राजस्थान में असर दिखाने लगी सर्दी…माउंट आबू रहा सबसे ज्यादा ठंडा, 6 डिग्री तक पहुंचा पारा

दिवाली से ठीक पहले हुई बारिश के बाद अब राजस्थान में शीतलहर का आगाज हो चुका है।

image 2023 11 17T101920.573 | Sach Bedhadak

Rajasthan weather update : जयपुर। दिवाली से ठीक पहले हुई बारिश के बाद अब राजस्थान में शीतलहर का आगाज हो चुका है। उत्तर भारत से हिमालय की बर्फीली हवा के चलने से प्रदेश के अधिकांश इलाकों में पारा लुढ़कता जा रहा है। माउंट आबू लगातार दूसरे दिन प्रदेश में सबसे ज्यादा ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, दूसरे नंबर पर फतेपुर और तीसरे स्थान पर सीकर बना हुआ है। इसके अलावा कई जिलों में तापमान 10 डिग्री से भी नीचे दर्ज किया गया है।

मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि प्रदेश में सर्दी का आगाज हो गया है। हालांकि, कड़ाके की सर्दी नवंबर के आखिरी में शुरू होगी। हवा के साथ ठिठुरन बढ़ने से लोगों ने गर्म कपड़े निकाल लिए और वहीं सुबह-शाम राजमार्गों पर कोहरा छाने लग गया है। अधिकांश शहरों में दिन-रात का तापमान सामान्य से नीचे आ गया है।

सबसे ज्यादा ठंडी रात माउंट आबू की रही

सर्दी बढ़ने पर प्रदेश के अन्य जिलों में भी इसका असर देखने को मिला। सीकर, माउंट आबू, चूरू और फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। सबसे ज्यादा ठंडी रात माउंट आबू की रही, जहां का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सीकर में 7.5 और चूरू में 9.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। वहीं श्री गंगानगर, हनुमानगढ़, सीकर, झुंझुनूं, बीकानेर और चूरू के कु छ एरिया में गुरुवार को हल्का कोहरा भी छाया नजर आया।

कोहरा पड़ने और हल्की सर्द हवा चलने से जैसलमेर, बीकानेर और चूरू में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया। बीकानेर और जैसलमेर में न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इन जिलों में सीजन का सबसे कम तापमान रहा। फतेहपुर में भी सुबह हल्का कोहरा छाया रहा। रात और सुबह हल्की सर्द हवा चलने से ठिठुरन बढ़ गई।

शहर में नहीं दिखी धूप, चली ठंडी हवा

राजधानी जयपुर में गुरुवार सुबह से बादलों ने आसमान में डेरा डाले रखा। शुक्रवार को भी कुछ ऐसी ही स्थिति बनी हुई है। वहीं, सुबह से ही धुंध नजर आने लग गई। मौसम केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि शहर का न्यूनतम तापमान बुधवार के मुकाबले एक डिग्री सेल्सियस गिरकर 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इससे पहले गुरुवार को दिनभर बादल और हल्की धुंध रही। जयपुर में इस समय न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे आ गए हैं। सर्दी बढ़ने के कारण लोगों की दिनचर्या देर सुबह शुरू हुई, लेकिन शाम होते-होते लोग सर्दी के कारण सड़क पर कम नजर आए।

दिन में भी लगने लगी ठंड

प्रदेश में बाड़मेर के अलावा सभी शहरों में दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। चूरू और पिलानी में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इससे अब दिन भी ठंडे होने लगे हैं। अमूमन ये तापमान दिसंबर के आखिरी या जनवरी के पहले-दूसरे सप्ताह में रहता है। चूरू में दिन का तापमान सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस नीचे आ गया है। यहां नवंबर का औसत तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहता है। इसी तरह पिलानी, जैसलमेर, अजमेर, भीलवाड़ा और बीकानेर में भी अधिकतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया है, जिससे यहां दिन में भी लोगों को गर्मकपड़े पहनने पड़ रहे हैं।

ये खबर भी पढ़ें:-राजस्थान के रण में आज 7 दिग्गजों का हल्ला बोल…अजमेर में शाह तो वागड़-मेवाड़ में प्रियंका भरेंगी हुंकार