BJP का कांग्रेस को घेरने का प्लान… 3 माह का रोडमैप किया तैयार, सरकार की कमी करेंगे उजागर

भाजपा ने कांग्रेस को घेरने के लिए आगामी तीन महीने का प्लान तैयार कर लिया हैं।

CP Joshi

Rajasthan Assembly Elections : जयपुर। भाजपा ने कांग्रेस को घेरने के लिए आगामी तीन महीने का प्लान तैयार कर लिया हैं। इसके तहत भाजपा राज्य सरकार की हर कमी को उजागर करेगी और जनता में कांग्रेस सरकार के खिलाफ माहौल बनाएगी। भाजपा प्रदेश कार्यालय जयपुर में बुधवार को चुनाव प्रबंधन समिति की कार्यशाला में यह निर्णय लिया गया हैं। इसके साथ ही आगामी तीन महीने के लिए प्रदेश भाजपा ने अपने कार्यक्रमों की रूप-रेखा और रोडमैप तैयार कर लिया है। इसके लिए सुझाव मांग कर चुनावों की रणनीति पर चर्चा भी की है। वहीं मतदाताओं को साधने के लिए बूथ स्तर और घर-घर तक भाजपा कार्यकर्ताओं ने पहुंचने की योजना तैयार की हैं। 

कार्यशाला में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि पार्टी में जिस कार्यकर्ता को जो काम दिया जाए और दिया गया है उसे तय डेडलाइन पर पूरा करना हैं। उन्होंने कहा कि समय कम है, इसलिए आगामी चुनाव को लेकर तैयार रहें। वहीं कोई कार्यकर्ता यह नहीं सोचे कि उसके काम को कोई देख नहीं रहा। संगठन में काम को जांचने वाली और परखने वाली हजारों आंखे होती हैं। लाभार्थियों के पास जाकर मोदी सरकार की योजनाओं की समीक्षा करें। टोली बनाकर सामंजस्य से काम करें और भाजपा को जीत दिलाने में जुट जाएं। 

प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने कहा कि कार्यशाला में कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर से लेकर मंडल और विधानसभा स्तर तक पहुंचकर हर मतदाता से संपर्क करने की रूपरेखा तैयार की गई है। कांग्रेस के इस शासन काल में महिला उत्पीडन, भ्रष्टाचार, बदहाल कानून व्यवस्था, युवाओं, दलितों और किसानों को लेकर इस सरकार में रह गई हर कमी को भाजपा उजागर करेगी और कांग्रेस के खिलाफ माहौल तैयार करेगी। कांग्रेस को घेरेने को लेकर तमाम अभियान और कार्यक्रमों की रणनीति तैयार की है।  

BJP कार्यकर्ताओं का नए वोटर्स पर रहेगा फोकस

भाजपा नेताओं की ओर से कार्यकर्ताओं को नए वोटर्स पर फोकस करने को कहा गया हैं। भाजपा पदाधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में लाखों नव मतदाता पहली बार वोट डालेंगे। इसके लिए भाजपा युवा मोर्चा की टीम नव मतदाता अभियान के तहत सेल्फी कार्यक्रम भी चला रही हैं। इस कार्यक्रम के दौरान नवमतदाताओं से कॉलेज, छात्रावास और अन्य स्थानों पर व्यक्तिगत मिलकर राष्ट्रप्रथम के संकल्प से भी जोड़ा जाएगा।

भाजपा की नीतियों और कें द्र सरकार की लोककल्याणकारी योजनाओं से भी अवगत कराने का काम किया जाएगा। वहीं युवाओं, किसानों से कांग्रेस की वादाखिलाफी, महिला अपराध, पेपर लीक के मुद्दों पर राज्य सरकार को घेरा जाएगा। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष सरदार अजयपाल, जितेन्द्र गोठवाल, संतोष अहलावत, प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा, मोतीलाल मीणा और दामोदर अग्रवाल सहित मोर्चा, प्रकोष्ठ और अन्य भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे। 

महिला अत्याचारों को लेकर घेरा 

वहीं प्रदेश कार्यालय से भाजपा विधायक व प्रदेश प्रवक्ता अनिता भदेल और प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष अहलावत ने प्रेसवार्ता कर कांग्रेस सरकार पर जुबानी हमला बोला। भदेल ने कहा कांग्रेस सरकार के मंत्रियों और विधायकों के बेटे भतीजे और रिश्तेदार खुद दुष्कर्म के आरोपी हैं। महिला दुष्कर्म और उत्पीडन के मामलों के अलावा प्रदेश में नशे और चाईल्ड पोर्नोग्राफी के मामले भी सामने आ रहे हैं। जयपुर में चाईल्ड पोर्नोग्राफी के विडियो वायरल हो रहे हैं। इस पर अहलावत ने कहा कि प्रदेश में दुष्कर्म और महिला उत्पीड़न के मामले इस कदर बढ़े हैं कि कोई भी माता-पिता अपने बच्चों को घर से बाहर भेजने से भी डरता है। अब समय आ गया प्रदेश की महिलाओं को खुद ही अपनी रक्षा करनी पड़ेगी।

ये खबर भी पढ़ें:-विधानसभा चुनाव की तैयारी… गोगोई को मिली राजस्थान की कमान, CM गहलोत और जोशी भी शामिल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *