Afghanistan Earthquake : 25 साल के इतिहास में 5वां विनाशकारी भूकंप, 2000 से ज्यादा की मौत, 12 गांव तबाह

पश्चिमी अफगानिस्तान में आए शक्तिशाली भूकंपों में मरने वालों की संख्या 2,000 पार पहुंच गई है।

Afghanistan Earthquake

Afghanistan Earthquake : पश्चिमी अफगानिस्तान में आए शक्तिशाली भूकंपों में मरने वालों की संख्या 2,000 पार पहुंच गई है। अफगानिस्तान के 25 साल के इतिहास में ये 5वां सबसे शक्तिशाली भूकंप है। जिसने भयंकर तबाही मचाई। दरअसल, शनिवार को पश्चिमी अफगानिस्तान में 6.3 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप आया। भूकंप के 6 झटकों से अफगानिस्तान बुरी तरह थर्रा गया। जिसके चलते करीब 12 गांव पूरी तरह तबाह हो गए। वहीं, सैंकड़ों इमारतें ढह गई। माना जा रहा है कि मरने वालों की संख्या अभी और भी बढ़ सकती है।

देश के राष्ट्रीय आपदा प्राधिकरण ने रविवार को कहा कि शनिवार को पश्चिमी अफगानिस्तान में 6.3 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने अब तक 2 हजार से ज्यादा लोगों की जान ले ली है। वहीं, सैकड़ों लोगों के मलबों में दबे होने की आंशका है। जिन्हें निकाले जाने के लिए राहत और बचाव कार्य जारी है। जिंदा जान और घोरियान जिलों के 12 गांव भूकंप के चलते पूरी तरह से नष्ट हो गए हैं। वहीं, रविवार सुबह आए भूकंप में हेरात के जिंदा जान जिले के तीन गांवों में 15 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है।

तालिबान ने मांगी मदद

तालिबान ने मकामी इदारों से गुजारिश की है कि वे जल्द से जल्द भूकंप वाले इलाकों में पहुंचे, ताकि घायलों को अस्पताल ले जाया जा सके। बेघरों को पनाह दी जा सके और जिंदा बचे लोगों को खाना पहुंचाया जा सके। तालिबान ने एक्स पर कहा कि हम अपने अमीर हम वतन लोगों से हमारे पीड़ित भाइयों को हर मुम्किन मदद देने के लिए कहते हैं।

25 साल के इतिहास में 5वीं बार बुरी तरह कांपा अफगानिस्तान

बता दे कि 25 साल के इतिहास में ये 5वीं बार है जब अफगानिस्तान भूकंप के झटकों से बुरी तरह थर्राया है और हजारों लोगों की मौत हुई है। इससे पहले पिछले साल अफगानिस्तान में पाकिस्तान सीमा के करीब शक्तिशाली भूकंप आया था। जिसमें 1000 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी और सैकड़ों घर जमींदोज हो जाने से 1500 लोग घायल हुए थे।

वहीं, जून 2022 में भी पूर्वी अफगानिस्तान के एक ऊबड़-खाबड़ पहाड़ी क्षेत्र में शक्तिशाली भूकंप आया था। जिसमें पत्थर और मिट्टी-ईंटों के घर जमींदोज होने से कम से कम 2,000 लोग मारे गए थे और 3,000 लोग घायल हो गए थे।

अफगानिस्तान में 30 मई 1998 को आए भूकंप में करीब 4,500 लोगों की जान चली गई थी और 10,001 लोग घायल हुए थे। इससे पहले उसी साल 20 फरवरी को भी विनाशकारी भूकंप आया था। जिसमें 2,323 लोग मारे गए थे और 818 घायल हो गए थे।

ये खबर भी पढ़ें:-Rajasthan Weather Update : दिन में गर्मी… रात को ठंड, प्रदेश में 4 जगह 20 डिग्री से नीचे उतरा पारा