पेपर लीक के मामलों में SIT का गठन, CM भजन लाल शर्मा के 5 बड़े ऐलान, बोले- भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस…

राजस्थान के मुख्यमंत्री बनने के बाद सीएम भजन लाल शर्मा ने CMO में पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस का संबोधित किया। इस प्रेसवार्ता में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पदभार ग्रहण करने के बाद अहम ऐलान किए है।

Rajasthan Police 2023 12 15T221500.499 | Sach Bedhadak

CM Bhajanlal Sharma: राजस्थान के मुख्यमंत्री बनने के बाद सीएम भजन लाल शर्मा ने CMO में पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस का संबोधित किया। इस प्रेसवार्ता में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पदभार ग्रहण करने के बाद अहम ऐलान किए है। इस प्रेसवार्ता में भजनलाल शर्मा ने राजस्थान में पेपर लीक के मामलों में SIT का गठन करने, प्रदेश में एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स का गठन, केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए एक मॉनिटरिंग कमेटी का गठन करने का ऐलान किया है।

महिलाओं के विरुद्ध अपराध को किया जाएगा नियंत्रित

मुख्यमंत्री ने कहा कि गत वर्षों में महिला सुरक्षा प्रदेश में एक बड़ा मुद्दा रहा है। प्रदेश की महिलाओं में सुरक्षा की भावना विकसित करने के लिए महिलाओं के विरूद्ध अपराधों के समूल उन्मूलन के लिए हमारी सरकार संकल्पित है।

उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद होनी चाहिए ताकि प्रदेश की मातृशक्ति को किसी प्रकार की परेशानी ना हो। इसके साथ ही, असामाजिक एवं आपराधिक तत्वों को चिन्हित कर उन पर कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए, जिससे महिलाओं के विरूद्ध होने वाले सभी अपराधों की पूर्णतया रोकथाम हो सके।

प्रदेश की जनता को मिलेगी भ्रष्टाचार से मुक्ति

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि पिछली सरकार में प्रदेश की जनता भ्रष्टाचार से त्रस्त रही है। अब जनता को इस समस्या से मुक्ति मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के विरूद्ध जीरो टोलरेन्स की नीति पर चलते हुए कार्य करेगी। एक भी भ्रष्टाचारी कानून के शिकंजे से बच नहीं पाएगा। लम्बित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण होना चाहिए तथा कार्यालयों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का संवेदनशीलता एवं सम्मान के साथ समाधान होना चाहिए।

पेपरलीक मामलों की जांच के लिए SIT का गठित

सीएम ने कहा कि प्रदेश में गत वर्षों में वृहद स्तर पर पेपरलीक की घटनाएं सामने आई है। इससे प्रदेश के युवाओं का मनोबल टूटा है। साथ ही, परीक्षा आयोजित करने वाली संस्थाओं के प्रति उनका विश्वास कमजोर हुआ है। गत पांच वर्षों में हुए पेपरलीक के मामलों की जांच के लिए एसआईटी गठित करने का निर्णय लिया गया है। इससे पेपरलीक जैसे जघन्य अपराध कर प्रदेश की युवा शक्ति के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले अपराधियों को सख्त सजा मिलेगी। साथ ही, भविष्य में कोई पेपरलीक की घटना न हो यह सुनिश्चित किया जाएगा।

एंटी गैंगस्टर टास्क फॉर्स का गठन

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 5 सालों में प्रदेश में बड़ी संख्या में गैंग और गैंगस्टर पनपे हैं। आमजन इनके आंतक के साये में जीवन व्यतीत करने के लिए विवश था। इनकी गतिविधियों की वजह से प्रदेश में कानून व्यवस्था चरमरा चुकी है। इसे वापस पटरी पर लाने तथा प्रदेश में शांति एवं सुशासन की पुर्नस्थापना के लिए संगठित अपराध का उन्मूलन आवश्यक है। इस हेतु एडीजीपी स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में विशेष कार्यदल (एंटी गैंगस्टर टास्क फॉस) के गठन का निर्णय लिया गया है। इसका उद्देश्य सभी प्रकार के गैंगस्टर के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करना होगा।

जनता तक पहुंचेगी जनकल्याणकारी योजनाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत प्रदेश में सभी लाभार्थियों तक जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित की जाएगी। विकसित भारत संकल्प यात्रा के माध्यम से राज्य सरकार सभी पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से जोड़कर उनके जीवन स्तर को ऊपर उठाकर उनके सशक्तिकरण का कार्य करेगी। विकसित भारत संकल्प यात्रा के द्वारा अब तक सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित सभी प्रदेशवासियों को लाभान्वित किया जाएगा।

पीएम मोदी का जताया आभार

CMO में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, जेपी नड्डा, राजनाथ सिंह, प्रदेश के तीनों केंद्रीय मंत्री, वसुंधरा राजे, सीपी जोशी, भाजपा शासित राज्यों से आए मुख्यमंत्रियों भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं का शपथ ग्रहण करके आभार जताया।