पसमांदा मुसलमानों को रिझाने में जुटी भाजपा, विपक्ष ने बताया छलावा

उत्तर प्रदेश की सभी 80 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल करने का लक्ष्य लेकर चल रही सत्तारूढ़ भाजपा आगामी नगरीय निकाय चुनावों से पहले मुसलमानों…

CM Yogi | Sach Bedhadak

उत्तर प्रदेश की सभी 80 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल करने का लक्ष्य लेकर चल रही सत्तारूढ़ भाजपा आगामी नगरीय निकाय चुनावों से पहले मुसलमानों के सबसे बड़े तबके यानी पसमांदा (पिछड़े) समाज को अपने पाले में लाने की कोशिशों में जुटी है। भाजपा प्रदेश के हर नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायत क्षेत्र में पसमांदा मुसलमानों के सम्मेलन कराने की योजना बना रही है।

पार्टी का दावा है कि वह इस वर्ग का सामाजिक और आर्थिक उत्थान करने के बाद अब उनका राजनीतिक उत्थान भी करना चाहती है। हालांकि विपक्षी दलों ने भाजपा के इन प्रयासों को छलावा करार दिया है। भाजपा इस वर्ग को‘वोट बैंक’ की तरह इस्तेमाल करने और उसे उसका वाजिब हक नहीं देने का आरोप लगाते हुए समाजवादी पार्टी, बसपा और कांग्रेस को घेर रही है। पार्टी अपनी सरकार की ओर से इस वर्ग के लिए किए गए कार्यों का भी जिक्र कर रही है। प्रदेश की भाजपा सरकार के एकमात्र मुस्लिम मंत्री दानिश अंसारी खुद भी पसमांदा समाज से आते हैं।

राजनीतिक सशक्तीकरण जरूरी

अंसारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में कहा,मुसलमानों का राजनीतिक सशक्तीकरण होना भी बहुत जरूरी है। कें द्र और राज्य सरकार ने मुसलमानों का अभी तक आर्थिक और सामाजिक सशक्तीकरण किया है। भाजपा अब मुसलमानों को भागीदारी देकर उनका राजनीतिक सशक्तीकरण करना चाहती है। आम मुसलमान यह मानता है कि उसे सरकारी योजनाओं का बिना भेदभाव के लाभ मिल रहा है और जो पार्टी उसे लाभ दे रही है, उसके साथ खड़े होना उसकी नैतिक जिम्मेदारी है।

72 विधानसभा क्षेत्रों में असर

उत्तर प्रदेश के 72 विधानसभा और लगभग 14 लोकसभा क्षेत्रों में मुस्लिम मतदाता अपना प्रभाव रखते हैं। पसमांदा मुसलमानों की संख्या को देखते हुए अगर किसी पार्टी को इस तबके का समर्थन मिलता है तो यह नतीजों पर फर्क डाल सकता है। सीएसडीएस-लोकनीति के एक सर्वे के मुताबिक इस साल के शुरू में हुए उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में करीब आठ प्रतिशत मुस्लिम मतदाताओं ने भाजपा को वोट दिया था, जो 2017 के आंकड़े के मुकाबले एक फीसदी ज्यादा रहा।

सारे प्रयास 2024 के चुनाव के लिए

दूसरी ओर संभल से सपा सांसद शफीक उर रहमान बर्क ने सवाल किया कि भाजपा को मुसलमान अचानक क्यों अच्छे लगने लगे हैं। सारा मामला 2024 के लोकसभा चुनाव का है। भाजपा चाहे जितनी कोशिश कर ले, कोई भी सच्चा मुसलमान उसे वोट नहीं देगा

जमीनी हकीकत अलग: आलम

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष शाहनवाज आलम ने पसमांदा मुसलमानों को अपने साथ जोड़ने की भाजपा की कोशिशों पर तंज करते हुए कहा,हिजाब और मुसलमानों से जुड़ी अन्य परंपराओ पर भाजपा सरकारों के रुख के बाद उन्हेंवोट नहीं मिलने वाला है। भाजपा दावा कर रही है कि उसने पसमांदा मुसलमानों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिया है लेकिन जमीनी हकीकत अलग है। भाजपा ने पसमांदा तबके से आने वाले कु रैशी समाज की रोजी-रोटी छीन ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *