Lok Sabha Election : चुनाव प्रचार में दिखने लगी रंगत, कांग्रेस-BJP ने झोंकी ताकत, 11 को फिर आएंगे PM मोदी

Rajasthan Lok Sabha Election 2024 : प्रदेश में लोकसभा चुनाव 2024 के पहले चरण में चुनाव प्रचार को लेकर दोनों ही प्रमुख पार्टियों कांग्रेस और बीजेपी…

pm modi and rahul gandhi | Sach Bedhadak

Rajasthan Lok Sabha Election 2024 : प्रदेश में लोकसभा चुनाव 2024 के पहले चरण में चुनाव प्रचार को लेकर दोनों ही प्रमुख पार्टियों कांग्रेस और बीजेपी ने पूरी ताकत झोंक दी है। दोनों ही दलों की ओर से प्रस्तावित स्टार प्रचारकों ने चुनाव प्रचार की कमान संभाल ली है। भाजपा के स्टार प्रचारकों की सूची में सबसे ऊपर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी है। पीएम अब तक प्रदेश में तीन सभाएं कर चुके हैं। इस सप्ताह उनकी दो सभाएं और एक रोड शो प्रस्तावित है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, पीएम मोदी करौली-बाड़मेर में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में सभा कर सकते हैं और दौसा में रोड शो कर सकते हैं। दौसा में पीएम मोदी का प्रदेश में पहला चुनावी रोड शो होगा। सूत्रों के अनुसार 11 और 12 अप्रैल को पीएम मोदी का फिर से राजस्थान आने का कार्यक्रम है। पीएम 11 अप्रैल को करौली धौलपुर संसदीय क्षेत्र में महा विजय संकल्प सभा को संबोधित करेंगे। इसको लेकर बीजेपी ने तैयारियां युद्ध स्तर पर शुरू कर दी है। मोदी का 12 को बाड़मेर और दौसा में कार्यक्रम प्रस्तावित है। पीएम अब तक कोटपूतली, चूरू और पुष्कर में सभाएं कर चुके हैं।

BJP में मोदी सहित कुल 40 स्टार प्रचारक

भाजपा में स्टार प्रचारकों की सूची में पीएम नरेंद्र मोदी सहित कु ल 40 नाम हैं। इसमें से 26 नेता राजस्थान के हैं, जबकि 4 अन्य पड़ोसी राज्य के मुख्यमंत्री हैं और एक पूर्व मुख्यमंत्री हैं। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का नाम शामिल है।

इसी प्रकार जिन चार राज्यों के मुख्यमंत्रियों को राजस्थान का स्टार प्रचारक बनाया गया है, उनमें सबसे पहला नाम उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का है। उनके बाद उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिहं धामी, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का नाम लिस्ट में शामिल है। इनके अलावा हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर भी इस बार प्रदेश में प्रचार करने के लिए आने वाले हैं।

11 अप्रैल को राहुल की फलौदी-अनूपगढ़ में पहली जनसभा

वहीं, दूसरी ओर कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी चुनाव प्रचार के लिए पहली बार राजस्थान आ रहे हैं। जयपुर में चुनाव घोषणाओं को लेकर न्याय पत्र 2024 जारी करने के बाद कांग्रेस ने नेताओ के चुनावी दौरे के क्रार्यक्रम तय करना शुरू कर दिया है। केंद्रीय नेताओं में राहुल गांधी का 11 अप्रैल का दौरा तय किया गया है। राहुल गांधी अनूपगढ़ और फलौदी में चुनावी सभाएं कर करीब पांच लोकसभाओं के मतदाताओं को साधने का प्रयास करेंगे। राहुल अनूपगढ़ की चुनावी सभा से श्रीगंगानगर और बीकानेर तथा फलौदी की सभा से जोधपुर, बाड़मेर, पाली लोकसभा क्षेत्रों को लेकर फोकस करेंगे।

कांग्रेस में प्रियंका गांधी, जिग्नेश मेवाणी व कन्हैया की डिमांड

प्रदेश में पहले चरण में 12 लोकसभा क्षेत्रों में 19 अप्रैल को चुनाव होना है। कांग्रेस में स्टार प्रचारक के रूप में राहुल गांधी के अलावा प्रियंका गांधी, जिग्नेश मेवानी व कन्हैया कुमार की डिमांड ज्यादा है। हालांकि पार्टी की ओर से पहले चरण की सीटों पर प्रियंका के दौरे तय करना मुश्किल हो रहा है। प्रदेश में प्रियंका की डिमांड ज्यादा है, लेकिन वे अन्य राज्यों में व्यस्तता के चलते अभी समय नहीं दे पा रही है। ऐसे में उनके दूसरे चरण में दौरे ज्यादा होंगे। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और जिग्नेश मेवानी, कन्हैया कु मार से भी समय मांगा गया है। कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की लिस्ट में मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, सुखजिंदर सिंह रंधावा सहित कुल 40 स्टार प्रचारक तय किए गए हैं।