राजस्थान के रण में कांग्रेस के दिग्गजों की एंट्री… राहुल गांधी आज 3 जगह करेंगे चुनावी शखंनाद

राजस्थान में विधानसभा चुनाव का प्रचार चरम पर है। बीजेपी और कांग्रेस के दिग्गज नेता राजस्थान में ताबड़तोड़ प्रचार-प्रसार में लगे हुए हैं।

Rahul Gandhi

Rajasthan Election 2023 : जयपुर। राजस्थान में विधानसभा चुनाव का प्रचार चरम पर है। बीजेपी और कांग्रेस के दिग्गज नेता राजस्थान में ताबड़तोड़ प्रचार-प्रसार में लगे हुए हैं। एक ओर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ सहित कई दिग्गज नेता आज राजस्थान दौरे पर रहेंगे।

वहीं, राजस्थान के रण में आज से कांग्रेस के दिग्गजों की भी एंट्री हो गई। राहुल गांधी आज राजस्थान के दौरे पर आ रहे है, जो तीन विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी शंखनाद करेंगे। बता दें कि इसी सप्ताह कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और प्रियंका गांधी के भी राजस्थान दौरे प्रस्तावित है।

जानकारी के मुताबिक राहुल गांधी आज तारानगर, नोहर और सादुलशहर क्षेत्र में चुनावी सभा करेंगे। राहुल गांधी दिल्ली से रवाना होकर सुबह 10.30 बजे श्रीगंगानगर पहुंचेंगे। जहां से दोपहर 12 बजे तारानगर पहुंचेंगे और चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद दोपहर दो बजे हनुमानगढ़ के नोहर में और शाम चार बजे सादुलशहर जनसभा करेंगे। इसके बाद शाम 7 बजे सूरतगढ़ होते हुए जयपुर पहुंचेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी राहुल गांधी के साथ रहेंगे।

तीन जगह होगी राहुल की सभा

राहुल गांधी सबसे पहले चूरू जिले के तारानगर जाएंगे। जहां पर बालाजी पक्के जोहड़ के पास स्थित मैदान में दोपहर 12 बजे कांग्रेस प्रत्याशी व पूर्व राज्यसभा सदस्य नरेंद्र बुडानिया के समर्थन में चुनाव प्रचार करेंगे। इसके बाद नोहर के रीको क्षेत्र में स्थित चंद्रशेखर आजाद खेल मैदान में कांग्रेस प्रत्याशी अमित चाचाण के समर्थन में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। शाम चार बजे सादुलपुर में कांग्रेस प्रत्याशी कृष्णा पूनिया के समर्थन में वोट मांगेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे।

ये नेता रहेंगे मौजूद

राहुल गांधी की तीनों सभाओं के दौरान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद डोटासरा, पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट सहित कांग्रेस प्रत्याशी, पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल होंगे।

ये खबर भी पढ़ें:-नड्डा आज खोलेंगे चुनावी पिटारा…कर सकते हैं बड़ी घोषणाएं, अमित शाह टोंक-राजसमंद में भरेंगे हुंकार