिछले कई दशकों से इंतजार था, वो सपना अब साकार हुआ है। आज हर नारी का आत्मविश्वास आसमान छू रहा है। देश की माताएं-बहनें बेटियां जश्न मना रही हैं और हमें आशीर्वाद दे रही हैं। हर बीजेपी कार्यकर्ता को देश की माता-बहनों के सपने साकार करने पर आशीर्वाद मिल रहा है। यह सामान्य कानून नहीं है। यह नए भारत का उद्घोष है। महिलाओं का जीवन सुधारने की जो गारंटी हमने दी थी, यह उसका प्रमाण है।

तंज के साथ ही विपक्ष का अभिनंदन

पीएम मोदी ने कहा कि लोगों को दिक्कत थी कि क्या नारी शक्ति वंदना क्यों लाया गया। क्या माताओं बहनों को प्रणाम करना चाहिए या नहीं, माताओं बहनों को गौरव बनाना चाहिए या नहीं। हमारी राजनीतिक विचारधारा में इतना अहंकार आ जाए कि हम नारी शक्ति के वंदना शब्द का प्रयोग करें तो भी किसी के पेट में चूहे दौड़ जाए। लेकिन अब देश में पूर्ण बहुमत की सरकार है तो ये बिल एक सच्चाई बन गया है। साथ ही पीएम मोदी ने इस विधेयक को पास कराने के लिए विपक्ष का भी अभिनंदन किया।

मध्य प्रदेश के शहडोल की घटना का जिक्र

इस मौके पर पीएम मोदी ने मध्य प्रदेश के शहडोल की एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि वहां 100 से ज्यादा लखपति दीदी आई थीं। तभी एक बहन ने जो मुझे बताया वो हम सोच सकते हैं कि उनका सामर्थ्य क्या है? उस आदिवासी बेटी ने कहा कि मैं लखपति दीदी हूं। मैंने पूछा कि इतना पैसा कमाने लगी तो करती क्या हैं? महिला ने बताया मेरे पति साइकिल से काम पर जाते थे, मैं लखपति दीदी बनी तो मैं उनके लिए स्कूटी खरीदी। इसके बाद लोन लेकर ट्रैक्टर लिया और मैं कुछ ही महीनों में ट्रैक्टर का लोन भी वापस कर दूंगी। लखपति दीदी का क्या विजन होता है, क्या कल्पना होती है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश के भाग्य को बदलने का काम करेगा।

लंबे समय से था इस पल का इंतजार : जेपी नड्डा

वहीं, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि ये हम सबके लिए बहुत ऐतिहासिक घड़ी है। इस क्षण के हम सब चश्मदीद गवाह बने हैं, ये हमारा सौभाग्य है। इस पल का हम सबको लंबे समय से इंतजार था। दूरदृष्टि, अटूट निश्चय और पक्के इरादे के साथ ‘ नारी शक्ति वंदन विधेयक’ को प्रधानमंत्री जी ने समय पर पारित कराया है। इसके लिए हम उनका अभिनंदन करते हैं। नारी शक्ति के सशक्तिकरण के लिए एक नहीं, बल्कि अनेकों कदम उठाए हैं। इसके साथ-साथ देश में लंबे समय से लंबित समस्याओं का निराकरण भी प्रधानमंत्री मोदी जी ने लोकतांत्रिक तरीके से किया है।

ये खबर भी पढ़ें:-भारत को एक और उपलब्धि का इंतजार…पूर्व इसरो चीफ ने बताया-चांद पर कैसे जांगेंगे विक्रम-प्रज्ञान?