मोहन यादव आज मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री पद की लेंगे शपथ, PM मोदी-शाह समेत कई राज्यों के CM रहेंगे मौजूद

भोपाल। मध्य प्रदेश के 19वें मुख्यमंत्री के रूप में डॉ. मोहन यादव आज पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे। आज सुबह 11.30 बजे शपथ ग्रहण…

New Project 2023 12 13T075018.303 | Sach Bedhadak

भोपाल। मध्य प्रदेश के 19वें मुख्यमंत्री के रूप में डॉ. मोहन यादव आज पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे। आज सुबह 11.30 बजे शपथ ग्रहण समारोह भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में होगा। भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में होने वाले कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, कई केंद्रीय मंत्री और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। राज्यपाल मंगूभाई पटेल डॉ. मोहन यादव को मुख्यमंत्री पद की और राजेंद्र शुक्ला तथा जगदीश देवड़ा को उप मुख्यमंत्री पद शपथ दिलाएंगे। हालांकि, कुछ विधायक भी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं, लेकिन आधिकारिक रूप से अभी इसकी जानकारी नहीं दी गई है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने बताया कि पीएम मोदी सुबह 11.00 बजे विशेष विमान से भोपाल आएंगे। यहां राजा भोज एयरपोर्ट से समारोह स्थल तक हेलिकॉप्टर से पहुंचेंगे। वे करीब 2 घंटे भोपाल में रहेंगे। इसके बाद दोपहर 1.05 बजे रायपुर के लिए रवाना होंगे। उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा सुबह 10 बजे भोपाल के राजाभोज एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहीं, शाह सुबह 10.35 बजे भोपाल आएंगे।

यह खबर भी पढ़ें :- ‘हम आपको नहीं छोड़ेंगे मामा…’ शिवराज सिंह चौहान से मिल फूट-फूट कर रोई महिलाएं, वीडियो हुआ वायरल

दो हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था…

आज होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के लिए मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में डोम बनाया गया है। इसमें दो हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई। वहीं, मंच पर भी एक दर्जन से अधिक नेता मौजूद रहेंगे। प्रधानमंत्री समेत अन्य दिग्गज नेताओं के लिए लाल परेड मैदान पर ही तीन हैलीपेड बनाए गए हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11.30 बजे से 12.30 बजे के बीच शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित रहेंगे। यहां राज्यपाल मंगूभाई पटेल मुख्यमंत्री समेत अन्य मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। प्रधानमंत्री दो घंटे कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। इसके बाद करीब एक बजे रायपुर के लिए रवाना हो जाएंगे।

एमपी कैबिनेट में लागू होगा गुजरात फॉर्मूला….

मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के तुरंत बाद डॉ. मोहन यादव के मंत्रिमंडल के चेहरे तलाशने की भी तैयारी है। मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री के नाम के समान ही कैबिनेट के नाम भी चौंका सकते हैं। इस बार नए और युवा चेहरों को मंत्रिमंडल में मौका मिलने की संभावना है। मंगलवार शाम को मुख्यमंत्री ने मंत्रिमंडल को लेकर संगठन के वरिष्ठ नेताओं साथ बैठक की है। कई दावेदारों ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की है।

यह खबर भी पढ़ें :- उज्जैन में बाबा महाकाल की सरकार! यहां कैसे रूकेंगे MP के नए मुखिया मोहन यादव? जो रूका उसकी गिर गई सरकार

ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि प्रदेश में गुजरात की तर्ज पर ही मुख्यमंत्री के समान ही पिछली पूरी कैबिनेट को बदला जा सकता है। इसमें कुछ पुराने चेहरे को छोड़कर नए चेहरे शामिल हो सकते हैं। इससे केंद्रीय नेतृत्व कार्यकर्ताओं को पार्टी में उनके आगे बढ़ने की संभावना का संदेश देना चाह रहा है, ताकि आगामी लोकसभा चुनाव में हर कार्यकर्ता पूरी ताकत और मेहनत के साथ काम में जुट जाए।