‘चलो गांव की ओर…’ अभियान का आगाज, लोकसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने बनाई रणनीति

जयपुर। लोकसभा चुनाव और तीन सीटों पर राज्यसभा चुनाव की रणनीति को लेकर बीजेपी ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। इसी को लेकर रविवार…

New Project 2024 02 04T151203.204 | Sach Bedhadak

जयपुर। लोकसभा चुनाव और तीन सीटों पर राज्यसभा चुनाव की रणनीति को लेकर बीजेपी ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। इसी को लेकर रविवार को भाजपा मुख्यालय पर कोर ग्रुप की अहम बैठक बुलाई। इस बैठक में चुनावी मुद्दों, समीकरणों और टिकट वितरण पर मंथन किया गया। इसके साथ ही नेताओं के बीच पुराने गिले-शिकवे दूर करने और आपसी सामंजस्य मजबूत करने के लिए शेयरिंग-केयरिंग के फार्मूले पर भी काम किया गया।

बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी की अध्यक्षता में बैठक हुई। इस बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी, डॉ. प्रेमचंद बैरवा, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, कैलाश चौधरी, प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी, सह प्रभारी विजया राहटकर और पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के साथ तमाम दिग्गज नेता शामिल हुए। कोर ग्रुप की बैठक में आगामी रणनीति को लेकर चर्चा हुई। जिसमें ‘चलो गांव की ओर’ अभियान पर विशेष फोकस रहा।

बता दें कि भाजपा का आज से देश में ‘चलो गांव की ओर’ अभियान का आगाज हो गया है। इस अभियान के तहत बीजेपी गांव में लोगों से संवाद करेगी। ‘चलो गांव की ओर’ अभियान के चलते राजस्थान सरकार और नेता प्रदेश में रहेंगे। इस अभियान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित सभी मंत्री और विधायक शामिल रहेंगे। इस दौरान बीजेपी कार्यकर्ता तीन दिन तक गांवों में रात्रि विश्राम करेंगे।

बता दें कि लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा ने रणनीति बना ली है। देश में हर वर्ग तक पहुंचने के लिए बीजेपी ने तैयारी शुरू कर दी है। शहरी पार्टी समझी जाने वाली भाजपा लगातार इस मिथक को तोड़ने का प्रयास कर रही है और यही कारण की है बीजेपी केंद्र के नेतृत्व में देशभर में गांव-गांव में ढाणी तक पहुंचने के लिए नई कोशिश शुरू की है।

राजस्थान में 9 फरवरी से शुरू होगा अभियान

बीजेपी ने 4 से 11 फरवरी तक सभी गांवों में पहुंचने का लक्ष्य तय किया है। इसके लिए चलो गांव की ओर अभियान शुरू किया है, लेकिन राजस्थान में 9 से 11 फरवरी तक बीजेपी का अभियान चलेगा। इस अभियान में खुद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी के नेतृत्व में सभी जन प्रतिनिधी, भाजपा पद्वाधिकारी सहित 85 हजार से अधिक भाजपा कार्यकर्ता 54 हजार स्थानों पर एक दिवसीय रात्रि प्रवास करेंगे।

सभी नेता 24 घंटे प्रवास के दौरान गांव में प्रधामंत्री नरेंद्र मोदी की जन कल्याणकारी योजनाओं और प्रदेश सरकार की सभी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेंगे। इस दौरान लोगों से सीधा संवाद किया जाएगा। वहीं प्रवास के दौरान विकसित भारत संकल्प यात्रा से जोड़ने, ब्रांड एम्बेसेडर बनाने और नमो ऐप डाउनलोड कराने का कार्य किया जाएगा। बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल सहित सभी जन प्रतिनिधियों और पार्टी पद्वाधिकारियों के प्रवास तय किए गए। अभियान के दौरान संवाद के दौरान क्या-क्या जानकारी देनी है, इसको लेकर तैयारी की गई।

अभियान को लेकर प्रदेश समिति का गठन

गांव चलो अभियान को लेकर प्रदेश अभियान समिति का गठन किया गया है। इस समिति में एक संयोजक और 2 सह संयोजक रहेंगे। वहीं जिला अभियान समिति में एक संयोजक और 2 सह संयोजक रहेंगे। मंडल अभियान में एक संयोजक और 1 ही सह संयोजक रहेंगे। हर जगह नगर संयोजक और ग्राम संयोजक बनाए जाएंगे। जो गांव आने वाले कार्यकर्ताओं के सभी कार्यक्रम आयोजित करवाएंगे। 10 हजार आबादी वाले गांव में कार्यकर्ता भेजे जाएंगे। इस अभियान के पूरा होने के बाद भी लोकसभा चुनाव को लेकर हर 15 दिन में गतिविधियां जारी रहेंगी।

जमीन से जुड़ी पार्टी है भाजपा

बैठक के बाद उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 25 सीटों पर भाजपा जीत दर्ज करेगी और देशभर में पिछली बार से ज्यादा बहुमत पार्टी को मिलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा जमीन से जुड़ी हुई पार्टी है। हमारे कार्यकर्ता और नेता हमेशा जनता के बीच रहते हैं। अब पार्टी ने गांव चलो अभियान शुरू किया है, जिसके तहत सीएम सहित तमाम नेता एक दिन गांव में बिताएंगे।

सरकार बनने के बाद कोर कमेटी की पहली बैठक

बैठक के बाद राष्ट्रीय मंत्री अलका गुर्जर ने कहा कि प्रदेश में पार्टी की सरकार बनने के बाद कोर कमेटी की पहली बैठक हुई। इस बैठक में भाजपा के अभियानों के साथ ही लोकसभा और राज्यसभा के चुनाव को लेकर बात की गई है। उन्होंने खुद को राज्यसभा चुनाव की दौड़ में शामिल होने के सवाल पर कहा कि पार्टी जो भी फैसला लेगी और जिम्मेदारी देगी, हम उसे निभाएंगे।