इंदौर-सूरत देश के सबसे स्वच्छ शहर…गंगा किनारे बसे वाराणसी को भी मिली जगह, देखें पुरस्कारों की लिस्ट

India Cleanest City: मध्यप्रदेश का इंदौर शहर लगातार सातवीं बार स्वच्छता में पहले स्थान पर है। केंद्र सरकार ने गुरुवार को स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 का…

New Project 2024 01 11T152206.469 | Sach Bedhadak

India Cleanest City: मध्यप्रदेश का इंदौर शहर लगातार सातवीं बार स्वच्छता में पहले स्थान पर है। केंद्र सरकार ने गुरुवार को स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 का परिणाम जारी किया। केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय द्वारा दिए गए स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 के सूची में इंदौर और सूरत को संयुक्त रूप से भारत का सबसे स्वच्छ शहर घोषित किया गया है। इसके अलावा, महाराष्ट्र की नवी मुंबई को देश का तीसरा सबसे स्वच्छ शहर घोषित किया गया। वहीं आंध्र प्रदेश का विशाखापट्‌टनम चौथे और मध्य प्रदेश का भोपाल पांचवें स्थान पर रहा।

देश के स्वच्छ राज्यों की कैटेगरी में इस बार महाराष्ट्र को पहला, मध्य प्रदेश को दूसरा और छत्तीसगढ़ को तीसरा स्थान मिला। बता दें कि पिछली बार मध्य प्रदेश पहले स्थान पर था। वहीं चंडीगढ़ ने स्वच्छता कर्मचारियों के लिए सर्वोत्तम सुरक्षा मानकों वाले शहर का पुरस्कार जीता है। इसे सफाईमित्र सुरक्षित शहर का नाम दिया गया है। वाराणसी को सबसे स्वच्छ गंगा शहर का खिताब दिया गया। वहीं, प्रयागराज दूसरे स्थान पर रहा। जनसंख्या के हिसाब से नोएडा को भी पुरस्कार मिला है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिल्ली के भारत मंडपम कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान शहरों और राज्यों के प्रतिनिधियों को पुरस्कार सौंपे। साल 2023 के पुरस्कारों के लिए 4,416 शहरी स्थानीय निकाय, 61 छावनियां और 88 गंगा शहर शामिल थे।

दुनिया का सबसे बड़ा शहरी स्वच्छता सर्वेक्षण…

भारत का स्वच्छता सर्वेक्षण दुनिया का सबसे बड़ा शहरी स्वच्छता सर्वेक्षण है। शहरों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए 2016 में इसकी शुरुआत की गई थी। इस बार सर्वे की थीम वेस्ट टू वेल्थ रखी गई थी। स्वच्छता सर्वेक्षण के 8वें सीजन के तहत 2023 में 4500 से ज्यादा शहरों को लिस्ट में रखा गया था। एक जुलाई से 3 हजार कर्मचारियों को इन शहरों में स्वच्छता का मूल्यांकन करने का काम सौंपा गया था। शहरों का आंकलन 46 पैरामीटर पर किया गया। इसमें करीब 10 करोड़ नागरिकों से फीडबैक लेने का लक्ष्य था।