प्रियंका का केंद्र पर किया तीखा प्रहार, बोली-‘किसानों को कुचलने वालों के घर पर क्यों नहीं चलवाया बुलडोजर?’

प्रियंका गांधी ने कहा कि जब-जब इनका (बीजेपी) बुलडोजर चलता है तो किसके घरों में चलता है? जिसने 6 किसानों को अपनी जीप के नीचे कुचला क्या उसके घर पर बुलडोजर चला? जिसने महिलाओं के साथ अत्याचार किया उसके घर पर बुलडोजर चला?

priyanka gandhi | Sach Bedhadak

मुरादाबाद। कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का दूसरा चरण शनिवार को मुरादाबाद से फिर शुरू हो गया है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और पार्टी नेता प्रियंका गांधी खुली जीप में सवार होकर निकले। इस दौरान लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने दोनों नेताओं का स्वागत फूल बरसाकर किया। इस दौरान समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता भी हाथों में पार्टी का झंडा लेकर राहुल गांधी के साथ चलते हुए नजर आए। प्रियंका गांधी इस यात्रा में अमरोहा, संभल, बुलंदशहर, अलीगढ़, हाथरस, आगरा और फतेहपुर सीकरी तक इस राहुल गांधी का साथ देंगी। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने इस दौरान बीजेपी सरकार पर जमकर बोला।

प्रियंका गांधी ने कहा कि बार-बार केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार आ रही है, आपकी बेरोजगारी बढ़ रही है। दो साल पहले किसान आंदोलन कर रहे थे, आज भी किसान आंदोलन कर रहे हैं। तब भी उनकी सुनवाई नहीं थी आज भी नहीं है। प्रियंका गांधी ने कहा कि जब-जब इनका (बीजेपी) बुलडोजर चलता है तो किसके घरों में चलता है? जिसने 6 किसानों को अपनी जीप के नीचे कुचला क्या उसके घर पर बुलडोजर चला? जिसने महिलाओं के साथ अत्याचार किया उसके घर पर बुलडोजर चला?

यह खबर भी पढ़ें:-यूपी में काल बनकर सड़क दौड़ा ट्रैक्टर, तालाब में समा गए 20 लोग…हादसा देख हर कोई सहम उठा

प्रियंका गांधी ने कहा कि केंद्र और प्रदेश में बीजेपी की सरकार बनते ही बेरोजगारी दर बढ़ गई है…, जब तक आपको रोजगार नहीं मिलेगा, सुविधाएं नहीं मिलेंगी, पेपर लीक नहीं रुकेगा, विकास नहीं होगा। उन्होंने कहा कि बदलाव तभी होगा, जब आप अपने अनुभव के मुताबिक वोट डालेंगे।

आज यात्रा में अखिलेश यादव भी होंगे शामिल

रविवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी इस यात्रा में शामिल होंगे। आगरा के बाद यह यात्रा राजस्थान में प्रवेश करेगी। 26 मार्च तक यात्रा में विराम होगा ताकि राहुल गांधी 27 और 28 फरवरी को इंग्लैंड के कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में दो विशेष व्याख्यान दे सकें और नई दिल्ली में होने वाली पार्टी की कुछ अहम बैठकों में शामिल हो सकें । इसके बाद 2 मार्च को दोपहर दो बजे धौलपुर से एक बार फिर भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुरू होगी। यह यात्रा मुरैना, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, शाजापुर और उज्जैन सहित मध्य प्रदेश के अन्य जिलों से गुजरेगी।

भारतीय जनता पार्टी का काम ध्यान भटकाना: राहुल

पार्टी सांसद राहुल गांधी ने कहा, आपको कहा जाता है कि भाइयों और बहनों एक दूसरे से नफरत करो एक धर्म को दूसरे धर्म से लड़ाया जाता है, एक जात को दूसरी जात से लड़ाया जाता है, एक भाषा को दूसरी भाषा से लड़ाया जाता है, फिर आपका धन 24 घंटा आपसे लूटा जाता है…। अग्निवीर योजना लाई गई क्योंकि 90 फीसदी आबादी का रास्ता बंद करना था…, राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी का यही सिस्टम है। एक व्यक्ति ध्यान भटकाता है। कभी बॉलीवुड की बात करेगा, कभी सर्जिकल स्ट्राइक की बात करके आपका ध्यान भटकाएगा। उसके बाद पीछे से अडानी जी आएंगे और जेब काट जाएंगे।

दूसरी तरफ अमित शाह जी चुप बैठकर देखते रहेंगे कि अगर किसी ने कुछ किया तो मैं फिर दिखाता हूं। इसके बाद राहुल गांधी ने कहा कि मैं पूछना चाहता हूं कि इस देश में पिछड़ों की कितनी आबादी है। राहुल ने कहा कि देश में 50 फीसदी पिछड़े हैं, 15 फीसदी अल्पसंख्यक, 15 फीसदी दलित, और 8 फीसदी आदिवासी। मैं आपसे पूछना चाहता हूं कि इन 90 फीसदी की इस देश में कितनी भागीदारी है… इनमें से कितने मीडिया में हैं, कोई नहीं है। पीएम मोदी कहते हैं ‘हिंदूस्तान सबका है, ये सबका हिंदूस्तान कैसा है?’ यदि 90 फीसदी को कोई भागीदारी नहीं मिल रही है…।

यह खबर भी पढ़ें:-‘खुद के होश ठिकाने नहीं, काशी के नौजवानों को बता रहे नशेड़ी’ PM मोदी ने राहुल गांधी पर किए प्रहार