नमस्कार, मैं अशोक गहलोत…CM की आवाज में कार्यकर्ताओं के पास गया रिकॉर्ड मैसेज, कहा- इस बार चुनौती बहुत बड़ी

राजस्थान में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान होते ही प्रदेश के सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के फोन पर एक ऑडियो संदेश भेजा जा रहा है, जो सीएम अशोक गहलोत की आवाज में रिकॉर्ड किया गया है।

sb 2 2023 10 09T172743.739 | Sach Bedhadak

Rajasthan Assembly Election 2023: राजस्थान में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान होते ही प्रदेश के सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के फोन पर एक ऑडियो संदेश भेजा जा रहा है, जो सीएम अशोक गहलोत की आवाज में रिकॉर्ड किया गया है। इस संदेश में मुख्यमंत्री गहलोत कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए सुनाई दे रहे हैं। सीएम कह रहे हैं कि कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत से ही 2018 में राजस्थान में कांग्रेस की सरकार बनी. अब इसे 2023 में भी दोहराना है।

मुख्यमंत्री ने ऑडियो संदेश में क्या कहा?

सीएम ने अपने ऑडियो संदेश में कहा, ‘नमस्कार, मैं अशोक गहलोत हूं। आप कांग्रेस परिवार के एक महत्वपूर्ण सदस्य हैं। जैसा कि आप जानते हैं कि राजस्थान में विधानसभा चुनाव की घोषणा हो चुकी है। यह आपकी दिन-रात की अथक मेहनत का ही परिणाम है कि 2018 में राजस्थान में सरकार बन सकी।

आगे ऑडियो संदेश में कहा गया कि आपके द्वारा ऐतिहासिक जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने के कारण ही कांग्रेस सरकार दोबारा इसे दोहरा सकती है। आपकी जिम्मेदारी और बढ़ जाती है. अगले दो महीनों तक हमें सभी आपसी मतभेद भुलाकर केवल पार्टी हित में काम करना होगा।’ कांग्रेस नेता राहुल गांधी के विचारों को मजबूत करने और कांग्रेस की सरकार बनाने के लिए फिर से एकजुट होकर बड़ा संकल्प लेना होगा।

मेरा आपसे विनम्र निवेदन है कि इस बार चुनौती बहुत बड़ी है। देश के सामने भी और पार्टी के सामने भी. ऐसे में हमारी जिम्मेदारी है कि हम राजस्थान में कैसे सफल हो सकें, जिससे देश में एक संदेश जाए और हम आने वाले समय में सभी चुनौतियों का सामना करने में सक्षम हो सकें। ‘काम किया दिल से, कांग्रेस फिर से.’

जल्द ही उम्मीदवारों की घोषणा की जाएगी

सीएम अशोक गहलोत का यह संदेश ऐसे समय में कार्यकर्ताओं को मिला है, जब राज्य में विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवारों की सूची जारी होने वाली है. आज दिल्ली में कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक भी हुई, जिसमें पार्टी आलाकमान के साथ उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा की खबर है. ऐसे में राजस्थान के सियासी गलियारों में सीएम के इस ऑडियो संदेश के कई मायने निकाले जा रहे हैं।

हालांकि, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पहले ही कह चुके हैं कि कांग्रेस में कोई फूट नहीं होगी। उन्होंने कहा कि हम एक हैं। हम एकजुटता से काम करते हैं। हम अब जनता के बीच जाकर राजस्थान सरकार के सभी कामों के बारे में बताएंगे और हमें पूरी उम्मीद है कि राजस्थान की जनता कांग्रेस सरकार का समर्थन करेगी।