पार्टी के खिलाफ टिप्पणी कर रहे कांग्रेस नेताओं को जयराम रमेश की दो टूक, जियो और जीने दो

इस समय भारत जोड़ो यात्रा कोटा में निकाली जा रही है। आज यात्रा के तीसरे दिन पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने प्रेस कांफ्रेंस की। जिसमें…

image 2022 12 07T115854.173 | Sach Bedhadak

इस समय भारत जोड़ो यात्रा कोटा में निकाली जा रही है। आज यात्रा के तीसरे दिन पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने प्रेस कांफ्रेंस की। जिसमें उन्होंने कई जानकारी साझा की और कई मुद्दों पर बातचीत की। जयराम रमेश ने यहां पार्टी के खिलाफ टिप्पणी करने वाले कांग्रेस नेताओं के लिए भी कहा कि जियो और जीने दो। उन्होंने कहा कि ऐसी बात सिर्फ यहां नहीं कई राज्यों में हो रही है। आपकी जो भी समस्या है वो आप चर्चा कर हल करें। यही तो लोकतंत्र है।

10 दिसंबर को यात्रा में सिर्फ महिलाएं चलेंगी

भारत जोड़ो यात्रा को लेकर जयराम रमेश ने कहा कि देखिए सुबह इतने अंधेरे मे भारत जोड़ो यात्रा निकल रही है। लेकिन फिर भी इतनी सर्दी में, अंधेरे में महिलाएं, बच्चे राहुल गांधी से मिलने के लिए, भारत जोड़ो यात्रा के लिए इंतजार करते हैं। वे यात्रा में शामिल होते हैं, यही तो भारत का लोकतंत्र है। इंदिरा गांधी की जयंती के दिन भारत जोड़ो यात्रा में सिर्फ महिलाएं चली थीं। मध्य प्रदेश में भी एक दिन महिलाओं के लिए रखा गया था। जयराम रमेश ने कहा कि आने वाले 10 दिसबंर को भी अब यात्रा में सिर्फ महिलाएं चलेंगी। वो ऑल महिला दिवस होगा। उस दिन सभी महिलाएं निकलेंगी। चाहे वो कार्यकर्ता हों, गृहणी हो या किसी भी पेशे से हों।

अलवर में 18-19 दिसंबर को होगी बड़ी रैली

जयराम रमेश ने कहा कि पिछले 90 दिनों में अब तक करीब 76 संस्थाओं ने राहुल गांधी के साथ मुलाकात की। इनमें दलित संस्थाएं हैं। छात्र संगठन हैं, वकीलों का डेलिगेशन हैं, अध्यात्मिक लोगों के, कर्मचारियों के और कई तमाम ऐसी संस्थाएं हैं। राहुल गांधी उनकी सभी मांगे सुनते हैं और उनके निवारण की कोशिश करते हैं। जयराम रमेश ने कहा कि अब तक करीब 190 संस्थान राहुल गांधी के साथ यात्रा में चले हैं, तब भी उनसे बातचीत होती है और अभी भी 158 संस्थाएं राहुल गांधी से मिल रही हैं। आज राजस्थान मजदूर संघ के लोगों ने उनसे आज बातचीत की। उन्होंने कई नुक्कड़ सभाएं भी की हैं। पिछले 90 दिनों में 60 ऐसी नुक्कड़ सभाएं हुई हैं 8 बड़ी रैलियां हुई हैं। राजस्थान के अलवर में 18-19 दिसंबर को ऐसी रैली होगी। जिसमें कई लोग आएंगे और उनसे बातचीत करेंगे और राहुल गांधी उन्हें संबोधित करेंगे। जयराम रमेश ने कहा कि आज भी आदिवासी संगठन का एक प्रतिनिधिमंडल आया था। उन्होंने भी अपनी कई मांगे रखी हैं।

जयराम रमेश ने यात्रा के शेड्यूल की जानकारी देते हुए कहा कि कल 8 दिसंबर को हम पूरे 23 किमी लगातार चलेंगे। 9 दिसंबर को विश्राम का दिन हैं लोग थोड़ा आराम करेंगे। जयराम रमेश ने कहा कि मैंने राजस्थान में भारत जोड़ो यात्रा को लेकर जो उत्साह देखा है वैसा कहीं नहीं देखा।

लंबी है यात्रा इसलिए शेड्यूल में होता है बदलाव

यात्रा के शेड्य़ूल में परिवर्तन को लेकर जयराम रमेश ने कहा कि ये लंबी यात्रा है। तो आप खुद सोचिए कि यात्रा के लिए या किसी इवेंट के लिए कैसे कोई सटीक तारीख बताई जा सकती है। इसलिए मैं कभी तारीख नहीं बताता मैं सिर्फ उस दिन के आस पास की तारीख बताता हूं। इसे लेकर जो भ्रांतिया फैलाई जा रही हैं वह गलत हैं। हम राजस्थान में 16 दिन रुक रहे हैं इसमें हम 2 दिन विश्राम के ले रहे हैं और मैं यह भी कहता हूं कि इसमें भी बदलाव हो सकता है। क्योंकि ये बहुत लंबी यात्रा है। हर एक राज्य में अंतिम समय में बदलाव किए गए हैं। मैं जानता हूं कि इससे कई लोग निराश होते हैं, लेकिन यह वास्तविक हैं, मैं बोल चुका हूं कि यह लंबी यात्रा है इसमें कोई राजनीति जैसी चीज नहीं है।

जियो और जीने दो की राह पर चलती है कांग्रेस

वहीं दिल्ली में MCD चुनाव पर उन्होंने कहा कि अभी तक रिजल्ट पूरे नहीं आए, हमारा वोट शेयर बढ़ा है। कांग्रेस के कुछ नेताओं के अपनी ही पार्टी के खिलाफ टिप्पणी के मामले में उन्होंने कहा कि पार्टी जियो और जीने दो की राह पर चलती है, यही तो लोकतंत्र है। कांग्रेस की यही परिभाषा है यहां हर कोई अपनी बात रख सकता है औऱ जो लोग राहुल गांधी को अपनी समस्याओं को लेकर ज्ञापन देना चाहते हैं उनका स्वागत है आप चर्चा करिए। चर्चा से हर समस्या का समाधान हो सकता है।

यह भी पढ़ें- राहुल गांधी ने लोक कलाकारों से की चर्चा, अरुणा रॉय भी यात्रा में हुई शामिल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *