उदयपुर में नदी में नहाते समय बड़ा हादसा, तीन बहनों की डूबने से मौत

उदयपुर। राजस्थान के उदयपुर से बड़ी खबर सामने आई है। यहां नदी में नहाने गईं 3 बच्चियों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में…

3 Sister Died In River in Udaipur | Sach Bedhadak

उदयपुर। राजस्थान के उदयपुर से बड़ी खबर सामने आई है। यहां नदी में नहाने गईं 3 बच्चियों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में 2 सगी बहनें और 1 बुआ की लड़की है। वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने नदी किनारे कपड़े देखे। संदेह होने पर नदी की ओर देखा तो तीनों के शव पानी में तैर रहे थे। यह घटना उदयपुर से करीब 75 किमी दूर सायरा इलाके की है।

नदी के किनारे नहाने गई थीं बच्चियां

जानकारी के अनुसार, घटना सायरा मुख्यालय से करीब 35 किमी दूर आदिवासी क्षेत्र मेर का खेत गांव की घटना है। यहां रहने वाले ओम प्रकाश गरासिया की 3 बेटियां हैं। ओम प्रकाश की छोटी बेटी अपनी मां के साथ ही खेत पर थी, जबकि 2 बेटियां रीना कुमारी (4), छोटी बहन सविता कुमारी (ढाई साल) और बुआ प्यारीबाई की बेटी जलन गरासिया (4) पुत्री कर्माराम गरासिया घर पर साथ में थीं। वहीं उनकी बहन प्यारी बाई का घर 3 किमी दूर है।

एक बच्ची जलन यहां खेलने आई थी। बुधवार शाम 6 बजे तीनों लड़कियां घर से 500 मीटर दूर नदी के किनारे पहुंच गईं। खेलते-खेलते नदी में उतरीं और डूब गईं। शाम करीब 7 बजे तक जब तीनों बच्चियां घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने उनकी तलाश की। इसी दौरान नदी की तरफ से गुजर रहे गांव के ही मंशाराम ने बच्चियों के शव नदी में तैरते हुए देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पानी लेने और नहाने जाते थे परिजन

ग्रामीणों ने बताया कि ओमप्रकाश और कर्माराम दोनों ही खेती करते हैं। आसपास पहाड़ी इलाका और जंगल है। मोबाइल नेटवर्क भी नहीं आता। इसलिए सूचना देरी से मिल पाती है। यहां पीने और नहाने के लिए लोग कुएं और नदियों पर आश्रित हैं। बच्चियों के परिवार वाले अक्सर पानी लेने और नहाने नदी पर जाया करते हैं। इसलिए बच्चियों को नदी का रास्ता पता था। सायरा थानाधिकारी प्रवीण सिंह ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद तीनों शव परिवार वालों को सौंप दिए गए हैं।