Presidential Election : यशवंत सिन्हा ने केंद्रीय जांच एजेंसियों को लेकर साधा केंद्र पर निशाना, कहा- राष्ट्रपति बना तो इनका दुरुपयोग रोकूंगा

राष्ट्रपति चुनाव प्रचार के लिए विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा (yashwant sinha) कल जयपुर आए थे। यहां के होटल क्लार्क आमेर में कांग्रेस के एक…

yaswant sinha 1 | Sach Bedhadak

राष्ट्रपति चुनाव प्रचार के लिए विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा (yashwant sinha) कल जयपुर आए थे। यहां के होटल क्लार्क आमेर में कांग्रेस के एक बैठक हुई, इसमें मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) समेत पार्टी के नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे। उन्होंने अशोक गहलोत से राष्ट्रपति पद के लिए समर्थन मांगा।

विपक्ष के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने भाजपा पर केन्द्रीय जांच एजेन्सियों के दुरुपयोग का आरोप मढ़ते हुए कहा कि हम केवल एक राजनीतिक दल से नहीं लड़ रहे हैं, हम सरकार की उन एजेंसियों भी लड़ रहे हैं, जो लोगों को परेशान करने के लिए इस्तेमाल की जा रही हैं। इसलिए लड़ाई ईडी से है, सीबीआई से है, इनकम टैक्स से है। सिन्हा ने कहा कि मैं जानता नहीं हूं कि इस चुनाव के बाद मेरा क्या हश्र होगा।

सिन्हा ने मीडिया से कहा कि मैं इतना कह सकता हूं कि मैं अगर राष्ट्रपति का चुनाव जीता तो शपथ लेते ही दूसरे दिन से यह जो सरकार की ओर से एजेंसियों का दुरुपयोग हो रहा है, वह रोक दूंगा। किस अधिकार का प्रयोग करके रोकूंगा, लेकिन रोकूंगा, इनका दुरुपयोग नहीं होने दूंगा। उन्होंने कहा कि अभी छत्तीसगढ़ गया था, वहां एक बिजनेसमैन के इनकम टैक्स ने रेड डाली। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बता रहे थे कि जिस बिजनेसमैन के इनकम टैक्स रेड हुई, उस पर इनकम टैक्स इस बात का दबाव डाल रहा था कि सरकार गिराओ। इस दुरुपयोग को रोका जाएगा। मैं पीएम को बुलाकर कहूंगा कि देश के ज्वलंत मुद्दों पर खामोशी ठीक नहीं है, इन मुद्दों पर बोलिए। सिन्हा ने कांग्रेस और समर्थक विधायकों के साथ डिनर पर मुलाकात की।

आडवाणी की हालत पर अफसोस

लालकृष्ण आडवाणी की अनदेखी के सवाल पर यशवंत सिन्हा ने कहा कि आडवाणी की हालत देखकर अफसोस होता है। बेचारे बैठे हैं ऐसे करके हाथ ​हिलाकर नमस्कार करते हैं। सामने से एक आदमी गुजर जाता है और उनकी तरफ देखता भी नहीं है। मेरी और आडवाणी की कोई तुलना नहीं हो सकती, आडवाणी देश में टावरिंग लीडर हैं। उनका बढ़ा कद है।

गहलोत को सतर्क रहने की जरूरत

सिन्हा ने मुख्यमंत्री गहलोत को नसीहत दी कि जिस तरह से एक के बाद एक चुनी हुई सरकार गिराई जा रही है, ऐसे में गहलोत को सतत सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि देश में आज ऐसा माहौल बन गया है कि जैसे भाजपा केवल राज करने आई है। देश में यह नया खेल चल रहा है चुनी हुई सरकार को गिराओ।

भाजपा अब यह वो पार्टी नहीं

भाजपा में रहकर अब उसी के खिलाफ खड़ा होने पर यशवंत सिन्हा ने कहा कि मैं जिस भाजपा में था वह अब मर चुकी है। पहले भाजपा में आपसी सहमति से काम होता था, वह दौर खत्म हो गया है। अटल बिहारी वाजपेयी सहमति से काम करते थे, वे विपक्ष का सम्मान करते थे। कई बार उन्होंने कई मामलों में सोनिया गांधी से सहमति लेकर आगे कदम बढ़ाया था। सिन्हा ने कहा कि मेरे केंद्रीय वित्त मंत्री रहते केरल के सीपीएम के सीएम थे ईके नयानार, उन्होंने किसी मुद्दे पर मुझे रिक्वेस्ट भेजी। मैंने तत्काल उसका समाधान किया। इसके बाद नयानार ने पत्र भेजा कि भाजपा के मिनिस्टर से यह उम्मीद नहीं करता था कि केरल की लेफ्ट सरकार की मदद करेंगे।

किसकी गोद में थे उदयपुर के आरोपी, जवाब दे भाजपा

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने उदयपुर प्रकरण को लेकर भाजपा पर तीखा प्रहार किया है। गहलोत ने कहा कि हत्याकांड के मुख्य आरोपी के भाजपा से संबंध का खुलासा सोशल मीडिया पर हुआ है। उन्होंने कहा कि मुख्य अभियुक्त जिस घर में रहता था उसका किराया नहीं देने पर हुआ विवाद जब पुलिस में पहुंचा तो उसके बचाव में भाजपा नेताओं ने फोन कर के थाने में कहा कि यह हमारा कार्यकर्ता है, इसे परेशान नहीं किया जाए। मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि वो किसकी गोद में बैठा था, यह जगजाहिर हो चुका है, इसका जवाब भाजपा को देना चाहिए, स्पष्ट करना चाहिए । राष्ट्रपति के चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि यह चुनाव विचारधारा का है किसी की ​व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *