प्रियंका गांधी का 5 दिन में दूसरा राजस्थान दौरा, झुंझुनूं में चुनावी आगाज आज…कांग्रेस खेल सकती है बड़ा दांव

प्रदेश में चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई हैं, राजनीतिक पार्टियां जनता को अपने पक्ष में लुभाने के लिए पूरा जोर लगा रही हैं।

Priyanka Gandhi

Priyanka Gandhi Jhunjhunu tour : जयपुर। प्रदेश में चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई हैं, राजनीतिक पार्टियां जनता को अपने पक्ष में लुभाने के लिए पूरा जोर लगा रही हैं। कांग्रेस-भाजपा अपने सभी स्टार प्रचारकों के साथ चुनावी रण में हैं। इस बीच कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी आज एक बार फिर राजस्थान के दौरे पर आ रही हैं।

झुंझुनूं में प्रियंका गांधी की सभा होगी। सभा में प्रियंका प्रदेश की महिलाओं के लिए कोई बड़ी घोषणा कर सकती हैं। बता दे कि ये प्रियंका गांधी पांच दिन में दूसरी बार राजस्थान यात्रा है। इससे पहले 20 अक्टूबर को प्रियंका गांधी ने दौसा में एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया था। अब प्रियंका झुंझुनूं में चुनावी जनसभा करेंगी।

पूर्व केंद्रीय मंत्री की प्रतिमा का करेंगी अनावरण 

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी झुंझुनूं जिले के अरड़ावता में पूर्व केंद्रीय मंत्री शीशराम ओला की प्रतिमा का अनावरण कर जनसभा को संबोधित करेंगी। विधानसभा चुनाव को लेकर प्रियंका गांधी का यह राजस्थान में तीसरा दौरा है। इससे पहले प्रियंका गांधी निवाई और सिकराय में जनसभाओं को संबोधित कर चुकी हैं।

इस दौरान मुख्यमंत्री गहलोत समेत प्रदेश के कई मंत्री और विधायक मौजूद रहेंगे। पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट भी बुधवार को अरड़ावता पहुंचेंगे। जनसभा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखजिदंर सिंह रंधावा भी मौजूद रहेंगे।

महिलाओं के लिए कर सकती हैं बड़ी घोषणा 

प्रियंका गांधी के झुंझुनूं दौरे को लेकर मुख्यमंत्री गहलोत के एक एक्स संदेश ने प्रदेश की राजनीति में गर्माहट पैदा कर दी। दरअसल, मुख्यमंत्री गहलोत ने एक्स पर लिखा कि बुधवार को प्रियंका गांधी झुंझुनूं में दोपहर 12:30 बजे राजस्थान की गृहणियों के लिए कुछ बड़ी घोषणाएं करेंगी। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि अपने स्मार्टफोन से प्रियंका गांधी को जरूर देखिएगा, यानी गहलोत ने इसी बहाने अपनी स्मार्टफोन योजना का भी जिक्र कर दिया। 

सियासी गलियारे में चर्चाओं का बाजार गर्म

अशोक गहलोत के इस ट्वीट के बाद सियासी गलियारे में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। कुछ राजनीति के बड़े दिग्गज प्रियंका गांधी के इस दौरे को लेकर तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं। माना जा रहा है कि झुंझुनूं की रैली में प्रियंका गांधी महिलाओं के लिए मुफ्त बस सेवा का ऐलान या उनकी पॉकेट मनी के लिए घोषणा कर सकती हैं, इससे प्रदेश की लाखों-करोड़ों महिलाओं को फायदा मिल सकता है।

कर्नाटक और हिमाचल की तर्ज पर लड़ेगी चुनाव

गहलोत की पोस्ट के बाद सियासी जानकार इसे कांग्रेस के गारंटी कार्ड वाले दांव से भी जोड़कर देख रहे हैं। इसका सीधा फायदा कांग्रेस को कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश में पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान मिला था और यही गारंटी कार्ड वाला दांव कांग्रेस मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी खेल रही है। अब यह देखना बेहद दिलचस्प होगा कि इन घोषणाओं का कितना असर होता है।

ये खबर भी पढ़ें:-करप्शन मामले में ACB-DLB अफसरों में खींचतान, दोषी पाए जाने के बाद भी केस दर्ज नहीं, जानें-पूरा मामला