भाजपा की जनआक्रोश रैली : हर विधानसभा क्षेत्र में 10 दिन घूमाए जाएंगे रथ

कांग्रेस सरकार के 4 साल पूरे होने के विरोध में भाजपा पूरे प्रदेश में जनआक्रोश रैली निकालेगी। खबरें यह भी आ रही हैं कि भाजपा…

image 17 2 | Sach Bedhadak

कांग्रेस सरकार के 4 साल पूरे होने के विरोध में भाजपा पूरे प्रदेश में जनआक्रोश रैली निकालेगी। खबरें यह भी आ रही हैं कि भाजपा की यह जनआक्रोश रैली राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के साथ ही विरोध के तौर पर निकाली जाएगी। हालांकि इस रैली का आगाज तो आज से ही 26 नवंबर को हो जाएगा, लेकिन विधानसभा क्षेत्रों में 1 से 17 दिसंबर तक यह रैली निकाली जाएगी। बता दें कि पार्टी ने इस जनआक्रोश रैली के लिए 200 रथ तैयार किए हैं। जो हर विधानसभा क्षेत्र में 10 दिन तक घूमेंगे और कांग्रेस सरकार के खिलाफ प्रचार करेंगे।

1 दिसंबर से हर विधानसभा क्षेत्र में निकाली जाएगी रैली

जानकारी के मुताबिक इन सभी रथों को अगले सप्ताह हर जिले में रवाना किया जाएगा, वहां से ये रथ अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों के लिए भेजे जाएंगे। इसके बाद 1 दिसंबर से हर विधानसभा क्षेत्र में रैली निकाली जाएगी, जो करीब 10 दिनों तक निकलेगी। बता दें कि इन रथों के आगे 30-30 बाइक भी रहेंगी। वहीं यह रथ लोगों के घरों में कांग्रेस सरकार के खिलाफ प्रचार सामग्री बांटेगा। इस दौरान बीच-बीच में छोटी-छोटी जनसभाएं भी होंगी। इन जनसभाओं में करीब 700 लोगों को जोड़ने के लिए भी पार्टी की तरफ से दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

भारत जोड़ो यात्रा को देगी टक्कर

बीते दिनों प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह ने भाजपा नेताओं के साथ इस आंदोलन को लेकर बैठक की थी। उस समय़ उन्होंने कहा था कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राजस्थान में जनआक्रोश आंदोलन किया जाएगा। राहुल गांधी की भारत जोडो़ यात्रा तो सुबह-शाम की सैर के हिसाब से निकल रही है। जबकि भाजपा की ये जन आक्रोश यात्रा पूरे राजस्थान के 200 विधानसभा क्षेत्रों में निकाली जाएगी। हर एक विधानसभा क्षेत्र में जनआक्रोश रथयात्रा निकाली जाएगी।

जिले और विधानसभा के लिए प्रभारी नियुक्त

भाजपा ने इस जनआक्रोश रैली के लिए हर जिले के प्रभारी भी घोषित कर दिए हैं, इसके लिए पार्टी ने 44 प्रभारियों की लिस्ट पहले ही जारी कर दी थी। पूनिया के निर्देशन पर प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा ने जन आक्रोश रैली के लिए 200 विधानसभाओं में विधानसभा प्रभारियों की नियुक्ति भी कर दी है। साथ ही भाजपा ने इन 200 विधानसभाओं के प्रभारियों की लिस्ट भी जारी कर दी है। 200 विधानसभाओं में भाजपा के पूर्व विधायक जन आक्रोश रैली का जिम्मा संभालेंगे। बैठक में प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया, नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया, प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, कर्नल राज्यवर्धन राठौड़, घनश्याम तिवाड़ी, हेमराज मीणा सहित अनेक भाजपा नेता मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *