अरबपतियों में अडाणी का रुतबा घटा, अंबानी 13वें स्थान पर लुढ़के, 2.8 अरब डॉलर गंवाकर भी मस्क टॉप

नई दिल्ली। भारतीय शेयर बाजारों में बुधवार को आए तूफान ने जहां गौतम अडाणी का रुतबा दुनिया के अरबपतियों में घटा दिया है, वहीं अंबानी…

Mukesh Ambani Gautam Adani

नई दिल्ली। भारतीय शेयर बाजारों में बुधवार को आए तूफान ने जहां गौतम अडाणी का रुतबा दुनिया के अरबपतियों में घटा दिया है, वहीं अंबानी की संपत्ति में 2 अरब डॉलर की सेंध लगा दी है। इसके अलावा अमेरिकी शेयर बाजारों में आई गिरावट की वजह से दुनिया के सबसे बड़े रईस एलन मस्क, अरबपति जेफ बेजोस, सर्बी ब्रिन और लैरी पेज को भी झटका लगा है।

फोर्ब्स रियल टाइम बिलेनियर लिस्ट में मुकेश अंबानी अब 11वें स्थान से लुढ़क 13वें स्थान पर आ गए हैं। उनके पास अब 92.6 अरब डॉलर की दौलत है। बुधवार को इनकी संपत्ति में 2 फीसदी से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्स की मानें तो कनाडा से भारत के विवाद के चलते शेयर बाजारों में यह तूफान आया है।

2.8 अरब डॉलर गंवाकर भी मस्क टॉप पर

फोर्ब्स रियल टाइम बिलेनियर इंडेक्स में एलन मस्क बुधवार को 2.8 अरब डॉलर गंवाने के बावजूद टॉप पर बने हुए हैं। उनके पास 261.4 अरब डॉलर की संपत्ति है। बर्नार्ड अर्नाल्ट के पास 194.9 अरब डॉलर की संपत्ति है और वह दूसरे स्थान पर हैं। जेफ बेजोस की संपत्ति में बुधवार को 2.3 अरब डॉलर की गिरावट दर्ज की गई। अभी भी वह 158 अरब डॉलर के नेटवर्थ के साथ तीसरे स्थान पर हैं। चौथे पर लैरी एलिसन हैं। पांचवें पर वॉरेन बफेट, छठे पर लैरी पेज, सातवें पर बिल गेट्स, आठवें पर सर्गी ब्रिन, नौवें पर मार्क जुकरबर्ग और 10वें पर स्टीव बाल्मर हैं।

अंबानी कार्लोस से भी पिछड़े

खास बात तो यह है कि इससे पहले अंबानी अब तक सिर्फ फ्रांस और अमेरिकी अरबपतियों से पीछे थे, अब मैक्सिको के कार्लोस स्लिम से भी पीछे हो गए हैं। भारतीय शेयर बाजारों मचे कोहराम के बीच रिलायंस के शेयर 2.29% लुढ़क कर 2,380.65 पर बंद हुए। वहीं, जियो फाइनेंशियल सर्विसेज भी 1.39 फीसद टूटकर 229.95 रुपये पर बंद हुआ। इसका असर मुके श अंबानी की दौलत पर भी पड़ा।

अडाणी की जगह ली चीनी झोंग ने

फोर्ब्स मुताबिक गौतम अडानी अब दुनिया के टॉप-20 अरबपतियों से बाहर हो गए हैं। इसके साथ ही उनसे एशिया के दूसरे सबसे रईस का रुतबा भी छिन गया है। अडाणी को एक तरह से यह दोहरा झटका लगा है। अब उनकी जगह चीन के अरबपति झोंग शानशान ने ले ली है। झोंग फोर्ब्स रियल टाइम बिलेनियर इंडेक्स में 20वें स्थान पर हैं। इनके पास 62.3 अरब डॉलर की संपत्ति है। जबकि, अडाणी 55.5 अरब डॉलर के नेटवर्थ के साथ 23वें स्थान पर आ गए हैं।

ये खबर भी पढ़ें:-‘मेरे यहां होता कन्हैयालाल कांड तो 5 मिनट में कर देता हिसाब बराबर’ असम के CM ने दिया भड़काऊ बयान