राहुल गांधी को सजा मिलने से कांग्रेस में आक्रोश, आज राजभवन का करेंगे घेराव, CM गहलोत सहित बड़े नेता रहेंगे मौजूद

मानहानि मामले में राहुल गांधी को मिली सजा के बाद कांग्रेस में आक्रोश व्याप्त है। राहुल गांधी को प्रताड़ित करने के विरोध के कांग्रेस आज दोपहर 2 बजे राजभवन का घेराव करेगी।

congress | Sach Bedhadak

जयपुर। मानहानि मामले में राहुल गांधी को मिली सजा के बाद कांग्रेस में आक्रोश व्याप्त है। राहुल गांधी को प्रताड़ित करने के विरोध में कांग्रेस आज दोपहर 2 बजे राजभवन का घेराव करेगी। मोदी सरकार की नीतियों के विरोध में किए जा रहे विधानसभा घेराव में कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, सीएम अशोक गहलोत, पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा सहित मंत्री, विधायक और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।

जानकारी के मुताबिक कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता दोपहर 2 बजे सिविल लाइंस फाटक पर इकट्ठा होंगे। इसके बाद एक साथ राजभवन घेराव के लिए कूच करेंगे। इस विरोध-प्रदर्शन में राजस्थान कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित मंत्री, जयपुर शहर के कांग्रेस विधायक, विधायक प्रत्याशी, सांसद प्रत्याशी, बोर्ड, निगम, आयोग चेयरमैन, पीसीसी मेंबर, जिला कार्यकारिणी पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, वार्ड अध्यक्ष, मेयर और डिप्टी मेयर सहित सभी 250 वार्डों के पार्षद, कांग्रेस के अग्रिम संगठनों के प्रदेशाध्यक्ष सहित अनेक कार्यकर्ता शामिल होंगे।

कल पीसीसी में किया था कांग्रेस ने विरोध-प्रदर्शन

बता दें कि राहुल गांधी को मानहानि मामले में सजा मिलने के बाद गुरुवार को राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने पीसीसी मुख्यालय के बाहर केन्द्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया था। प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता जयपुर में जुटे और केंद्र की नीतियों को लेकर नाराजगी जाहिर करते हुए नारेबाजी कर अपना विरोध दर्ज करवाया था। प्रदर्शन से पहले पीसीसी में एक बैठक भी हुई, जिसमें राहुल गांधी के नेतृत्व में शहीद भगत सिंह, सुखदेव, राजगुरु के शहीद दिवस पर शहीदों के त्याग से प्रेरित होकर संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग के खिलाफ लड़ाई लड़ने का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया था।

डोटासरा ने बताया-क्यों सड़कों पर उतरे कांग्रेस कार्यकर्ता?

प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार की फासीवादी नीतियों और संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे हैं। राहुल गांधी की सत्य की लड़ाई में कांग्रेस का कार्यकर्ता हमेशा साथ खड़ा रहेगा। डोटासरा ने कहा कि राहुल गांधी, सावरकर नहीं है, जो लिखित में माफी मांग लें। राहुल मामले में माफी नहीं मांगेंगे। हम कोर्ट से लेकर सड़क तक लड़ाई लड़ेंगे।

डोटासरा ने पूछा कि नीरव मोदी और ललित मोदी के भ्रष्टाचार के मुकदमे नहीं है। क्या मोदी सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामले नहीं है। पूरा देश जानता है किस तरह से पेगासस लाकर दुरुपयोग किया गया। अडानी को केंद्र की ओर से पहुंचाया गया फायदा किसी से छिपा नहीं है। राहुल गांधी और उनकी विचारधारा से कें द्र के लोग इतने डरे हुए है कि राहुल गांधी को लोकसभा में बोलने का मौका तक नहीं दिया जा रहा है। डोटासरा ने कहा कि राहुल गांधी सत्य की लड़ाई लड़ रहे हैं। न्यायालय का फैसला स्थगित हो गया है, जिसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत चुनौती दी जाएगी। देश में मोदी सरकार जिस प्रकार से तानाशाही पूर्ण शासन चला रही है, उसकी कांग्रेस पार्टी निंदा करती है।

ये खबर भी पढ़ें:-2 करोड़ की रिश्वत मांगने के मामले में आया नया मोड़, जज ने किया दिव्या मित्तल की जमानत पर सुनवाई से इनकार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *