गैंगस्टर रितिक बॉक्सर को पुलिस ने जेल से किया गिरफ्तार, अशोक नगर थाना पुलिस छावनी में तब्दील

जयपुर। राजस्थान की जयपुर पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए शातिर गैंगस्टर रितिक बॉक्सर की मुसीबतें लगातार बढ़ती जा रही है। अब रितिक बॉक्सर को राजधानी…

New Project 2023 05 01T165719.241 | Sach Bedhadak

जयपुर। राजस्थान की जयपुर पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए शातिर गैंगस्टर रितिक बॉक्सर की मुसीबतें लगातार बढ़ती जा रही है। अब रितिक बॉक्सर को राजधानी के अशोक नगर थाना पुलिस ने जयपुर सेंट्रल जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। पुलिस के आला अधिकारियों ने बताया की रितिक बॉक्सर और रोहित गोदारा के नाम से सी-स्कीम स्थित एक क्लब के संचालक को धमकी दे रंगदारी की मांग की गई थी।

जिस पर अशोक नगर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया था और अब उसी मामले में पूछताछ व आगे की पड़ताल के लिए रितिक बॉक्सर को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया है। रितिक बॉक्सर को कड़ी सुरक्षा के बीच अशोक नगर थाने में रखा गया है। अशोक नगर थाने के अंदर व बाहर बैरिकेड्स लगा कर रास्ते को रोका गया है और हथियारों से लैस पुलिस कमांडों को थाने के अंदर व बाहर सुरक्षा में तैनात किया गया है। रितिक से अलग-अलग चरणों में पूछताछ की जा रही है और साथ ही उसकी गैंग के और कितने गुर्गे जयपुर में मौजूद हैं, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।

कड़ी पूछताछ के बाद थाने में एंट्री…

पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम के चलते अशोक नगर थाने के मुख्य द्वार पर बेरिकेडिंग की गई है। कड़ी पूछताछ के बाद ही बहुत जरूरी होने पर थाने के भीतर लोगों को जाने दिया जा रहा है। मीडिया को भी थाना परिसर में नहीं जाने दिया जा रहा है।

जी-क्लब फायरिंग मामले में नेपाल बॉर्डर से पकड़ा था…

28 जनवरी 2023 को जयपुर के जवाहर सर्किल इलाके में जी-क्लब पर फायरिंग मामले में पुलिस को रितिक बॉक्सर की तलाश थी। पुलिस ने रितिक बॉक्सर की सूचना देने पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। रितिक बॉक्सर के नेपाल में छुपे होने और वापस भारत आने की सूचना मिलने पर जयपुर पुलिस की एक स्पेशल टीम ने मार्च में उसे नेपाल बॉर्डर पर रक्सौल से पकड़ा था। इसके खिलाफ राजधानी जयपुर में रंगदारी मांगने के 8 मामले दर्ज हैं। इन्हीं में से एक मामले में पूछताछ के लिए अशोक नगर थाना पुलिस ने उसे प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। इससे पहले हरमाड़ा थाना पुलिस ने अप्रैल में गैंगस्टर रितिक बॉक्सर को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया था। इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में भी फिरौती के लिए धमकाने के मामले दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *