टीम इंडिया के कैप्टन ‘रो-हिट’ ने बनाए कई रिकॉर्ड, सचिन-गेल सहित कई खिलाड़ियों को छोड़ा पीछे

टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने वर्ल्ड कप 2023 के 9वें मैच में अफगानिस्तान के खिलाफ खेलते हुए रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी।

Rohit Sharma

नई दिल्ली। टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने वर्ल्ड कप 2023 के 9वें मैच में अफगानिस्तान के खिलाफ खेलते हुए रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। रोहित जहां आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप में सबसे अधिक शतक जड़ने वाले खिलाड़ी बन गए हैं, वहीं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे अधिक छक्के जड़ने वाले खिलाड़ी भी हो गए। 

इसके साथ ही वनडे वर्ल्ड कप में सबसे तेज 1000 (19 मैच) रन बनाने वाले वॉर्नर की बराबरी भी कर ली है। रोहित शर्मा ने वर्ल्ड कप में बतौर भारतीय सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। रोहित ने केवल 63 गेंदों में शतक मुकम्मल किया। इसके पहले कपिल देव (72 गेंद) के नाम यह रिकॉर्ड था। कपिल देव का यह रिकॉर्ड 40 साल बरकरार रहा।

WC शतकों में तोड़ा सचिन का रिकॉर्ड 

रोहित शर्मा आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। रोहित ने अफगानिस्तान के खिलाफ मैच में 7वां शतक जमाया। उन्होंने इस मामले में भारत के महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ दिया। सचिन ने वर्ल्ड कप में 6 शतक जमाए हैं।

नवीन की गेंद पर मारा 554वां छक्का 

अफगानिस्तान के खिलाफ खेलते हुए रोहित शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय क्रिके ट में छक्कों का बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। नवीन उल हक की गेंद पर छक्का जड़ते ही उन्होंने वेस्टइंडीज के खतरनाक खिलाड़ी क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। गेल ने टेस्ट, वनडे और टी20 में सबसे कु ल 553 छक्के जमाए हैं। रोहित अब तक 554 छक्के जमा चुके हैं। 

वर्ल्ड कप में सबसे तेज 1,000 रन 

रोहित शर्मा ने वर्ल्ड कप की 19 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की। ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर ने भी 19 पारियों में ही अपने 1,000 वर्ल्ड कप रन पूरे किए। वॉर्नर ने भी इसी वर्ल्ड कप में यह उपलब्धि हासिल की। वैसे, बताैर भारतीय रोहित शर्मा ने सचिन तेंदुलकर के वर्ल्ड कप में सबसे तेज 1,000 रन का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है। सचिन तेंदुलकर ने 20 पारियों में 1,000 रन बनाए थे।

अफगानिस्तान को किया पराजित 

अफगानिस्तान ने नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में बुधवार को टॉस जीत पहले बैटिंग करते हुए 50 ओवर में 8 विकेट पर 272 रन बनाए। बुमराह ने 4 और जडेजा ने 2 विकेट चटकाए। जवाब में इंडिया ने कप्तान रोहित शर्मा के शानदार शतक 131 (84) और विराट 55* (56) की बदौलत लक्ष्य सिर्फ 2 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया।

ये खबर भी पढ़ें:-IND vs AFG ODI World Cup 2023: भारत ने अफगानिस्तान को आठ विकेट से हराया, वर्ल्ड कप में दूसरी जीत