महिला कार्मिकों ने हाथों में सजाई मेहंदी, बोलीं-मांगें नहीं मानी तो करेंगे उग्र आंदोलन

वेतन विसंगति सहित विभिन्न मांगों को लेकर महिला स्वास्थ्य कर्मियों का धरना लगातार 11वें दिन भी जारी है।

image 2023 05 15T131656.707 | Sach Bedhadak

झुंझुनूं। वेतन विसंगति सहित विभिन्न मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट पर महिला स्वास्थ्य कर्मियों का धरना लगातार 11वें दिन भी जारी है। सोमवार को महिला कार्मिकों ने हाथों में मेहंदी सजाकर सरकार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया। महिलाओं ने हाथों में ग्रेड पे 3600, पदनाम परिवर्तन और पदोन्नति जैसी मांगों को मेहंदी से लिखा और गहलोत सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इधर, हड़ताल के चलते जिले में स्वास्थ्य सेवाएं बाधित हो रही है। टीकाकरण भी प्रभावित है। लेकिन, सरकार इनकी मांगों पर अमल नहीं कर रही है।

इस मौके पर महिला कर्मचारी नेताओं ने कहा कि नर्सेज दिवस पर प्रदेशभर की हजारों की महिला कार्यकर्ता जयपुर में इकट्ठा हुई थी। लेकिन अभी तक सरकार के कान पर जूं तक नहीं रेंगी है। अब आंदोलन को उग्र करने का निर्णय लिया गया है। रोड जाम जैसे विरोध-प्रदर्शनों की तैयारियां की जा रही है। साथ ही सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि मांगें नहीं माने जाने तक वे धरना खत्म करने वाली नही है।

इससे पहले महिला कार्मिकों ने शहीद कर्नल जेपी जानू स्कूल से लेकर कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली थी। इस धरना-प्रदर्शन में जिलेभर की विभिन्न ब्लॉकों की एएनएम व एलएचवी शामिल हुई थी। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि एएनएम-एलएचवी और बीएचएस नर्सिंग संवर्ग अपनी मांगों को लेकर धरने पर है, लेकिन सरकार की ओर से कोई सुध नहीं ली जा रही है। जिसके चलते कार्यकर्ताओं में आक्रोश व्याप्त है।

ये है प्रमुख मांगें

  1. एएनएम की ग्रेड पे 2800 से 3600 रुपए करने।
  2. एलएचवी की 3600 से 4200 और 4800 से 5200 करने।
  3. एलएचवी एएनएम नर्सिंग संवर्ग का पदनाम बदलने।
  4. मोबाइल एप से पूरी तरह से मुक्त करने।
  5. एएनएम नर्सिंग सर्विस रूल्स में परिवर्तन कर शैक्षणिक योग्यता 10वीं से 12वीं करने।्र

ये खबर भी पढ़ें:-पूर्व विधायक के बेटे ने तीसरे दिन अस्पताल में दम तोड़ा, पत्नी के गम में FB पर लाइव आकर खाया था जहर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *