33 की जगह 50 जिलों में खुले ‘खेलो इंडिया’ सेंटर्स, केंद्रीय मंत्री से बोले चांदना, CM गहलोत की तारीफ में गढ़े कसीदे

केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में आज प्रदेश में आवंटित 33 ‘खेलो इंडिया’ सेंटर्स का शुभारंभ किया।

Ashok Chandna

Khelo India centers : जयपुर। केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में आज प्रदेश में आवंटित 33 ‘खेलो इंडिया’ सेंटर्स का शुभारंभ किया। इस मौके पर राजस्थान के युवा एवं खेल मामलों के मंत्री अशोक चांदना ने सीएम गहलोत की तारीफ में जमकर कसीदे गढ़े। साथ ही केंद्रीय मंत्री ठाकुर से मंत्री चांदना ने 33 जिलों की जगह 50 जिलों में खेलो इंडिया सेंटर्स खोले जाने की मांग की, ताकि प्रदेश के सभी खिलाड़ियों को इसका फायदा मिले।

खेलो इंडिया सेंटर्स के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री चांदना ने कहा कि केंद्र सरकार ने देशभर में 960 खेलो इंडिया सेंटर्स खोलने की योजना बनाई है। जिनमें से 682 स्थापित हो चुके है। केंद्र की इस योजना से आने वाले समय में खेलों में नई क्रांति आने वाली है। साथ ही उन्होंने कहा जब ये योजना बनाई गई, तब राजस्थान में 33 जिले थे। लेकिन, अब राजस्थान में 50 जिले हो गए है। ऐसे में केंद्रीय मंत्री से आग्रह है कि 33 जिलों के अलावा प्रदेश के नए जिलों में भी खेलो इंडिया सेंटर्स खोले जाएं। अगर ऐसा हुआ तो राजस्थान को कोई भी जिला इस योजना से अछूता नहीं रहेगा।

अब खेलों पर 500 करोड़ रुपए हो रहे खर्च

उन्होंने कहा कि राजस्थान में पहले कभी खेल विभाग का 40-50 करोड़ का बजट हुआ करता था, लेकिन अब 500 करोड़ रुपए का बजट हो गया है। स्पोर्ट्स स्कूल को नवाचार के तौर पर अपनाने के मामले में राजस्थान देश का पहला प्रदेश बन गया है। ग्रामीण और शहरी ओलंपिक से खेलों का नया माहौल बना है। हिट राजस्थान फिट राजस्थान मुख्यमंत्री का नारा था। सीएम गहलोत का यह आइडिया पूरे देश में जाना चाहिए।

सात संभागों में 7 स्पोर्ट्स स्कूल खुलेंगे

मंत्री चांदना ने कहा कि गहलोत सरकार ने प्रदेश में खेलों में अभूतपूर्वक कार्य किया है। सात संभागों में 7 स्पोर्ट्स स्कूल शुरू किए जाने के लिए बजट दिया गया है। जोधपुर में 50 करोड़ की लागत से खेल इंस्टीट्यूट शुरू होगा। पिछली बार ग्रामीण ओलंपिक खेलों में 30 लाख लोगों ने भाग लिया था। इस साल 58 लाख 54 हजार लोगों के साथ ग्रामीण और शहरी ओलंपिक खेल आयोजित की जा रहे हैं। 10 वर्ष से लेकर 80 वर्ष तक के लोग इसमें भाग ले रहे हैं। समारोह में मुख्य अतिथि केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर सहित क्रीड़ा परिषद अध्यक्ष कृष्णा पूनिया, मंत्री अशोक चांदना, उप नेता प्रतिपक्ष सतीश पूनियां सहित कई नेता मौजूद रहे।

दो दिवसीय दौरे पर केंद्रीय मंत्री ठाकुर

बता दें कि केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर दो दिवसीय जयपुर दौरे पर है। उन्होंने खेलो इंडिया केंद्रों के शुभारंभ के बाद दोपहर 12 बजे बिरला ऑडिटोरियम में आयोजित युवा प्रतिनिधि सम्मेलन में भाग लिया। वो सांय 5.30 बजे दूरदर्शन केंद्र में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की विभिन्न Media इकाइयों के अधिकारियों की बैठक लेंगे। इसके बाद गुरुवार सुबह 10 बजे निम्स विश्वविद्यालय में नेहरू युवा केंद्र संगठन द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय युवा उत्सव में भाग लेने के बाद दोपहर 2.30 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

ये खबर भी पढ़ें:-Chandrayaan 3 : कहीं हो रहा हवन तो कहीं पढ़ी जा रही नमाज, चंद्रयान-3 के लिए देशभर में दुआएं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *