IndiGo ने नए साल पर यात्रियों को दिया बड़ा तोहफा, आज से सफर करना हुआ सस्ता

नई दिल्ली। अगर आप इंडिगो फ्लाइट से सफर करते हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है। नए साल पर इंडिगो एयरलाइन ने यात्रियों को बड़ा…

New Project 2024 01 04T193621.673 | Sach Bedhadak

नई दिल्ली। अगर आप इंडिगो फ्लाइट से सफर करते हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है। नए साल पर इंडिगो एयरलाइन ने यात्रियों को बड़ा तोहफा दिया है। अब आपको इंडिगो फ्लाइट की टिकट के लिए कम पैसे खर्च करने पड़ सकते हैं। दरअसल, इंडिगो एयरलाइन ने अपने टिकटों पर फ्यूल चार्ज वसूलना बंद कर दिया है। एयरलाइंस ने आज यानी गुरुवार 4 जनवरी से फ्यूल चार्ज हटाने की घोषणा की है। इंडिगो एयरलाइन के मुताबिक, घरेलू और अंतरराष्ट्रीय रूट ये 4 जनवरी 2024 से लागू कर दिया गया है।

क्यों फ्यूल चार्ज हटाने का लिया फैसला…

भारतीय एविएशन सेक्टर में बड़ी प्लेयर और देश की सबसे बड़ी मार्केट शेयर वाली एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने इस संबंध में एक बयान जारी किया है। कंपनी ने अपने बयान में कहा है कि इंडिगो एयरलाइन को फ्यूल सरचार्ज हटाने की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है। यह घरेलू और अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर आज से लागू हो गया है।

अक्टूबर 2023 में कंपनी ने लगाया था चार्ज…

एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी होने के बाद बीते साल अक्टूबर 2023 में इंडिगो ने फ्यूल सरचार्ज लगाया था। ये फ्यूल सरचार्ज एयरलाइंस के यात्रियों को सफर की दूरी के हिसाब से करना होता था, लेकिन अब उन्हें इस चार्ज से निजात मिल गई है और इसके हटने के बाद इंडिगो फ्लाइट से सफर करने वालों के लिए टिकट सस्ता हो सकता है।

एक रिपोर्ट के मुताबिक, एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएएफ) किसी एयरलाइन के ऑपरेटिंग खर्च का एक बड़ा हिस्सा होता है। एटीएएफ की कीमतें बढ़ने से लागत बढ़ जाती है। अभी तक फ्यूल चार्ज के तौर पर 300 रुपए से लेकर 1000 रुपए तक वसूले जा रहे थे।

रोजाना 1900 से ज्यादा फ्लाइट ऑपरेट करती है इंडिगो…

इंडिगो के पास 320 से ज्यादा विमानों का बेड़ा है। अपने बेड़े के साथ इंडिगो रोजाना 1900 से ज्यादा फ्लाइट ऑपरेट करती है। ये एयरलाइन 81 डोमेस्टिक डेस्टिनेशन और 32 इंटरनेशनल डेस्टिनेशन को कवर करती है। भारत में सबसे ज्यादा मार्केट शेयर इंडिगो का ही है।

लगातार तीन महीनों से घट रहे दाम…

एटीएफ की कीमतों में गिरावट आने के बाद हाल ही में साल 2024 की शुरुआत के पहले ही दिन यानी 1 जनवरी को हवाई सफर करने वाले यात्रियों के लिए खुशखबरी आई थी। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने एटीएफ के दाम घटाए थे। आईओसीएल की वेबसाइट के मुताबिक, राजधानी दिल्ली में एविएशन टर्बाइन फ्यूल यानी एटीएफ में 4 फीसदी की कटौती की गई है, जिसके बाद एटीएफ के दाम 4,162.50 रुपए प्रति किलोलीटर घटकर 1,01,993.17 रुपए प्रति किलोलीटर पर आ गए हैं। नवंबर 2023 के बाद से तेल कंपनियों के द्वारा जेट फ्यूल की कीमतों में की गई ये लगातार तीसरी कटौती थी।

इंडिगो को 189 करोड़ रुपए का मुनाफा…

दूसरी तिमाही में इंडिगो को 188.9 करोड़ रुपए का फायदा हुआ था। 5 साल में यह पहला मौका था जब एविएशन कंपनी को किसी भी वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में मुनाफा हुआ था। आम तौर पर इस तिमाही को एविएशन इंडस्ट्री के लिए कमजोर मांग वाला सीजन माना जाता है।

फ्यूल चार्ज लगाने के बाद स्टॉक में आई थी तेजी…

अक्टूबर में फ्यूल चार्ज लगाने से पहले इंडिगो के शेयर की कीमत 2400 रुपए के करीब थी, जो अब बढ़कर 3000 के करीब पहुंच गई है। यानी 3 महीने में स्टॉक करीब 25 फीसदी बढ़ चुका है। शेयर में तेजी के कारण मार्केट कैप के हिसाब से इंडिगो 13 दिसंबर को दुनिया की छठी सबसे बड़ी एयरलाइन बन गई थी। इंडिगो ने अमेरिका की यूनाइटेड एयरलाइंस को पीछे छोड़ दिया था।