‘इसे पूरा करके रहूंगा….ये मेरी जिद’ प्रियंका गांधी की चुनावी रैली में CM गहलोत ने उठाया ERCP का मुद्दा

मिशन रिपीट अभियान को लेकर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने आज टोंक जिले के निवाई से चुनावी शंखनाद किया।

image 79 | Sach Bedhadak

टोंक। मिशन रिपीट अभियान को लेकर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने आज टोंक जिले के निवाई से चुनावी शंखनाद किया। इस मौके पर प्रियंका गांधी ने 1000 इंदिरा ग्रामीण रसोइयों का शुभारंभ किया। इस मौके पर चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक बार फिर ईआरसीपी का मुद्दा उठाया। सीएम गहलोत ने कहा कि मेरी जिद है कि मैं ईस्टर्न राजस्थान कैनाल प्रोजेक्ट को पूरा करके रहूंगा। साथ ही देश के खतरनाक माहौल के लिए मोदी सरकार को जिम्मेदार ठहराया।

सीएम गहलोत ने कहा कि आज देश में खतरनाक माहौल है। देश का लोकतंत्र खतरे में है। संविधान की धज्जियां उड़ाई जा रही है। हम इस माहौल में फासिस्ट ताकतों का मुकाबला कर रहे। देश में ईडी, सीबीआई जैसी संस्थाएं दबाव में हैं। कांग्रेस सरकार ने प्रदेश के हर वर्ग के लिए योजनाएं दी हैं। कांग्रेस ने योजनाओं में कमी नहीं रखी है। चिरंजीवी, ओपीएस जैसी स्कीमों की देशभर में चर्चा है।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने किसी भी वर्ग के लिए कोई कमी नहीं रखी है। जैसा कि मैंने कहा था कि आप मांगते-मांगते थक जाओगे, लेकिन मैं देते-देते नहीं थकूंगा। आज उसी रूप में हमारी सरकार काम कर रही है। 2030 का मिशन सोच-समझकर बनाया गया है। राजस्थान आज शिक्षा और स्वास्थ्य सहित कई मामलों में नंबर वन पर है। राजस्थान की आर्थिक स्थिति भी बहुत अच्छी है। वादे के मुताबिक हमनें राजस्थान में 10 योजनाएं दी। ऐसा राजस्थान में पहली बार देखने को मिला है।

देशभर में लागू हो सोशल सिक्योरिटी एक्ट

उन्होंने कहा कि हर गरीब आदमी को सोशल सिक्योरिटी का अधिकार मिलना चाहिए। चुनी गई सरकारों को परिवारों की सुरक्षा की जिम्मेदारी लेनी चाहिए। राजस्थान में ऐसा हो रहा है, इसके लिए सोशल सिक्योरिटी योजना शुरू की गई है। लेकिन मैं चाहता हूं कि देशभर में ऐसी योजना लागू होनी चाहिए। ईआरसीपी के मुद्दे पर गहलोत ने कहा कि पीएम मोदी अपने वादे से मुकर गए हैं। वो ईआरसीपी को राष्ट्रीय परियोजना घोषित नहीं कर रहे है। लेकिन, मेरी जिद है कि राजस्थान में ईआरसीपी बनाकर रहूंगा।

इंदिरा गांधी ने पाक को दो टुकड़ों में बांट दिया : रंधावा

प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि प्रियंका जी इंदिरा गांधी की पोती हैं। इंदिरा गांधी ने पाक को दो टुकड़ों में बांट दिया। हमें कोई सीबीआई, ईडी का डर नहीं है। क्योंकि जब हम अंग्रेजों से नहीं डरे तो ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स से क्या डरेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि हमें विश्वास है कि राजस्थान में कांग्रेस सरकार जरूर रिपीट होगी।

अंग्रेजी मॉडल स्कूल भी सबसे पहले राजस्थान में : डोटासरा

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि राइट टू हेल्थ पूरे देश में सबसे पहले राजस्थान में लागू किया। अंग्रेजी मॉडल स्कूल भी सबसे पहले राजस्थान में बने। यहां सत्ता और संगठन ने समन्वय के साथ काम किया और प्रदेशवासियों के लिए एक से बढ़कर एक योजनाएं दी।

पायलट बोले-वोट बटोरने का काम करने वाले कौन?

पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने कहा कि कोई कुछ भी कहे, हमें देखना होगा। कौन वो लोग हैं जो वोट बटोरने का काम करते हैं? जो सांप्रदायिक राजनीति करते हैं। उन्होंने कहा कि साल 2023 में राजस्थान समेत सभी राज्यों में कांग्रेस की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि प्रियंका और राहुल गांधी को राजस्थान की जनता दिल से चाहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *